रविवार के उपाय: आत्मविश्वास, सफलता और सम्मान पाने के आसान ज्योतिषीय तरीके
रविवार का दिन सूर्य देव को समर्पित माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन किए गए कुछ आसान उपाय आत्मविश्वास बढ़ाने, करियर में सफलता पाने और समाज में मान-सम्मान दिलाने में मदद कर सकते हैं.
बुधवार के आसान उपाय
हिंदू धर्म सूर्य को प्रत्यक्ष देवता और ज्योतिष शास्त्र में सूर्य देव को ग्रहों का राजा माना गया है. सूर्य ऊर्जा, आत्मबल, स्वास्थ्य, मान-सम्मान और नेतृत्व क्षमता के प्रतीक हैं. कुंडली में सूर्य यदि मजबूत स्थिति में हो तो व्यक्ति को जीवन में उच्च पद, सामाजिक प्रतिष्ठा, बेहतर स्वास्थ्य और सरकारी कार्यों में सफलता मिलती है.
वहीं सूर्य कमजोर या अशुभ स्थिति में हो तो जीवन में बाधाएं, आत्मविश्वास की कमी और कई तरह की परेशानियां देखने को मिल सकती हैं. ऐसे में रविवार का दिन सूर्य देव की कृपा पाने के लिए बेहद खास माना जाता है.
सूर्य दोष के संकेत
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार यदि कुंडली में सूर्य कमजोर हो, तो इसके कुछ सामान्य लक्षण दिखाई देते हैं. जैसे- आत्मविश्वास में कमी, सरकारी कामों में रुकावट, पिता से संबंधों में तनाव, आंखों या हृदय से जुड़ी समस्याएं, समाज में मान-सम्मान में गिरावट आती है. इन समस्याओं से राहत पाने के लिए सूर्य को मजबूत करना जरूरी माना जाता है.
रविवार का धार्मिक महत्व
रविवार सूर्य देव का दिन होता है. इस दिन सूर्योदय के समय सूर्य को अर्घ्य देना, मंत्रों का जाप करना और पूजा करना विशेष फलदायी माना गया है. मान्यता है कि इस दिन किए गए उपाय जल्दी असर दिखाते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं.
रविवार को करें ये प्रभावी मंत्र जाप
1. ॐ घृणि सूर्याय नमः
- यह सूर्य का बीज मंत्र है. इसका नियमित जाप आत्मबल बढ़ाता है और सूर्य दोष को कम करने में मदद करता है.
2. आदित्य हृदय स्तोत्र
- यह अत्यंत शक्तिशाली स्तोत्र माना जाता है. इसके पाठ से मानसिक शक्ति बढ़ती है और शत्रु बाधाएं दूर होती हैं.
3. ॐ सूर्याय नमः
- इस मंत्र का जाप करने से सम्मान, सफलता और अच्छे स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है.
4. ॐ भास्कराय नमः
- यह मंत्र व्यक्ति के तेज, ओज और आत्मविश्वास को बढ़ाता है और नकारात्मकता को दूर करता है.
जाप और पूजा की सही विधि
रविवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे लाल, पीले या केसरिया रंग के वस्त्र पहनें. इसके बाद तांबे के पात्र में जल भरकर उसमें लाल फूल, अक्षत और रोली डालें और सूर्योदय के समय सूर्य देव को अर्घ्य दें.
अर्घ्य देते समय ऊपर बताए गए मंत्रों का जाप करें. इसके बाद शांत मन से बैठकर कम से कम 108 बार किसी एक मंत्र का जप करें.
रविवार के दिन उपाय
रविवार के दिन गुड़, गेहूं, तांबा और लाल वस्त्र का दान करना शुभ माना जाता है. भोजन में नमक का सेवन कम करें. सत्य और अनुशासन का पालन करें. पिता और बड़ों का सम्मान करें, इससे भी सूर्य मजबूत होता है.




