Pitru Paksha 2026: क्या है तर्पण और पिंडदान में अंतर, जानें कब और कैसे किया जाता है
पितृ पक्ष में तर्पण और पिंडदान दोनों किए जाते हैं, लेकिन तर्पण में जल अर्पित करने की परंपरा है, जबकि पिंडदान में पिंड बनाकर पूर्वजों को समर्पित किए जाते हैं. दोनों की विधि और धार्मिक मान्यता भी अलग-अलग है.
26 सिंतबर से पितृ पक्ष की शुरुआत होने वाली है. श्राद्ध में पूर्वजों की आत्मा की शांति और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए तर्पण और पिंडदान किया जाता है. दोनों का उद्देश्य पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना है, लेकिन इनकी विधि अलग होती है. तर्पण में जल, तिल और कुश से पितरों को जल अर्पित किया जाता है, जबकि पिंडदान में चावल या जौ के आटे से पिंड बनाकर उन्हें समर्पित किया जाता है.
तर्पण के दौरान पितरों का स्मरण करते हुए अंजलि से जल अर्पित किया जाता है, वहीं पिंडदान में तैयार किए गए पिंड को विधि-विधान से पितरों के नाम पर चढ़ाया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष में दोनों अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना गया है और इन्हें श्रद्धा के साथ करने की परंपरा है.
तर्पण और पिंडदान में क्या अंतर?
तर्पण में जल चढ़ाकर पितरों को याद किया जाता है, जबकि पिंडदान में पिंड बनाकर पूर्वजों को अर्पित किए जाते हैं. दोनों ही अनुष्ठान पितरों के प्रति श्रद्धा और सम्मान जताने के लिए किए जाते हैं, लेकिन दोनों को करने का तरीका अलग होता है.
क्या होता है तर्पण?
- तर्पण का सरल अर्थ तृप्त करना या संतुष्ट करना होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तर्पण के जरिए पितरों को जल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है.
- तर्पण करते समय आमतौर पर जल, काले तिल, कुश और जौ जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है.
- तर्पण के समय पितरों को याद करके हाथों में जल लिया जाता है और उनके नाम से जल अर्पित किया जाता है.
कैसे किया जाता है पिंडदान?
- पिंडदान में ‘पिंड’ यानी गोल आकार का भोजन तैयार किया जाता है, जिसे पितरों को भोजन अर्पित करने का प्रतीक माना जाता है.
- इसे बनाने के लिए आमतौर पर चावल या जौ का आटा, दूध, दही, घी, चीनी और तिल जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है.
- पिंड तैयार करने के बाद उन्हें पितरों का स्मरण करते हुए विधि-विधान से अर्पित किया जाता है.
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गया जैसे तीर्थ स्थानों और पवित्र नदियों के किनारे पिंडदान करने का खास महत्व माना गया है.
कब किया जाता है तर्पण और पिंडदान?
तर्पण कई मौकों पर किया जा सकता है. इसे रोजाना, किसी विशेष तिथि पर या पितृ पक्ष में करने की परंपरा है. वहीं पिंडदान आमतौर पर श्राद्ध की तिथि, बरसी या किसी तीर्थ यात्रा के दौरान किया जाता है.
नोट: पिंडदान और तर्पण से जुड़ी विधियां अलग-अलग परंपराओं और क्षेत्रों में कुछ भिन्न हो सकती हैं. किसी भी अनुष्ठान को करने से पहले अपने परिवार की परंपरा या योग्य आचार्य की सलाह लेना उचित माना जाता है.




