Begin typing your search...

महाकाल के जलाभिषेक पर 500 ML की सीमा क्यों लगी? ऐसे समझें Supreme Court की फाइल में छिपी शिवलिंग संरक्षण की पूरी कहानी

महाकाल में 500 ML जलाभिषेक की सीमा क्यों लगी? Supreme Court की फाइल में दर्ज Expert Committee की रिपोर्ट से जानिए जल, पूजा सामग्री और शिवलिंग के क्षरण की पूरी कहानी.

महाकाल के जलाभिषेक पर 500 ML की सीमा क्यों लगी? ऐसे समझें Supreme Court की फाइल में छिपी शिवलिंग संरक्षण की पूरी कहानी
X

महाकाल के दरबार में या देश और दुनिया के किसी भी शिवालयों में जल की हर बूंद भक्त की आस्था से जुड़ी होती हैं. सावन हो या साल का कोई भी दिन, बाबा महाकाल के शिवलिंग पर जल चढ़ाना शिवभक्तों के लिए सिर्फ एक पूजा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति समर्पण सुकून और श्रद्धा का भाव आदिकाल से रहा है. ऐसे में जब महाकाल व देश के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए प्रति श्रद्धालु 500 ML पानी की सीमा की बात सामने आती है, तो स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है कि आखिर आस्था से जुड़े इस अभिषेक की मात्रा तय करने की जरूरत क्यों पड़ी?

जलाभिषेक 2026 के तहत जल चड़ाने की परंपरा पर सुप्रीम कोर्ट के 2 मई 2018 के फैसले चौंकाने वाले जरूर हैं, लेकिन इसे जलाभिषेक पर रोक के तौर पर देखना सही नहीं माना जा सकता. अदालत के सामने मुख्य चिंता महाकाल ज्योतिर्लिंग के संरक्षण की थी. इसी सिलसिले में गठित Expert Committee ने शिवलिंग की चट्टान, जल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का वैज्ञानिक अध्ययन किया और उसके क्षरण को रोकने के उपाय सुझाए. इन्हीं सिफारिशों के आधार पर मंदिर प्रबंधन ने 500 ML जल, नियंत्रित pH वाले पानी और अभिषेक से जुड़े दूसरे नियम तय किए.

आखिर सुप्रीम कोर्ट ने 500 ML पानी की सीमा क्यों तय की? क्या शिवलिंग के क्षरण के पीछे सिर्फ जलाभिषेक था या पूजा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी सामग्री का भी असर था? और सबसे अहम सवाल- सुप्रीम कोर्ट के फैसले में वास्तव में क्या कहा गया था और क्या नहीं? Expert Committee की रिपोर्ट और अदालत के रिकॉर्ड के जरिए समझिए महाकाल के जलाभिषेक से जुड़ी इस पूरी कहानी को.

यह मामला Sarika बनाम Administrator, Shri Mahakaleshwar Mandir Committee, Ujjain जुड़ा था. 25 अगस्त 2017 को सुप्रीम कोर्ट ने ASI और GSI से जुड़े विशेषज्ञों की समिति बनाई थी. समिति ने सितंबर 2017 में मंदिर का निरीक्षण किया और शिवलिंग की चट्टान, जल, पूजा सामग्री और लगातार होने वाले अभिषेक के असर का अध्ययन किया. बाद में मंदिर प्रबंधन ने समिति की सिफारिशों के आधार पर कई बदलाव किए, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट के रिकॉर्ड में दर्ज किया गया.

1. सुप्रीम कोर्ट तक मामला क्यों पहुंचा?

महाकाल शिवलिंग के आकार और सतह में समय के साथ बदलाव को लेकर चिंता पहले से थी. सुप्रीम कोर्ट के सामने सवाल सिर्फ पूजा-पद्धति का नहीं, बल्कि इस प्राचीन शिवलिंग को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का था. इसी वजह से अदालत ने विशेषज्ञों से यह पता लगाने को कहा कि शिवलिंग में क्षरण क्यों हो रहा है और इसे रोकने के लिए क्या किया जा सकता है.

Expert Committee ने निरीक्षण के दौरान शिवलिंग की चट्टान को orthoquartzite बताया. Portable XRF जांच में अलग-अलग नमूनों में सिलिका की मात्रा काफी अधिक पाई गई. रिपोर्ट में शिवलिंग की चट्टान में सिलिका की मात्रा लगभग 75 से 92 प्रतिशत बताई गई. समिति ने यह भी कहा कि पिछले करीब 40 से 50 वर्षों में क्षरण बढ़ा हुआ दिखाई देता है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है.

यानी मामला अचानक किसी एक दिन के जलाभिषेक से पैदा हुई समस्या का नहीं था. विशेषज्ञों ने लंबे समय से चल रही प्राकृतिक और पूजा से जुड़ी प्रक्रियाओं को मिलाकर संरक्षण की जरूरत बताई थी.

Credit: ANI

2. जल में ऐसा क्या मिला कि 500 ML की जरूरत पड़ी?

Expert Committee की रिपोर्ट का सबसे अहम हिस्सा मंदिर में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच है. रिपोर्ट के अनुसार जलाभिषेक के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पानी का pH 8.4 से 8.7 के बीच पाया गया. आसान भाषा में कहें तो यह पानी सामान्य तटस्थ पानी से ज्यादा क्षारीय था.

विशेषज्ञों ने माना कि यह क्षारीय पानी शिवलिंग की orthoquartzite चट्टान में मौजूद सिलिका वाले बंधनकारी पदार्थ के साथ प्रतिक्रिया कर सकता है और इस तरह शिवलिंग के क्षरण (गलन) में योगदान दे सकता है. इस बात को ध्यान में रखते हुए उस समय एक्सपर्ट कमेटी ने सलाह दी कि जलाभिषेक के पानी को नियंत्रित किया जाए और RO सिस्टम के जरिए उसका pH करीब 7 रखा जाए.

विशेषज्ञों ने अपनी रिपोर्ट में इसके कई कारण गिनाए थे. जांच कमेटी के अध्ययन में पानी के साथ-साथ दूध, दही, घी, शहद, चीनी, फूल-पत्तियां और दूसरी पूजा सामग्री भी जांच के दायरे में थीं.

3. क्या दूध, पंचामृत और भस्म से भी असर पड़ता था?

एक्सपर्ट की चिंता सिर्फ पानी तक सीमित नहीं थी. रिपोर्ट में बताया गया कि अलग-अलग पूजा सामग्री शिवलिंग की सतह पर जमा होती है. इससे नमी बनी रह सकती है और कुछ परिस्थितियों में बैक्टीरिया की वृद्धि तथा pH में बदलाव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं.

भस्म आरती में इस्तेमाल होने वाली गोबर की राख के पानी वाले माध्यम का pH भी 9.07 से 10.20 के बीच दर्ज किया गया था. यानी पूजा में इस्तेमाल होने वाली हर सामग्री को रोकने की बात नहीं थी, बल्कि उसका इस्तेमाल किस मात्रा में और किस तरीके से हो, इसके बारे में बताया गया.

इसी सोच के तहत दूध और पंचामृत की मात्रा को भी सीमित करने का सुझाव दिया गया था. मंदिर प्रबंधन के 26 अक्टूबर 2017 के प्रस्ताव में प्रति श्रद्धालु अधिकतम 1.25 लीटर दूध/पंचामृत की सीमा दर्ज की गई.

शिवलिंग पर चीनी पाउडर रगड़ने की प्रथा पर भी रोक लगाई गई. इसके अलावा, अभिषेक के बाद शिवलिंग को साफ और सुखाने तथा गर्भगृह में नमी कम करने के लिए dryers और fans जैसी व्यवस्था की बात सामने आई.

4. आखिर 500 ML का नियम कैसे बना?

यही वह बिंदु है जहां वैज्ञानिक रिपोर्ट सीधे श्रद्धालुओं की पूजा-पद्धति से जुड़ जाती है. मंदिर प्रबंधन ने Expert Committee की सिफारिशों पर विचार करते हुए तय किया कि प्रत्येक श्रद्धालु को जलाभिषेक के लिए अधिकतम 500 ML पानी दिया जाएगा.

रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि जल RO सिस्टम से लिया जाए और उसका pH लगभग 7 रखा जाए. जलाभिषेक प्रतिदिन शाम 5 बजे तक पूरा करने की व्यवस्था रखी गई. इसके बाद शिवलिंग को साफ और सुखाया जाए तथा फिर सूखी पूजा की जाए. दूध और पंचामृत के लिए अधिकतम 1.25 लीटर प्रति श्रद्धालु की सीमा रखी गई.

भस्म आरती के दौरान शिवलिंग को सूखे कपड़े से ढकने, पानी और नमी कम करने तथा पूजा सामग्री के इस्तेमाल को नियंत्रित करने जैसे कदम भी इसी संरक्षण योजना का हिस्सा थे.

Credit: ANI

5. कांवड़ियों और शिवालयों की भीड़ से इसका क्या कनेक्शन?

सावन में जब कांवड़िए और दूसरे श्रद्धालु बड़ी संख्या में शिवालयों में पहुंचते हैं, तब जलाभिषेक का पैमाना कई गुना बढ़ जाता है. हर भक्त की आस्था में चढ़ाया गया थोड़ा-सा पानी भी हजारों-लाखों भक्तों की संख्या में बड़ी मात्रा बन जाता है. महाकाल का मामला यही सवाल सामने रखता है कि प्राचीन शिवलिंगों पर लगातार होने वाले अभिषेक, दूध, पंचामृत, फूल और दूसरी सामग्री का असर कितना पड़ता है और संरक्षण कैसे किया जाए. यह ध्यान रखना जरूरी है कि महाकाल का 500 ML नियम देश के हर शिवालय या हर कांवड़िए पर लागू होने वाला सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं है.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले में यह भी कहा गया है कि अलग-अलग मंदिरों के अपने नियम हो सकते हैं. लेकिन महाकाल की कहानी यह जरूर बताती है कि श्रद्धा के साथ प्राचीन धार्मिक धरोहर की वैज्ञानिक सुरक्षा भी जरूरी है.

आज, 11 अगस्त 2026 को सावन का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है और इसी आज के ही दिन सावन शिवरात्रि भी मनाई जा रही है. महाकाल मंदिर में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी पहले से की गई है; मंदिर प्रशासन ने पूरे सावन में करीब दो करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान जताया था. ऐसे समय में जलाभिषेक और भीड़ के बीच संरक्षण का सवाल और महत्वपूर्ण हो जाता है.

6. संरक्षण की कहानी 2018 पर खत्म नहीं हुई

सुप्रीम कोर्ट ने 2018 के बाद भी इस मामले में संरक्षण की निगरानी जारी रखी. 2020 के एक फैसले में अदालत ने दर्ज किया कि ASI और GSI से जुड़ी Expert Committee ने जनवरी 2019 में फिर निरीक्षण किया था और पिछली जांच के बाद भी शिवलिंग में erosion जारी पाया गया. यानी संरक्षण की जरूरत एक बार नियम बना देने से खत्म नहीं हुई.

इसके बाद मंदिर प्रशासन ने भारी फूल-मालाओं पर नियंत्रण शुरू किया. दिसंबर 2025 में मंदिर प्रबंधन ने घोषणा की कि 1 जनवरी 2026 से 10 किलो से अधिक वजन वाली life-size फूल-मालाएं शिवलिंग पर चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी. मंदिर अधिकारियों ने इसका उद्देश्य शिवलिंग को संभावित क्षरण से बचाना बताया. इसे 2017-18 की वैज्ञानिक संरक्षण चिंता से जुड़ी एक अलग प्रशासनिक पहल के रूप में देखना अधिक सही है.

7. सुप्रीम कोर्ट के फैसले और एक्सपर्ट कमेटी की रिपोर्ट में क्या?

महाकाल के जलाभिषेक की 500 ML सीमा की कहानी को जलाभिषेक बंद कराने की कहानी नहीं, बल्कि जलाभिषेक को नियंत्रित करके शिवलिंग बचाने की कहानी है. सुप्रीम कोर्ट के रिकॉर्ड में दर्ज वैज्ञानिक जांच ने पानी के pH, शिवलिंग की चट्टान की प्रकृति, पूजा सामग्री, नमी और लगातार होने वाले क्षरण को सामने रखा. इसके बाद समाधान ऐसा चुना गया जिसमें पूजा पूरी तरह बंद नहीं की गई, बल्कि पानी और दूसरी सामग्री की मात्रा तथा इस्तेमाल के तरीके को नियंत्रित किया गया.

  • 500 ML - प्रति श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए निर्धारित पानी की मात्रा
  • 8.4–8.7 - मंदिर में जलाभिषेक के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी का दर्ज pH
  • 75–92% - Expert Committee के अनुसार शिवलिंग की चट्टान में सिलिका की मात्रा
  • 1.25 लीटर - प्रति श्रद्धालु दूध/पंचामृत की अधिकतम मात्रा
  • 5 बजे शाम - जलाभिषेक समाप्त करने की निर्धारित समय-सीमा
  • 40 से 50 साल - समिति ने जिस अवधि में क्षरण बढ़ने का जिक्र किया
  • 9. 07–10.20 - गोबर की राख के aqueous medium में दर्ज pH

कौन-कौन हैं देश के चर्चित 10 शिवालय?

देश के दस चर्चित शिवालयों में उज्जैन का महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, वाराणसी का काशी विश्वनाथ, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, केदारनाथ धाम, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, वैद्यनाथ धाम, रामेश्वरम का रामनाथस्वामी मंदिर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग प्रमुख हैं. इन शिवालयों में सालभर श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, जबकि सावन और महाशिवरात्रि जैसे पर्वों पर भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है.

एक्सप्लेनर
अगला लेख