Begin typing your search...

Eid 2026: क्या होता है जकात और फितरा, जानें ईद पर क्यों मुसलमानों के लिए जरूरी है ये रिवाज

ईद का त्योहार खुशियों, भाईचारे और इंसानियत का संदेश लेकर आता है. ईद पर जकात और फितरा मुसलमानों के लिए अहम धार्मिक रिवाज हैं, जो जरूरतमंदों की मदद और समाज में सहयोग की भावना बढ़ाने में मदद करते हैं.

Eid
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत4 Mins Read

Updated on: 21 March 2026 8:15 AM IST

ईद का त्योहार सिर्फ खुशियों और जश्न का दिन नहीं है, बल्कि इसमें कुछ ऐसे रिवाज भी शामिल हैं जिनके पीछे गहरी धार्मिक और सामाजिक सोच छिपी है. हर मुसलमान के लिए कुछ खास दान और परंपराएं इस दिन अहमियत रखती हैं, जो सिर्फ दूसरों की मदद तक सीमित नहीं हैं.

जकात और फितरा जैसे रिवाजों के पीछे एक खास मकसद छुपा है, जो समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करता है. ईद के दिन इन्हें निभाने का तरीका और समय भी बेहद महत्वपूर्ण होता है, जो इसे और भी खास बनाता है.

क्या है जकात?

जकात इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक अहम हिस्सा है और यह हर सक्षम मुसलमान के लिए जरूरी माना जाता है. इसे एक धार्मिक कर्तव्य के रूप में देखा जाता है, जिसके तहत व्यक्ति अपनी साल भर की बचत या संपत्ति का एक तय हिस्सा जरूरतमंदों को देता है. आमतौर पर जकात की दर कुल संपत्ति का 2.5% होती है, लेकिन यह तभी देना होता है जब व्यक्ति की संपत्ति ‘निसाब’ की सीमा से अधिक हो. निसाब वह न्यूनतम राशि है, जिसे पार करने के बाद ही जकात देना जरूरी हो जाता है.

क्यों दी जाती है जकात?

जकात का मकसद सिर्फ दान देना नहीं है, बल्कि समाज में आर्थिक संतुलन बनाए रखना भी है. इसके जरिए गरीब, अनाथ, विधवा और जरूरतमंद लोगों की मदद की जाती है, ताकि वे भी एक सम्मानजनक और अच्छा जीवन जी सकें.

क्या है फितरा (सदका-ए-फित्र)?

फितरा को सदका-ए-फितर भी कहा जाता है. यह ईद-उल-फितर के खास दान में से एक है. यह हर मुस्लिम के लिए जरूरी माना जाता है, भले ही वह आर्थिक रूप से कमजोर क्यों न हो, बस इतना होना चाहिए कि उसके पास अपनी जरूरत से थोड़ा ज्यादा धन हो. फितरा ईद की नमाज से पहले दिया जाता है.

फितरा देना क्यों है जरूरी?

फितरा का मुख्य मकसद यह है कि ईद के दिन कोई भी भूखा न रहे और हर कोई इस त्योहार की खुशियों में शामिल हो सके. फितरा की राशि आमतौर पर एक व्यक्ति के एक दिन के खाने के बराबर तय की जाती है. भारत में यह राशि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बदल सकती है, लेकिन आम तौर पर यह 70 से 150 रुपये या ज्यादा अधिक हो सकती है.

जकात और फितरा में क्या है अंतर?

जकात और फितरा दोनों ही दान के रूप हैं, लेकिन इनके उद्देश्य और समय में स्पष्ट अंतर होता है.

  • समय का फर्क: जकात साल में किसी भी समय दी जा सकती है, जबकि फितरा केवल ईद-उल-फितर से पहले देना जरूरी होता है.
  • अलग-अलग मकसद: जकात का मकसद लंबे समय तक समाज में आर्थिक संतुलन बनाना है, वहीं फितरा का उद्देश्य ईद के दिन जरूरतमंदों को तुरंत मदद पहुंचाना है.
  • किस पर लागू होता है: जकात केवल उन लोगों पर लागू होती है जिनकी संपत्ति निसाब से ज्यादा हो, जबकि फितरा लगभग हर मुसलमान के लिए जरूरी माना जाता है.

जकात और फितरा का महत्व

जकात और फितरा सिर्फ धार्मिक कर्तव्य नहीं हैं, बल्कि ये समाज में भाईचारा और बराबरी की भावना बढ़ाने का जरिया भी हैंय. इनके जरिए अमीर और गरीब के बीच की दूरी कम होती है और एक-दूसरे की मदद करने की भावना मजबूत होती है. ईद के मौके पर जब लोग दान कर जरूरतमंदों की मदद करते हैं, तो यह त्योहार सिर्फ खुद की खुशी तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि सभी के लिए खुशी का अवसर बन जाता है. यही वजह है कि देश के कई शहरों में मस्जिदों और सार्वजनिक जगहों पर जरूरतमंदों को मदद पहुंचाई जाती है.

धर्म
अगला लेख