महिलाओं का छिपा दुश्मन Thyroid, ऐसे धीरे-धीरे करता है शरीर और दिमाग पर हमला
Thyroid हार्मोन की गड़बड़ी न केवल महिलाओं के शरीर पर असर डालती है बल्कि ये दिमाग को भी पूरी तरह से प्रभावित करती है. कई महिलाओं में इसके लक्षण नहीं दिखते हैं.
Thyroid Hormone Effect on Women: महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं ऐसी होती हैं जो धीरे-धीरे शरीर ही नहीं, बल्कि मन को भी प्रभावित करने लगती हैं. थायरॉयड ऐसी ही एक समस्या है, जिसे अक्सर लोग केवल वजन बढ़ने या घटने से जोड़कर देखते हैं, जबकि इसका प्रभाव इससे कहीं ज्यादा गहरा और जटिल होता है.
यह एक हार्मोनल प्रोब्लम है जो शरीर के मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करती है, लेकिन जब इसमें गड़बड़ी आती है तो इसका असर सीधे मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और दैनिक जीवन पर पड़ता है. Dr shrey Srivastava (Senior consultant- Internal Medicine,Sharda Hospital) ने इस थायरॉयड से जुड़ी पूरी जानकारी दी है. आइये जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा?
थायरॉयड क्या है?
थायरॉयड गर्दन में स्थित एक छोटी सी तितली के आकार की ग्रंथि होती है, जो थायरॉक्सिन और ट्रायआयोडोथायरोनिन जैसे हार्मोन बनाती है.
क्या काम करता है थायरॉयड?
ये हार्मोन शरीर में एनर्जी, तापमान, दिल की धड़कन और दिमाग के फंक्शन को कंट्रोल करती है. जब यह ग्रंथि अधिक या कम हार्मोन बनाती है, तब हाइपरथायरॉयडिज्म या हाइपोथायरॉयडिज्म जैसी स्थितियां पैदा होती हैं. महिलाओं में यह समस्या पुरुषों की तुलना में कहीं अधिक देखने को मिलती है, खासकर प्रेग्नेंसी, पोस्टपार्टम पीरियड और मेनोपॉज के दौरान.
थायरॉयड का दिमाग पर क्या होता है असर?
थायरॉयड का सीधा संबंध मानसिक स्वास्थ्य से है, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. हाइपोथायरॉयडिज्म में जहां हार्मोन का स्तर कम होता है, वहां महिलाएं सुस्ती, थकान, उदासी और डिप्रेशन जैसे लक्षणों का अनुभव करती हैं. कई बार यह स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि व्यक्ति को किसी भी काम में रुचि नहीं रहती, आत्मविश्वास कम हो जाता है और सामाजिक जीवन प्रभावित होने लगता है.
इसके विपरीत, हाइपरथायरॉयडिज्म में हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे घबराहट, बेचैनी, चिड़चिड़ापन और अनिद्रा जैसी समस्याएं सामने आती हैं. यह मानसिक अस्थिरता धीरे-धीरे रिश्तों और कार्यक्षमता पर असर डालती है.
थायरॉयड महिलाओं में समस्या को कैसे और बना देता है जटिल?
महिलाओं के जीवन में हार्मोनल बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन जब इसमें थायरॉयड जुड़ जाता है, तो स्थिति और जटिल हो जाती है. प्रेग्नेंसी के दौरान थायरॉयड का संतुलन बिगड़ने से न केवल मां के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ता है, बल्कि यह बच्चे के विकास को भी प्रभावित कर सकता है.
पोस्टपार्टम पीरियड में कई महिलाएं मूड स्विंग्स, चिंता और डिप्रेशन का सामना करती हैं, जिसे अक्सर केवल हार्मोनल बदलाव मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि कई मामलों में इसके पीछे थायरॉयड की भूमिका होती है.
महिलाओं को कैसे डिप्रेशन की ओर ले जाता है थायरॉयड?
थायरॉयड का एक बड़ा प्रभाव आत्म-छवि और आत्म-सम्मान पर भी पड़ता है. अचानक वजन बढ़ना या घटना, बालों का झड़ना, त्वचा का सूखना या चेहरे पर सूजन जैसे बदलाव महिलाओं को मानसिक रूप से परेशान करते हैं.
समाज में सुंदरता के तय मानकों के कारण महिलाएं इन बदलावों को लेकर अधिक संवेदनशील होती हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास प्रभावित होता है और वे खुद को कमतर महसूस करने लगती हैं. यह स्थिति धीरे-धीरे सामाजिक दूरी और मानसिक तनाव का कारण बन सकती है.
काम पर कैसे प्रभाव डालता है थायरॉयड?
इसके अलावा, थायरॉयड का असर महिलाओं की कार्यक्षमता पर भी साफ दिखाई देता है. लगातार थकान, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और याददाश्त कमजोर होना, पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन दोनों को प्रभावित करता है. कई महिलाएं इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है. कार्यस्थल पर प्रदर्शन में गिरावट, घर के कामों में रुचि की कमी और रिश्तों में तनाव जैसे परिणाम सामने आते हैं.
क्या बिना लक्षण के रह सकती है ये समस्या?
महिलाओं में थायरॉयड की समस्या का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि यह लंबे समय तक बिना स्पष्ट लक्षणों के भी रह सकती है. धीरे-धीरे बढ़ते लक्षणों के कारण महिलाएं इसे अपनी जीवनशैली या उम्र का हिस्सा मान लेती हैं. लेकिन जब तक यह समस्या स्पष्ट रूप से सामने आती है, तब तक यह शरीर और मन दोनों को काफी प्रभावित कर चुकी होती है. यही कारण है कि नियमित जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है.
थायरॉयड की समस्या किन चीजों से होती है?
जीवनशैली का थायरॉयड पर गहरा प्रभाव पड़ता है. असंतुलित आहार, तनाव, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधि की कमी इस समस्या को बढ़ा सकती है. वहीं, संतुलित आहार जिसमें आयोडीन, सेलेनियम और जिंक जैसे पोषक तत्व शामिल हों, थायरॉयड के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद कर सकता है. योग और ध्यान जैसी गतिविधियां मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने में सहायक होती हैं और थायरॉयड के लक्षणों को नियंत्रित करने में भी मदद करती हैं.
थायरॉयड का इलाज क्या संभव है?
थायरॉयड का इलाज संभव है, लेकिन इसके लिए समय पर पहचान और सही उपचार जरूरी है. दवाइयों के माध्यम से हार्मोन स्तर को कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन इसके साथ-साथ जीवनशैली में बदलाव भी उतना ही जरूरी है. मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज किए बिना, समग्र दृष्टिकोण अपनाना इस समस्या से निपटने का सबसे प्रभावी तरीका है.




