Begin typing your search...

घंटों बैठकर काम करने से होने लगा है शरीर में दर्द? Shilpa Shetty का ये योगासन आएगा काम, बॉडी में आएगा गजब का लचीलापन

51 साल की उम्र में शिल्पा शेट्टी ने अकरना धनुरासन करके सबको हैरान कर दिया. यह योगासन कमर और कूल्हों की अकड़न कम करने के साथ शरीर का लचीलापन बढ़ाने में मदद कर सकता है

घंटों बैठकर काम करने से होने लगा है शरीर में दर्द? Shilpa Shetty का ये योगासन आएगा काम, बॉडी में आएगा गजब का लचीलापन
X
( Image Source:  instagram-@theshilpashetty )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 3 Nov 2026 9:15 AM IST

आजकल ऑफिस में घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करना या घर पर लगातार मोबाइल और लैपटॉप चलाना हमारे डेली रूटीन का हिस्सा बन गया है. इसका असर धीरे-धीरे शरीर पर भी दिखाई देने लगता है. कमर, कूल्हों, कंधों और पैरों में खिंचाव के साथ अकड़न महसूस होने लगती है. ऐसे में शरीर को एक्टिव रखने के लिए योग काफी मददगार हो सकता है.

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी 51 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस और लचीले शरीर से लोगों को इंस्पायर कर रही हैं. वह अक्सर योग के जरिए खुद को फिट रखने के तरीके शेयर करती हैं. हाल ही में उन्होंने अकरना धनुरासन योगासन किया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. यह आसन न केवल शरीर को अच्छी स्ट्रेचिंग देता है, बल्कि मांसपेशियों को मजबूत बनाने में भी मदद कर सकता है.

शिल्पा शेट्टी ने किया कौन सा योगासन?

शिल्पा शेट्टी ने हाल ही में अकरना धनुरासन (Akarna Dhanurasana) का एक अलग रूप करके दिखाया. इसे आर्चर पोज यानी धनुष खींचने वाला आसन भी कहा जाता है. वीडियो में शिल्पा काले रंग के फिटनेस कपड़ों में जमीन पर बैठकर यह कठिन आसन करती नजर आईं. उन्होंने अपने एक पैर को हाथ के सहारे ऊपर उठाया और उसे कंधे के पास से पीछे की ओर ले जाकर दूसरे हाथ से पकड़ लिया. इस दौरान उनका शरीर काफी लचीला दिखाई दिया.

कैसे करें अकरना धनुरासन?

  • इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर बैठकर दोनों पैरों को सामने फैलाएं.
  • अब एक पैर के अंगूठे को हाथ से पकड़ें और धीरे-धीरे घुटने को मोड़ते हुए पैर को कान की तरफ लाने की कोशिश करें.
  • दूसरे हाथ से संतुलन बनाए रखें. कुछ देर इसी स्थिति में रुकें और फिर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में लौट आएं.
  • इसके बाद दूसरे पैर से भी यही प्रोसेस दोहराएं.

क्या हैं अकरना धनुरासन के फायदे?

  • इस योगासन को करने से जांघों के पीछे की मांसपेशियों यानी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आता है. इसके अलावा कूल्हों और जांघों के बीच के हिस्से की मांसपेशियों को भी स्ट्रेच करने में मदद मिलती है. इससे शरीर का लचीलापन बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है.
  • शिल्पा के मुताबिक, इस आसन से कंधों, रीढ़ और शरीर के किनारे मौजूद मांसपेशियों में भी खिंचाव आता है. लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से शरीर में जो जकड़न महसूस होती है, उसे कम करने में यह अभ्यास मददगार हो सकता है.
  • अकरना धनुरासन के अभ्यास में पीठ के ऊपरी हिस्से और कंधों की मांसपेशियां भी सक्रिय होती हैं. नियमित और सही तरीके से अभ्यास करने पर शरीर के ऊपरी हिस्से की ताकत और संतुलन बेहतर हो सकता है.

ध्यान रखें: यह एक कठिन योगासन है. इसे देखकर सीधे करने की कोशिश न करें. शुरुआत आसान स्ट्रेचिंग से करें और किसी योग ट्रेनर की देखरेख में अभ्यास करें. कमर, कंधे या घुटनों में चोट अथवा दर्द होने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

अगला लेख