कहीं एक्सरसाइज के बाद आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां?
जिस तरह से एक्सरसाइज से पहले वार्म आप करना जरूरी है, ठीक इसी तरह एक्सरसाइज के बाद शरीर को कूल डाउन यानी कि आराम देना उतना ही जरूरी है।

जिस तरह से एक्सरसाइज से पहले वार्म आप करना जरूरी है, ठीक इसी तरह एक्सरसाइज के बाद शरीर को कूल डाउन यानी कि आराम देना उतना ही जरूरी है। कई लोग इस प्रक्रिया में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे उन्हें इंजरी हो जाती है या फिर हड्डी और मांसपेशियों में दर्द होने लगता है।
कहीं आप भी एक्सरसाइज के बाद ये गलतियां तो नहीं कर रहे हैं।
छोटे सेशन
कई लोग एक्सरसाइज के बाद कूल डाउन सेशन की जरूरत नहीं समझते हैं, इसलिए वे इसे छोड़ देते हैं या बहुत छोटा रखते हैं। दरअसल, एक्सरसाइज के बाद शरीर के तापमान को सामान्य करने में थोड़ा समय लगता है। इसलिए यह जरूरी है कि आप अपनी एक्सरसाइज का थोड़ा समय कूल डाउन सेशन को भी दें।
एक ही तरह की एक्सरसाइज
कई लोग एक्सरसाइज के बाद एक ही तरह की कूल डाउन एक्सरसाइज करते हैं, लेकिन ऐसा करना भी गलत है। हर एक्सरसाइज के लिए आपको अलग-अलग तरह की कूल डाउन एक्सरसाइज करनी चाहिए। कूल डाउन एक्सरसाइज उन मसल्स ग्रुप पर अधिक निर्भर होनी चाहिए जिन पर आपने एक्सरसाइज के दौरान अधिक ध्यान दिया हो। उदाहरण के लिए, अगर आप कार्डियो एक्सरसाइज करते हैं तो इसके बाद कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें।
गलत स्ट्रेचिंग
शरीर को कूल डाउन करने के लिए स्ट्रेचिंग करना शानदार माना जाता है। स्ट्रेचिंग मांसपेशियों के दर्द को कम करने और शरीर का तापमान बढ़ाने में मदद करती है। हालांकि कई लोग एक्सरसाइज के बाद स्ट्रेचिंग नहीं करते हैं जिसके चलते उन्हें एक्सरसाइज का पूरा लाभ नहीं मिलता और उन्हें मांसपेशियों में दर्द आदि का सामना करना पड़ जाता है। इसलिए बेहतर होगा कि हर व्यक्ति एक्सरसाइज के बाद कुछ मिनट स्ट्रेचिंग जरूर करें।
एक्सरसाइज अचानक बंद करना
शरीर को कूल डाउन करने का मतलब यह कतई नहीं है कि आप एकदम से अपनी एक्सरसाइज बंद कर दें।उदाहरण के लिए, अगर आप दौड़ रहे हैं तो फिर धीरे-धीरे अपनी गति को कम करें, लेकिन दौड़ते हुए एकदम से न रूकें। वहीं अन्य एक्सरसाइज के बाद शरीर को ठंडा करने के लिए आप स्ट्रेचिंग या फिर फॉम रोलिंग जैसी एक्सरसाइज कर सकते हैं क्योंकि इनसे शरीर का तापमान और हॉर्ट रेट धीरे-धीरे सामान्य हो जाता है।