Begin typing your search...

छत पर रखी टंकी से आ रहा खौलता पानी? बिना ज्यादा खर्च के इन हैक्स से आएगा कूल-कूल वॉटर

गर्मियों में छत पर रखी पानी की टंकी जल्दी गर्म हो जाती है, जिसकी वजह से नल से निकलने वाला पानी भी काफी गरम महसूस होने लगता है. हालांकि कुछ आसान और सस्ते उपायों की मदद से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है.

water tank
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 15 March 2026 11:00 AM IST

गर्मियों में छत पर रखी पानी की टंकी जल्दी गर्म हो जाती है. दोपहर तक हालत ऐसी हो जाती है कि नल से निकलने वाला पानी भी उबलता हुआ महसूस होता है. ऐसे में नहाना, बर्तन धोना या अन्य काम करना भी मुश्किल हो जाता है. खासकर मई-जून की तेज धूप में टंकी का पानी जल्दी गरम होना एक आम समस्या है.

लेकिन थोड़ी समझदारी और कुछ आसान उपाय अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है. बिना ज्यादा खर्च किए आप ऐसे छोटे-छोटे हैक्स अपना सकते हैं, जिनसे टंकी का पानी लंबे समय तक ठंडा रह सकता है. आइए जानते हैं कुछ आसान और असरदार तरीके.

टंकी का पानी ठंडा कैसे रखें?

टंकी के पानी को चिलचिलाती धूप में गर्म होने से बचाने के लिए थर्माकोल, फोम शीट या इंसुलेटेड रैप्स फायदेमंद हैं. ये चीजें गर्म हवा को सीधे टंकी तक पहुंचने से रोकती हैं और अंदर के पानी का तापमान बैलेंस रखने में मदद करती हैं. इसलिए जब भी नई टंकी लगवाएं, तो इंसुलेटेड रैप्स से कवर करना न भूलें. यह तरीका खासकर उन जगहों पर ज्यादा कारगर होता है जहां धूप तेज पड़ती है.

क्या जूट की मदद से टंकी का पानी हो सकता है ठंडा?

अगर आप सस्ता और देसी उपाय चाहते हैं, तो जूट की बोरी बहुत काम आ सकती है. बस इसके लिए बोरी को पानी से अच्छी तरह गीला करके टंकी के ऊपर डाल दें. जब बोरी सूखने लगती है, तो उसमें से पानी के इवापोरेशन से ठंडक पैदा होती है, जिससे टंकी का तापमान कम रहता है.

किस रंग का होना चाहिए वाटर टैंक?

टंकी का रंग बेहद मायने रखता है. डार्क कलर के कारण पानी जल्दी गर्म हो जाता है, क्योंकि ये रंग रोशन को ऑब्जॉर्ब कर लेते हैं. नीले-काले के बजाय हो सके तो टंकी पर सफेद रंग का पेंट करवाएं. सफेद रंग सूरज की रोशनी को वापस परावर्तित कर देता है, जिससे टंकी में गर्मी कम जाती है. इससे टंकी का तापमान कई डिग्री तक कम रह सकता है और पानी भी ठंडा बना रहता है.

कब भरना चाहिए टंकी में पानी?

एक छोटा सा बदलाव भी बड़ा फर्क ला सकता है. कोशिश करें कि टंकी में पानी सुबह जल्दी या शाम के समय भरा जाए. उस समय पानी पहले से ही ठंडा होता है, इसलिए दिनभर की गर्मी का असर थोड़ा कम पड़ता है. गर्मियों में टंकी का पानी ठंडा रखना मुश्किल जरूर लगता है, लेकिन कुछ आसान और सस्ते उपाय अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

घर में कैसी टंकी लगवाएं?

मेटल यानी लोहे की टंकियां जल्दी गर्म हो जाती हैं. इसलिए आजकल UV-स्टेबल प्लास्टिक टंकियां ज्यादा इस्तेमाल की जाती हैं. ये धूप के असर को कम करती हैं और पानी को ज्यादा देर तक ठंडा रखने में मदद करती हैं. अगर आप नई टंकी लगाने की सोच रहे हैं, तो प्लास्टिक टंकी बेहतर विकल्प हो सकती है.

अगला लेख