Begin typing your search...
Holi 2026: होली पर बनाएं मटन करी की ये खास रेसिपी, उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान
होली के रंगों के साथ अगर खाने में भी कुछ खास और शाही हो, तो त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है. इस बार मेहमानों को गुजिया और पकौड़ों के साथ सर्व करें मसालेदार मटन करी, जिसकी खुशबू ही सबका दिल जीत लेगी.
( Image Source:
AI SORA )
होली का त्योहार सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि स्वाद और खुशबू का भी होता है. इस खास मौके पर अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो मेहमानों के दिल में बस जाए, तो मसालेदार मटन करी से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो. गरमा-गरम मटन करी जब फूली-फूली पूरियों या जीरा राइस के साथ परोसी जाती है, तो हर कोई उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाता है.
अगर आप भी इस बार होली की दावत में कुछ खास परोसना चाहते हैं, तो यहां जानिए मटन करी बनाने का आसान तरीका, जरूरी सामग्री और कुछ खास टिप्स, जिससे बिल्कुल होटल जैसा होगा.
मटन करी के लिए जरूरी सामान
- 1 किलो मटन (मध्यम टुकड़ों में कटा हुआ)
- 3 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
- 2 टमाटर (पिसे हुए)
- 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 कप दही
- 3-4 हरी मिर्च (चीरी हुई)
- 2 तेजपत्ता
- 4-5 लौंग
- 2 इलायची
- 1 दालचीनी का टुकड़ा
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 4-5 बड़े चम्मच सरसों का तेल या रिफाइंड तेल
- सजावट के लिए हरा धनिया
मटन को मैरीनेट कैसे करें?
- स्वादिष्ट मटन करी की शुरुआत अच्छी मैरीनेशन से होती है.
- मटन को अच्छे से धोकर छान लें.
- उसमें दही, हल्दी, नमक और आधा अदरक-लहसुन पेस्ट मिलाएं.
- इसे कम से कम 1-2 घंटे के लिए ढककर रख दें.
- अगर समय हो तो इसे फ्रिज में 4-5 घंटे या रातभर मैरीनेट करें. इससे मटन नरम और रसदार बनेगा.
मटन करी बनाने की रेसिपी
- कड़ाही या प्रेशर कुकर में तेल गरम करें. उसमें तेजपत्ता, लौंग, इलायची और दालचीनी डालकर हल्का भूनें. अब कटे हुए प्याज डालें और सुनहरा भूरा होने तक भूनें.
- बचा हुआ अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर खुशबू आने तक पकाएं. फिर पिसा हुआ टमाटर और सारे सूखे मसाले डालकर मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न दिखने लगे.
- अब मैरीनेट किया हुआ मटन मसाले में डालें और तेज आंच पर 5-7 मिनट तक अच्छी तरह चलाते हुए भूनें. इससे मसाला मटन में अच्छे से समा जाएगा.
- जरूरत अनुसार पानी डालें. कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 4-5 सीटी आने दें. अगर कड़ाही में बना रहे हैं तो धीमी आंच पर ढककर 40-45 मिनट तक पकाएं, बीच-बीच में चलाते रहें.
- जब मटन नरम हो जाए और ग्रेवी गाढ़ी दिखने लगे, तब ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर 5 मिनट और पकाएं.
परफेक्ट मटन करी के लिए खास टिप्स
- मटन हमेशा ताजा और अच्छे क्वालिटी का लें.
- प्याज को अच्छी तरह भूनना बेहद जरूरी है, यही ग्रेवी का रंग और स्वाद तय करता है.
- मसाला जलने न दें, वरना स्वाद कड़वा हो सकता है.
- अगर ग्रेवी और रिच चाहिए तो अंत में एक छोटा चम्मच देसी घी डाल सकते हैं.




