हजारों में कुछ फोटो, लाखों में होटल का खर्च, कान्स में तस्वीर खिंचवाने का इतना देना पड़ता है पैसा, इंफ्लुसंर ने खोली पोल
कान्स फिल्म फेस्टिवल का रेड कार्पेट जितना ग्लैमरस दिखता है, वहां पहुंचने और तस्वीरें खिंचवाने का खर्च उतना ही बड़ा होता है. इंफ्लुएंसर तारिणी ने फोटो खिंचवाने के लिए 44 हजार रुपये खर्च किए थे.
Tarini Peshawaria
कान्स फिल्म फेस्टिवल की चमक-दमक जितनी शानदार दिखती है, उसकी कीमत भी उतनी ही बड़ी होती है. रेड कार्पेट पर एक परफेक्ट फोटो और वीडियो के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं, जबकि लग्जरी होटल में एक रात रुकने का किराया लाखों तक पहुंच जाता है.
हाल ही में ब्यूटी और वेलनेस इंफ्लुएंसर तरिणी पेशावरिया ने कान्स की ग्लैमरस दुनिया के पीछे का सच बताया. उन्होंने खुलासा किया कि वहां हर फोटोग्राफर आपको क्लिक नहीं करता, बल्कि अच्छी तस्वीरों के लिए अलग से हजारों में पैसे देने पड़ते हैं. साथ ही होटल, फैशन और रेड कार्पेट एक्सपीरियंस का खर्च लाखों में आता है.
7 वीडियो- फोटो के दिए 44 हजार रुपये
तारिणी पेशावरिया ने बताया कि कान्स के रेड कार्पेट पर मौजूद हर फोटोग्राफर आपको क्लिक करने नहीं आता है. वहां पहचान और पॉपुलैरिटी काफी मायने रखती है. उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें अपनी तस्वीरें और वीडियो खिंचवाने के लिए अलग से फोटोग्राफर को पैसे देने पड़े. इंफ्लुएंसर के मुताबिक, उन्होंने 7 वीडियो और 7 तस्वीरों के लिए करीब 400 यूरो यानी लगभग 44 हजार रुपये खर्च किए. इसके बाद ही उन्हें प्रोफेशनल तस्वीरें मिल सकीं.
रेड कार्पेट पर सबको नहीं मिलता बराबर मौका
तारिणी ने यह भी बताया कि कान्स का रेड कार्पेट सिर्फ 1-2 मिनट का होता है और हर किसी को बराबर मौका नहीं मिलता. बड़े सितारों के लिए अलग सिस्टम होता है. उन्होंने बताया कि जब टॉम क्रूज़ जैसे बड़े स्टार आते हैं, तो बाकी लोगों की एंट्री कुछ समय के लिए रोक दी जाती है. वहीं, ऐश्वर्या राय जैसी इंटरनेशनल पहचान रखने वाली हस्तियों को ज्यादा स्पॉटलाइट मिलती है.
होटल का खर्च भी
इंफ्लुएंसर ने कान्स के मशहूर होटल मार्टिनेज का भी जिक्र किया, जहां एक रात रुकने का खर्च 2 से 3 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. हालांकि उनका ट्रिप स्पॉन्सर्ड था, इसलिए उन्हें वहां रूकने का मौका मिला. तरिणी ने यह भी बताया कि डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की टीम ने उनकी साड़ी पहनने में मदद की. उनके मुताबिक, कान्स सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि हाई-प्रोफाइल नेटवर्किंग और लग्जरी लाइफस्टाइल का भी बड़ा मंच है.




