Balcony Decor Ideas: छोटी बालकनी को लग्जरी लुक देंगे ये 5 स्टाइलिश झूले, घर बनेगा मिनी रिसॉर्ट
आजकल बालकनी सिर्फ कपड़े सुखाने की जगह नहीं, बल्कि रिलैक्सेशन ज़ोन बन चुकी है. सही झूले का चुनाव आपकी छोटी बालकनी को भी लग्जरी रिसॉर्ट जैसा लुक दे सकता है.
Home Decor Trends: बदलते वक्त के साथ हमारे घरों का स्टाइल भी बदल रहा है. आज के इस कंक्रीट के जंगलों में, जहां बड़े-बड़े आशियाने सिमटते जा रहे हैं, वहां घर का एक कोना ऐसा है जो हमें खुली हवा और सुकून का अहसास कराता है और वो है हमारी बालकनी. सुबह की पहली चाय की चुस्की हो या ऑफिस के बाद शाम की थकान मिटानी हो, बालकनी हर घर का सबसे पसंदीदा कोना बन चुकी है. लेकिन क्या आपकी बालकनी भी सिर्फ एक्स्ट्रा सामान रखने या कपड़े सुखाने के काम आ रही है? अगर हां, तो आप एक बहुत ही खूबसूरत स्पेस को बर्बाद कर रहे हैं.
आज के इस दौर में इंटीरियर डिजाइनर्स बालकनी को एक 'रिलैक्सेशन ज़ोन' की तरह देख रहे हैं और इस ज़ोन को सबसे ज्यादा स्टाइलिश और आरामदायक जो चीज़ बनाती है, वह है एक खूबसूरत झूला (Swing). अगर आपको लगता है कि झूला लगाने के लिए बहुत बड़े बगीचे या विशाल आंगन की जरूरत होती है, तो आप बिल्कुल गलत हैं. आज बाजार में ऐसे कई कॉम्पैक्ट और ट्रेंडी झूले मौजूद हैं जो कम से कम जगह में भी आपकी बालकनी को एक फाइव-स्टार रिसॉर्ट जैसा लुक दे सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 कमाल के झूलों के बारे में, जो आपकी बालकनी का कायाकल्प कर देंगे.
1. मैक्रैम हैंगिंग झूला (Macrame Hanging Swing)
अगर आप अपनी बालकनी को एक मॉडर्न, रिलैक्स्ड और एस्थेटिक लुक देना चाहते हैं, तो मैक्रैम झूला आपकी पहली पसंद होना चाहिए. यह झूला धागों और रस्सियों की खूबसूरत बुनाई से तैयार किया जाता है. यह वजन में बेहद हल्का होता है और इसे बालकनी के किसी भी कोने में आसानी से टांगा जा सकता है. इसमें नीचे कोई स्टैंड नहीं होता, जिससे नीचे की जमीन पूरी तरह खाली रहती है। आप जब चाहें इसे हटाकर रख भी सकते हैं. इस झूले पर एक चमकीले रंग का कुशन रखें और आसपास कुछ इनडोर प्लांट्स लगा दें. आपकी बालकनी तुरंत एक इंस्टाग्राम-वर्दी (स्पॉट में बदल जाएगी. अमेज़न पर आपको यह 949 रुपये में मिल जाएगा. जो लगभग 120 किलो वजन ले सकता है.
2. रैकून या केन स्विंग (Rattan or Cane Swing)
पुराने जमाने में दादा-दादी के समय जो बेंत (Cane) की कुर्सियां होती थीं, आज उनका मॉडर्न वर्जन बेहद ट्रेंड में है. रैटन या केन स्विंग दिखने में जितने क्लासी होते हैं, उतने ही टिकाऊ भी होते हैं. ये झूले हर तरह के मौसम को झेल सकते हैं. चाहे तेज धूप हो या बारिश, इनका कुछ नहीं बिगड़ता. इनका नेचुरल वुडन कलर बालकनी को एक फ्रेश और अर्दी (Earthy) लुक देता है. ये आमतौर पर एग-शेप या टियरड्रॉप डिजाइन में आते हैं, जो बहुत ही कम चौड़ाई लेते हैं. इस झूले में एक न्यूट्रल या पेस्टल शेड का बड़ा सा पिलो रखें. रात के समय इसके चारों ओर फेयरी लाइट्स लपेट दें, माहौल एकदम जादुई लगेगा. यह ऑनलाइन 10,000 से शुरू होकर 50,000 तक की कीमत मिलेगा. लेकिन अगर आप सस्ते में लगवाना चाहते हो तो ऑफलाइन मार्किट का चुनाव भी कर सकते है.
3. स्टैंडिंग एग स्विंग चेयर (Standing Egg Swing Chair)
कई बार किराए के घरों में या कुछ बालकनियों की सीलिंग (छत) में झूला टांगने के लिए हुक लगाने की जगह नहीं होती. अगर आपके साथ भी यह समस्या है, तो स्टैंडिंग एग स्विंग आपके लिए परफेक्ट सॉल्यूशन है. इस झूले को छत से लटकाने की जरूरत नहीं होती. यह अपने खुद के एक मजबूत लोहे या स्टील के स्टैंड के साथ आता है. इसका बेस गोल और स्लिम होता है, जिसे बालकनी के किसी भी खाली कोने में आसानी से फिट किया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसकी पोजीशन जब चाहें बदल सकते हैं. इसे बालकनी के उस कोने में रखें जहां से सनसेट या सनराइज का सबसे अच्छा नजारा दिखता हो. फ्लिपकार्ट में आपको यह आसानी से मिल जाएगा जिसकी कीमत 3000 रुपये से शुरू है. वहीं अमेज़ॉन पर 10,000 रुपये से शुरू है.
4. फैब्रिक हैमॉक (Fabric Hammock)
अगर आप अपनी बालकनी में बैठकर किताबें पढ़ना या म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं, तो एक कपड़े का हैमॉक आपके लिए सबसे आरामदायक ऑप्शन साबित हो सकता है. यह आपको किसी बीच या हिल स्टेशन के रिसॉर्ट की याद दिलाएगा. यह पूरी तरह से कपड़े (कपास या कैनवास) से बना होता है, जो आपके शरीर के आकार के अनुसार ढल जाता है. इसे बालकनी की दो दीवारों या ग्रिल के बीच बांधा जा सकता है, जब उपयोग में न हो, तो इसे खोलकर समेट कर एक छोटे से बैग में रखा जा सकता है. यानी जीरो स्पेस यूटिलाइजेशन. एक धारीदार या ब्राइट कलर का हैमॉक चुनें जो आपकी बालकनी में कलर्स ऐड करे. यह झूला अन्य झूलों के मुताबिक सस्ते मिल जाएगा जिसकी कीमत 700 और 800 रुपये से शुरू होती है.
5. वुडन प्लैंक स्विंग (Wooden Plank Swing)
अगर आप 'लेस इज मोर' यानी कम से कम चीजों में बेहतरीन लुक पाने पर विश्वास रखते हैं, तो ट्रेडिशनल लकड़ी के तख्ते वाला झूला आज भी एवरग्रीन है. यह एक सिंपल लकड़ी का फ्लैट बोर्ड होता है, जो मजबूत रस्सियों या लोहे की चेन से बंधा होता है। यह दिखने में बेहद स्लीक और मॉडर्न लगता है. चूंकि इसमें कोई साइड सपोर्ट या भारी बैकरेस्ट नहीं होता, इसलिए यह बालकनी को बिल्कुल भी भरा हुआ नहीं दिखाता। बालकनी खुली-खुली नजर आती है. इस पर एक स्लिम और कम्फर्टेबल गद्देदार सीट रखें. आप चाहें तो इसकी रस्सियों पर आर्टिफिशियल बेल (Creepers) लपेटकर इसे और भी खूबसूरत बना सकते हैं.
बालकनी में झूला लगाने से पहले इन बातों का रखें खास ख्याल
अपनी पसंदीदा बालकनी के लिए झूला चुनने से पहले कुछ जरूरी बातों को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है, ताकि स्टाइल के साथ-साथ सुरक्षा भी बनी रहे:
- बालकनी की वेट कैपेसिटी: झूला खरीदने से पहले यह सुनिश्चित करें कि आपकी बालकनी की छत या ग्रिल कितना वजन संभाल सकती है. खासकर सीलिंग वाले झूलों के लिए हुक की मजबूती जरूर जांचें.
- मटेरियल का चुनाव: चूंकि बालकनी में सीधी धूप और बारिश आती है, इसलिए ऐसा मटेरियल चुनें जो वॉटरप्रूफ और यूवी-रेसिस्टेंट हो, जैसे सिंथेटिक रैटन या ट्रीटेड वुड
- मूवमेंट स्पेस: झूला लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसके आगे और पीछे कम से कम 2-3 फीट की जगह खाली हो, ताकि झूलते समय वह दीवार या गमलों से न टकराए




