Begin typing your search...

Bakrid 2026: दावत में लगाएं लाजवाब मसालेदार मटन चाप का तड़का, खुशबू से ही दौड़े चले आएंगे मेहमान, ये है रेसिपी

बकरीद के खास मौके पर जब घर में मेहमानों की आवाजाही बढ़ जाती है, तो टेबल पर कुछ ऐसा होना चाहिए जो हर किसी के स्वाद को याद रह जाए. ऐसे में मटन चाप एक परफेक्ट डिश बन सकती है, जो न सिर्फ देखने में लाजवाब लगती है बल्कि इसका स्वाद भी हर किसी को “वाह” कहने पर मजबूर कर देता है.

mutton chaap
X

बकरीद पर ऐसे बनाएं लाजवाब मसालेदार मटन चाप

( Image Source:  instagram-@flavourtown_by_sana )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत2 Mins Read

Updated on: 27 May 2026 11:56 AM IST

अगर आप इस बकरीद पर एक ही तरह की मटन बिरयानी या नॉर्मल मटन करी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार दावत में कुछ अलग और ज्यादा टेस्टी ट्राई करें. मसालों में धीमी आंच पर पका हुआ मटन चाप ऐसा डिश है, जिसकी खुशबू ही लोगों की भूख बढ़ा देती है. बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से नरम-रसदार मटन का स्वाद हर किसी को उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देता है. यही वजह है कि आजकल ईद और बकरीद की दावतों में यह डिश तेजी से पसंद की जा रही है.

खास बात यह है कि मटन चाप को बनाने के लिए ज्यादा मुश्किल तैयारी की जरूरत नहीं होती, लेकिन सही मसालों और सही तरीके से पकाने पर इसका स्वाद बिल्कुल होटल स्टाइल बन जाता है. जब इसे गर्मागर्म नान, रूमाली रोटी या पराठे के साथ सर्व किया जाता है, तो मेहमान खुद इसकी रेसिपी पूछने लगते हैं.

मटन चाप के लिए क्या-क्या चाहिए?

  • मटन चाप (500 ग्राम)
  • दही (1 कप)
  • अदरक-लहसुन पेस्ट (2 बड़े चम्मच)
  • लाल मिर्च पाउडर (1 छोटा चम्मच)
  • हल्दी (1/2 छोटा चम्मच)
  • गरम मसाला (1 छोटा चम्मच)
  • काली मिर्च पाउडर (1/2 छोटा चम्मच)
  • नींबू रस (1 बड़ा चम्मच)
  • नमक स्वादानुसार
  • सरसों तेल या घी (3 बड़े चम्मच)

मैरिनेशन की प्रोसेस

मटन चाप का असली स्वाद उसके मैरिनेशन में छिपा होता है. एक बड़े बाउल में दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, सभी मसाले और नींबू रस मिलाकर एक गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब इसमें मटन चाप डालकर अच्छे से कोट करें और कम से कम 4-5 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. अगर समय हो तो इसे रातभर मैरिनेट करना और भी बेहतर स्वाद देता है.

कैसे बनाएं मटन चाप?

एक पैन या कढ़ाही में घी गर्म करें और मैरिनेटेड मटन चाप को धीमी आंच पर पकाएं. बीच-बीच में इसे पलटते रहें ताकि मसाले अच्छे से अंदर तक समा जाएं. ढक्कन लगाकर पकाने से मटन नरम और जूसी बनता है. जब मटन अच्छी तरह गल जाए और हल्का सुनहरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें.

सर्व करने का तरीका

गरमा-गरम मटन चाप को हरी चटनी, प्याज के स्लाइस और नींबू के साथ सर्व करें. इसे नान, रोटी या फिर स्टीम राइस के साथ परोसा जा सकता है. इसका मसालेदार और रिच स्वाद बकरीद की दावत को यादगार बना देता है और हर मेहमान इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता.

अगला लेख