शर्म है कि आती नहीं, देश की शान के साथ खिलवाड़! AI समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का 'नंगा नाच'
भारत मंडपम में चल रहे इंडिया AI एक्सपो समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और शर्ट उतार कर प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ दिया. प्रदर्शन पीएम मोदी के विरोध में किया गया, जिसके बाद पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया.
इंडिया एआई एक्सपो समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की शर्मनाक हरकत से अभी लोग उबर भी नहीं पाए हैं कि एक और हरकत ने देश का सर झुका दिया है. जी हां, बात हो रही भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन की. शुक्रवार को भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई एक्सपो समिट के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता अचानक कार्यक्रम स्थल के भीतर विरोध जताने पहुंच गए.
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और सभा स्थल के एक हिस्से में पहुंचकर विरोध शुरू कर दिया. बात अगर इतनी ही होती तो चल भी जाता, लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट तक उतार दी, जिससे वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा.
वैध क्यूआर कोड से की थी एंट्री
दिल्ली पुलिस के अनुसार, करीब 10 युवक-युवतियां वैध क्यूआर कोड एंट्री के जरिए परिसर में दाखिल हुए थे. शोर-शराबे और नारेबाजी के बाद सुरक्षाबलों ने उन्हें रोका और बाहर निकाला. शुरुआती जांच में सामने आया कि ये सभी भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़े थे. बाद में इन्हें तिलक मार्ग थाने ले जाया गया.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में 5 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और अन्य से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
बीजेपी का तीखा हमला
इस घटना पर बीजेपी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला. पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस को न तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े भारत के प्रयासों पर भरोसा है और न ही देश की वैश्विक छवि की परवाह. उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पूरी दुनिया भारत के एआई समिट की सराहना कर रही है, वहीं कांग्रेस विरोध का रास्ता चुन रही है. पूनावाला ने कहा कि इस समिट को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, और टेक जगत की बड़ी हस्तियों सैम ऑल्टमैन और सुंदर पिचाई ने खुलकर तारीफ की है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस नेता शशि थरूर तक इस आयोजन को सकारात्मक बता चुके हैं, इसके बावजूद पार्टी के कुछ कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध जता रहे हैं.
चश्मदीद ने क्या कहा?
दिल्ली में हुए AI Impact Summit के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन पर वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी शीतल ने कड़ा ऐतराज़ जताया. उन्होंने कहा कि यह मंच विरोध-प्रदर्शन के लिए नहीं बल्कि भारत के भविष्य और तकनीक पर चर्चा के लिए बना है. शीतल के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस देश के विकास से जुड़ा विषय है और ऐसे गंभीर मंच की गरिमा बनाए रखना ज़रूरी है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वालों को यह समझना चाहिए कि इस तरह की जगहों पर राजनीतिक नारेबाज़ी मंच की मर्यादा को ठेस पहुंचाती है. घटना के बाद यह बहस भी तेज हो गई है कि क्या अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेक समिट जैसे आयोजनों को राजनीतिक विरोध का अखाड़ा बनाया जाना चाहिए या नहीं. इस बीच, AI समिट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.




