सड़क पर घसीटा-शर्ट फटी... कौन हैं कांग्रेस नेता विनोद जाखड़ और क्यों रात में थाने पहुंचे, ऐसा हुआ हाल
देर रात दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के युवा नेता विनोद जाखड़ को सड़कों पर घसीटकर हिरासत में लिया, इस दौरान जाखड़ की शर्ट तक फट गई. जाखड़ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे.
Vinod Jakhar
दिल्ली में कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ उस समय चर्चा में आ गए, जब दिल्ली पुलिस ने उन्हें और संगठन के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. NSUI का आरोप है कि 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान उसकी महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई थी. संगठन इसी मामले में आरोपी महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहा था.
NSUI के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान विनोद जाखड़ को सड़क पर घसीटा गया, जिससे उनकी शर्ट फट गई. जाखड़ ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन पर जूते और बूट से हमला किया. उन्होंने सवाल उठाया कि महिला कार्यकर्ताओं के लिए न्याय की मांग करना क्या अपराध है. हालांकि, ये आरोप NSUI और विनोद जाखड़ की ओर से लगाए गए हैं.
विनोद जाखड़ ने पुलिस पर क्या आरोप लगाए?
विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन पर जूते तथा बूट से हमला किया गया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत नहीं होने पर भी नाराजगी जताई. जाखड़ ने कहा "हम यहां सिर्फ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर आए हैं, लेकिन DCP न हमसे बात कर रहे हैं और न हमारी बात सुन रहे हैं. क्या अपनी महिला कार्यकर्ताओं के लिए न्याय मांगना अपराध है?"
कौन हैं विनोद जाखड़?
विनोद जाखड़ का जन्म 7 सितंबर 1994 को राजस्थान के जयपुर जिले की विराटनगर तहसील के जोधुला गांव में हुआ था. उनके पिता पूरण मल जाखड़ मकान बनाने वाले मिस्त्री हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद विनोद ने पढ़ाई जारी रखी. जानकारी के मुताबिक, जयपुर आने के बाद उनके पिता को एक निजी स्कूल में निर्माण कार्य मिला. इसके बदले विनोद को उसी स्कूल में मुफ्त पढ़ाई करने का अवसर मिला. वह अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं.
कैसे शुरू हुई छात्र राजनीति?
विनोद जाखड़ ने जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी के संघटक कॉलेज राजस्थान कॉलेज में एडमिशन लिया था. यहां से उन्होंने बीए की पढ़ाई पूरी की. कॉलेज के दिनों में ही उनकी छात्र राजनीति में दिलचस्पी बढ़ी और साल 2014 में वह राजस्थान कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए. स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में लोक प्रशासन विभाग में प्रवेश लिया और एमए की पढ़ाई की. इसके अलावा उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से कानून यानी एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई भी की.
क्यों किया था वेटर का काम?
विनोद जाखड़ के छात्र राजनीति के सफर में आर्थिक चुनौतियां भी शामिल रहीं. बताया जाता है कि कॉलेज की पढ़ाई और शुरुआती राजनीतिक गतिविधियों का खर्च उठाने के लिए उन्होंने जयपुर में वेटर के रूप में काम किया. साल 2018 के यूनिवर्सिटी चुनाव में पोस्टर और बैनर छपवाने के लिए उनके पास ज्यादा पैसे नहीं थे. ऐसे में उन्होंने छात्रों से एक-एक रुपये का सहयोग जुटाया और चुनाव लड़ा.
राजस्थान कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष बनने से शुरू हुआ विनोद जाखड़ का राजनीतिक सफर आगे बढ़ा और वह कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI से जुड़कर राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हुए. संगठन में उनकी भूमिका ने उन्हें राष्ट्रीय छात्र राजनीति में पहचान दिलाई.




