आज से मौसम का बड़ा यू-टर्न! तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड समेत कई राज्य प्रभावित
देशभर में मौसम ने अचानक करवट ली है और कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का नया दौर शुरू हो गया है. IMD ने दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है.
दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गए हैं, जिसकी वजह से पूरे देश में आज से फिर से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि पश्चिमी हिमालयी इलाकों, उत्तर भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान पूरी तरह से बादलों से ढका रहेगा. हल्की-हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मार्च से मौसम का एक और नया दौर शुरू होगा, जिसमें गरज-चमक के साथ तेज और झमाझम बारिश हो सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बारिश की वजह से गर्मी थोड़ी कम महसूस हो सकती है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में 27 से 31 मार्च तक मौसम खराब रहने वाला है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और मौसम ठंडा-ठंडा हो जाएगा। इस दौरान पूरे राज्य में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
उत्तराखंड
उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह बदल गया है. पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है. 3300 मीटर या उससे ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है, जबकि और भी ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है. मैदानी इलाकों में हालांकि तेज धूप निकल रही है, इसलिए वहां तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिख रहा है. पहाड़ों पर यात्रा करने वालों को सावधानी बरतनी चाहिए.
राजस्थान
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है. पहले जहां तेज धूप पड़ रही थी, अब काले घने बादल छा गए हैं. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को पूरे दिन राज्य में मौसम सूखा रहा, लेकिन ठंडी हवाएं और बादल छाए रहे। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान माउंट आबू में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा. अगले कुछ दिनों में राजस्थान के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.




