मौसम का बड़ा उलटफेर: दिल्ली-UP में राहत, बिहार-झारखंड में तूफान का कहर
उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है, जहां दिल्ली और यूपी में राहत की बारिश हो रही है वहीं बिहार और झारखंड में तूफानी हालात बने हुए हैं.
उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने एक बार फिर से अपना रुख बदल लिया है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में मौसम काफी सक्रिय हो गया है. कहीं हल्की बारिश हो रही है, तो कहीं तेज आंधी और गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कई इलाकों में येलो अलर्ट और कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है.
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली. शनिवार 28 मार्च को दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. आज यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. राहत अभी और भी जारी रहने वाली है। रविवार को दिल्ली में तेज हवाएं (30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से) चलने के साथ गरज-चमक और मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले एक हफ्ते तक दिल्ली में तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रहने वाला है, जिससे गर्मी का असर कम रहेगा.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है. आज 28 मार्च को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम सामान्य रहेगा. आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. नोएडा और गाजियाबाद में भी आज मौसम ठीक-ठाक रहेगा. लेकिन कल यानी रविवार से मौसम फिर बदलने वाला है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की वापसी हो सकती है. बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
बिहार में उग्र मौसम
बिहार में मौसम ने सबसे ज्यादा तगड़ा रूप दिखाया है. शुक्रवार रात को पटना समेत 34 जिलों में तेज हवाएं 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं. इनके साथ भारी बारिश भी हुई। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली की सप्लाई बाधित हो गई और ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. शनिवार को भी बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश, गरज और तड़क के साथ आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
झारखंड में ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में आज खासतौर पर 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें चतरा, रांची, खूंटी, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा जैसे जिले शामिल हैं. इन इलाकों में तेज बिजली गिरने, आंधी और तूफान की आशंका है. लोग घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें.
पहाड़ी राज्यों का हाल
हिमाचल प्रदेश में शिमला और कुल्लू-मनाली इलाकों में तापमान काफी गिर गया है. 28 से 30 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है. उत्तराखंड में उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में 2 अप्रैल तक मौसम अस्थिर बना रहेगा. 3300 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.
राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश
राजस्थान में शनिवार दोपहर बाद जोधपुर और बीकानेर संभाग में आंधी-बारिश हो सकती है. 29 और 30 मार्च को जयपुर, अजमेर समेत कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. हरियाणा में 29 और 30 मार्च के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां भी बारिश और आंधी की संभावना है।मध्य प्रदेश के ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और आसपास के कई जिलों में बिजली गिरने और छिटपुट बारिश की चेतावनी दी गई है.
फसलों पर असर
आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है. खासकर बिहार और कुछ अन्य राज्यों में किसानों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग की सलाह है कि लोग मौसम की खबरें नियमित रूप से देखते रहें और सुरक्षित रहें. अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है. गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और जनजीवन पर असर पड़ रहा है.




