Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर में बरसे बादल, 15 राज्यों में बारिश-तूफान का अलर्ट; जानें आपके शहर का हाल
देश के 15 से ज्यादा राज्यों में IMD ने बारिश, आंधी और ओले का अलर्ट जारी किया है. इस बदलाव से तापमान गिरेगा लेकिन किसानों के लिए फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है.
देश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल रहा है. पूर्वी भारत और उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 मार्च से लेकर 26-28 मार्च तक के लिए अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओले भी पड़ने की चेतावनी है.
यह मौसम किसानों के लिए चिंता की बात है क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे खुले में कम से कम जाएं, फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाएं और सतर्क रहें. इस बारिश और तूफान से तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. अब चलिए जानते हैं विभिन्न इलाकों और राज्यों में 23 मार्च को मौसम कैसा रहने वाला है, और आने वाले दिनों में क्या हाल रहेगा.
दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर में 23 मार्च को हल्की बारिश देखने को मिली जिससे तापमान और नीचे गिर गया. सुबह और दोपहर में तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 25 मार्च के बाद तापमान फिर से बढ़कर 35 डिग्री से ऊपर जा सकता है. प्रदूषण में भी थोड़ी कमी आएगी.
उत्तर प्रदेश में कल मौसम कैसा रहेगा?
23 मार्च को यूपी में बारिश की संभावना कम है, लेकिन 3-4 दिनों तक तेज हवाएं चल सकती है. फिर 27 मार्च से तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. खासकर कानपुर, लखनऊ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, बरेली जैसे जिलों में बारिश हो सकती है.
बिहार में मौसम का हाल
बिहार में 24 से 28 मार्च तक बारिश और तूफान का दौर रहेगा. पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा जैसे कई जिले प्रभावित हो सकते हैं. पटना में 23 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रह सकता है.
उत्तराखंड में आज मौसम कैसा रहेगा?
23 मार्च को उत्तराखंड में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है. देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में बारिश हो सकती है. लोगों को बहुत सावधान रहने की सलाह है. देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है. 27 से 29 मार्च तक फिर से बारिश का दौर आएगा.
उत्तर-पश्चिम भारत (राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख)
- यहां मौसम विभाग ने 23 मार्च से 26 मार्च तक भारी बारिश और तूफान का अलर्ट दिया है. हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. पूर्वी राजस्थान में 23 और 25 मार्च को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है
- 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाएं रहेंगी
- हिमाचल और उत्तराखंड में 23 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी के साथ आंधी आ सकती है
पूर्वी भारत (बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल)
- यह इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला है। 24 से 28 मार्च तक गरज-चमक, तेज आंधी (30-50 किमी/घंटा) और बारिश की चेतावनी है गंगा के मैदानी इलाकों में पश्चिम बंगाल में 24, 27 और 28 मार्च को भारी बारिश और 50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं
- बिहार, झारखंड और ओडिशा में 24 से 28 मार्च तक बारिश-तूफान रहेगा। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं




