सुबह राहत, दोपहर में आफत! 44°C की आग में तपेगा NCR, यूपी से पंजाब तक कई राज्यों में लू बरपाएगी कहर
एनसीआर समेत कई राज्यों में सूरज की तेज़ तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
23 अप्रैल को कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम
उत्तर भारत में गर्मी अब खतरनाक रूप लेने लगी है. दिल्ली-NCR समेत यूपी, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह के समय हल्की राहत जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर देंगी.
मौसम विभाग ने 23 से 26 अप्रैल के बीच कई राज्यों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.
दिल्ली-NCR में चार दिन तक तेज गर्मी का असर
दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक मौसम बेहद गर्म रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके बाद 24 और 25 अप्रैल को गर्मी और बढ़ेगी, जब तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है.
इन दिनों के लिए हीट वेव यानी लू की चेतावनी जारी की गई है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है. 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रह सकता है.
हरियाणा में भी गर्म हवाओं का असर
हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने वाला है, जिससे धूप और ज्यादा तेज महसूस होगी. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि सुबह और देर रात हल्की राहत महसूस हो सकती है, लेकिन दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.
पंजाब में भी बढ़ेगा तापमान
पंजाब में भी आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है. मौसम विभाग ने राज्य में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.
उत्तर प्रदेश में अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी
उत्तर प्रदेश में इस बार अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी का दौर देखने को मिल रहा है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. पछुआ हवाओं के कारण वातावरण और अधिक गर्म महसूस हो रहा है. मौसम विभाग ने 22 से 26 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है.
राजस्थान में तपिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान
राजस्थान में भी गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है. जयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 25 अप्रैल के बीच कई जिलों में लू का असर बना रहेगा. जोधपुर संभाग में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि इन हवाओं से गर्मी में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है क्योंकि हवाएं भी गर्म रहेंगी.
पहाड़ी राज्यों में बारिश- बर्फबारी
जहां मैदानी इलाकों में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं हिमालयी क्षेत्रों में मौसम थोड़ा राहत भरा रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 24 से 28 अप्रैल के बीच पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. इससे पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम सुहावना बना रह सकता है.




