तेलंगाना: एक रात में 6 हत्याएं, पहले पत्नी और बच्चों को मारा, फिर रेप का आरोप लगाने वाली नाबालिग को बनाया निशाना; हैरान कर देगा केस
तेलंगाना से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने एक ही रात में 6 लोगों की हत्या कर दी. उसने पहले परिवार को खत्म किया उसके बाद उसके बाद केस लगाने वाले नाबालिग को मौत के घाट उतार दिया.
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में शुक्रवार की रात ऐसा खूनी खेल खेला गया, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. एक ही रात में छह लोगों की हत्या कर दी गई. आरोप है कि 35 वर्षीय राजकुमार ने पहले अपने ही घर में पत्नी और दो मासूम बेटों की जान ली, फिर उस नाबालिग लड़की के घर पहुंचा, जिसने कुछ महीने पहले उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. वहां उसने लड़की, उसकी मां और नानी की भी हत्या कर दी.
वारदात के बाद आरोपी अपने पिता को फोन करता है और कहता है, "मैंने यह सब कर दिया है... मैंने इन लोगों की हत्या कर दी है." इसके बाद उसका फोन बंद हो जाता है और वह फरार हो जाता है.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजकुमार ने शुक्रवार रात सबसे पहले अपने घर में हमला किया. उसने अपनी 30 वर्षीय पत्नी पार्वती सरिता और अपने दो बेटों, जिनकी उम्र 4 साल और 1 साल थी, की कथित तौर पर हत्या कर दी.
इसके बाद वह कार लेकर उस 17 वर्षीय लड़की के घर पहुंचा, जिसने 16 मई को उसके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस के अनुसार, राजकुमार लड़की को कार में बैठाकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, उसने लड़की के घर पहुंचकर उसकी 45 वर्षीय मां और 65 वर्षीय नानी की भी हत्या कर दी. हालांकि, घटना के समय घर में मौजूद लड़की की 20 वर्षीय दिव्यांग बहन को उसने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया.
इन सभी हत्याओं के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन किया. सीनियर पुलिस अधिकारी तरुण जोशी के मुताबिक, आरोपी ने अपने पिता से कहा, "मैंने यह कर दिया है. मैंने इन लोगों की हत्या कर दी है." इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी कहा था कि वह आत्महत्या करने जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस क्या उठा रही है कदम?
पुलिस ने बताया कि राजकुमार फिलहाल फरार है. उसे पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
2018 में हुई थी लव मैरिज
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार और पार्वती सरिता ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों कुछ समय तक गांव से बाहर रहे और बाद में शाबाद और देवलागुडा स्थित अपने घरों में रहने लगे. दंपति के तीन बच्चे थे. उनका पहला बच्चा, एक बेटी, बचपन में ही चल बसी थी.
आरोपी पर क्या था मामला?
इस साल मई में राजकुमार के खिलाफ 17 वर्षीय लड़की ने पीछा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. पुलिस के मुताबिक, राजकुमार लड़की का उसके कोचिंग सेंटर से घर तक पीछा करता था और उस पर अपने प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार करने का दबाव बनाता था.
16 मई को उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. गिरफ्तारी के बाद मिली थी अग्रिम जमानत. मामला दर्ज होने के बाद राजकुमार कुछ समय तक फरार रहा था. बाद में उसने अदालत से अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) ले ली. पुलिस के अनुसार, जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, उनमें अधिकतम सजा सात साल से कम थी, इसलिए उसे अग्रिम जमानत मिल गई.
क्या थी जुए की लत?
पुलिस अधिकारी तरुण जोशी ने बताया कि राजकुमार का व्यवहार पहले से ही सामान्य नहीं था. पुलिस ने उसे दो-तीन बार काउंसलिंग के लिए भी बुलाया था. परिवार के लोगों ने भी पुलिस को बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी.
इसके अलावा उसे जुए की लत थी और उस पर पहले से कर्ज भी था. घटना के बाद जब परिजन घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दोनों मासूम बच्चे बिस्तर पर पड़े थे. उनका कहना है कि बच्चों की हत्या संभवतः नींद में ही की गई.
वहीं, जिस कमरे में पार्वती सरिता का शव मिला, वहां संघर्ष के निशान दिखाई दिए. परिजनों ने यह भी बताया कि घर के दरवाजे अंदर से बंद थे और पंखा, एयर कंडीशनर तथा कूलर सभी चल रहे थे.
क्या हुआ था पारिवारिक विवाद?
परिवार के सदस्यों का कहना है कि घटना से पहले किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी. उन्होंने बताया कि वारदात से एक शाम पहले तक पार्वती सरिता ने रिश्तेदारों से सामान्य तरीके से बातचीत की थी.
फोरेंसिक टीम ने सभी घटनास्थलों की जांच की है. पुलिस अब पूरी वारदात की क्रमवार कड़ियों को जोड़ने और हत्या के सही मकसद की पुष्टि करने में जुटी है. आरोपी की तलाश लगातार जारी है और पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.




