शिंदे ने 6 गद्दारों को जन्म दिया, 'नंदनवन' में झूल रहा पालना- बागी सांसदों के शिवसेना में शामिल होने पर संजय राउत ने ये क्या कह दिया?
शिवसेना (UBT) के 6 लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने के बाद संजय राउत ने शिंदे पर निशाना साधते हुए तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया और इसे पार्टी के साथ विश्वासघात बताया. वहीं शिंदे गुट ने इसे शिवसेना को मजबूत करने वाला कदम बताया है और कहा है कि ऑपरेशन टाइगर पूरा हो गया है.
शिंदे पर संजय राउत ने दिया विवादित बयान
महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (UBT) और एकनाथ शिंदे गुट के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. शिवसेना (UBT) के छह लोकसभा सांसदों के शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने के बाद संजय राउत ने गुट पर तीखा हमला बोला है. राउत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने छह गद्दारों को जन्म दिया है.
राउत ने शिंदे के सरकारी आवास ‘नंदनवन’ का जिक्र करते हुए विवादित टिप्पणी की और कहा कि यह घटनाक्रम पार्टी के लिए बड़ा झटका है. उन्होंने कहा कि शिंदे को अब 'सी-सेक्शन सर्जरी' करवानी पड़ेगी. राउत के ये बयान उस समय आए जब शिंदे ने छह सांसदों के पार्टी में शामिल होने के बाद कहा था कि ऑपरेशन टाइगर पूरा हो गया है.
दरअसल, शिवसेना (UBT) के छह लोकसभा सांसदों ने सोमवार को औपचारिक रूप से एकसाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया. इससे उद्धव ठाकरे गुट में चल रही अंदरूनी कलह और बढ़ गई है. शिंदे गुट में शामिल होने वाले सांसदों में संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणी), संजय दीना पाटिल (मुंबई नॉर्थ ईस्ट), नागेश पाटिल-अष्टिकर (हिंगोली), ओमप्रकाश राजेनिंबालकर (धाराशिव) और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) शामिल हैं.
इससे पहले भी जून 2022 में शिवसेना में बड़ी टूट हुई थी, जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विधायकों के एक बड़े समूह ने उद्धव ठाकरे से अलग होकर सरकार बनाई थी. अब लोकसभा सांसदों के इस कदम ने महाराष्ट्र की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है.
शिंदे ने बागी सांसदों के शिवसेना में शामिल होने पर क्या कहा?
- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. बागी सांसदों का स्वागत करते हुए शिंदे ने कहा कि 'ऑपरेशन टाइगर' अब पूरी तरह सफल और पूरा हो गया है. उन्होंने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि मैं कोई भी काम अधूरा नहीं छोड़ता."
- 2022 में हुई अपनी पहली बगावत (जब 40 विधायक उनके साथ आए थे) को याद करते हुए शिंदे ने कहा कि उन्होंने तब जो कदम उठाया था, वह अब पूरी तरह सफल हुआ है और इस बार उन्होंने सीधे 'छक्का' (6 सांसदों को साथ लाकर) मारा है.
- शिंदे ने सांसदों के पाला बदलने को अपनी पार्टी के विस्तार और राजनीतिक आंदोलन का "दूसरा चरण" करार दिया. उन्होंने दावा किया कि ये सभी सांसद स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे की मूल विचारधारा को बचाने के लिए एकजुट हुए हैं और वे सभी 'असली शिवसेना' का हिस्सा बने हैं.
- शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत पर तंज कसने के अंदाज में शिंदे ने मजाकिया लहजे में कहा, "अब मेरे पास तीन संजय हैं." (उनका इशारा पार्टी में शामिल हुए बागी सांसद संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख और संजय जाधव की तरफ था)
- शिंदे ने नए सांसदों को आश्वस्त किया कि उनकी पार्टी में कोई 'बॉस कल्चर' नहीं है, बल्कि यह एक परिवार की तरह काम करती है. इसके साथ ही उन्होंने वादा किया कि डबल-इंजन सरकार के माध्यम से इन सभी सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों के लंबित विकास कार्यों और परियोजनाओं को पूरा समर्थन दिया जाएगा.




