नाव में राहुल गांधी के साथ महिला और बच्चा कौन? तस्वीर शेयर गिरिराज सिंह ने पूछा सवाल- काग्रेस ने दिया तीखा जवाब
राहुल गांधी की एक नाव वाली तस्वीर को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फोटो शेयर कर पूछा कि यह तस्वीर कहां और कब की है. जिस पर कांग्रेस ने तीखा जवाब दिया है.
राजनीति में नेताओं की निजी तस्वीरें भी कई बार सियासी विवाद का हिस्सा बन जाती हैं. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की एक तस्वीर को लेकर ऐसा ही मामला सामने आया है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह एक महिला और बच्चे के साथ नाव में नजर आ रहे हैं. तस्वीर को लेकर गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी से पूछा कि यह फोटो कहां और कब की है और उनके साथ मौजूद लोग कौन हैं.
गिरिराज सिंह ने क्या पूछा?
गिरिराज सिंह ने X पर तस्वीर शेयर करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि यह तस्वीर कहां की है, कब ली गई और तस्वीर में उनके साथ कौन लोग मौजूद हैं. उन्होंने लिखा कि वह यह जानने के लिए उत्सुक हैं.
गिरिराज सिंह के इस पोस्ट के बाद तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और सवालों का दौर शुरू हो गया. राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर BJP पहले भी सवाल उठाती रही है. जून-जुलाई में राहुल गांधी की करीब तीन सप्ताह की विदेश यात्रा को लेकर भी BJP ने उनकी आलोचना की थी. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि गिरिराज सिंह की ओर से शेयर की गई तस्वीर राहुल गांधी की हालिया विदेश यात्रा की ही है या नहीं.
तस्वीर में कौन नजर आ रहा है?
गिरिराज सिंह की ओर से शेयर की गई तस्वीर में राहुल गांधी एक नाव में बैठे नजर आ रहे हैं. उनके साथ एक महिला और एक बच्चा भी दिखाई दे रहा है. महिला ने सिर पर स्कार्फ और आंखों पर चश्मा लगा रखा है. बच्चा नीले रंग की पूरी बांह वाली स्विमिंग ड्रेस में राहुल गांधी और महिला के बीच बैठा दिखाई दे रहा है.
कांग्रेस ने तस्वीर को लेकर क्या कहा?
तस्वीर पर सवाल उठने के बाद कांग्रेस की ओर से सफाई दी गई. कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि तस्वीर में दिखाई दे रही महिला और बच्चा राहुल गांधी के दोस्त की पत्नी और बेटा हैं. उनके मुताबिक, वे लोग पारिवारिक छुट्टी पर साथ गए थे, जबकि राहुल गांधी के दोस्त तस्वीर में मौजूद नहीं हैं.
सुप्रिया श्रीनेत ने गिरिराज सिंह पर तीखी टिप्पणी भी की. उन्होंने कहा कि तस्वीर में एक महिला और पुरुष को साथ देखकर इस तरह के सवाल उठाना गलत सोच को दर्शाता है. उन्होंने गिरिराज सिंह को अपनी निजी निराशा को दूसरों पर हावी नहीं होने देने की सलाह दी.
सुप्रीया ने लिखा,"आप लीचड़ किस्म के आदमी हैं, जो महिला-पुरुष को साथ देख कर घटिया ही सोच सकते हैं. तस्वीर में जो महिला और बच्चा हैं वह राहुल जी के मित्र की पत्नी और बच्चा हैं - मित्र फोटो में नहीं हैं - छुट्टी पर सपरिवार साथ थे. महिलायें आप जैसे लिजलिजों के साथ सहज नहीं हैं - कुंठित मत होइए.
तस्वीर कहां की बताई गई?
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी अवि डंडिया ने भी तस्वीर को लेकर जानकारी दी. उन्होंने दावा किया कि यह तस्वीर अमेरिका के टेक्सास स्थित लेक रे रॉबर्ट्स की है. उन्होंने गिरिराज सिंह से कहा कि वे खुद भी इस जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं. वहीं, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी गिरिराज सिंह पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ इस तरह की जिज्ञासा अच्छी बात नहीं है और डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही.
क्या राहुल की विदेश यात्रा पर उठे हैं सवाल?
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब BJP राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर लगातार सवाल उठा रही है. राहुल गांधी मानसून सत्र शुरू होने से कुछ दिन पहले भारत लौटे थे. BJP IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने पिछले महीने राहुल गांधी की 22 जून से 13 जुलाई के बीच हुई विदेश यात्रा को लेकर सवाल उठाए थे. उन्होंने पूछा था कि राहुल गांधी कहां गए, किन लोगों से मिले और उनकी यात्रा और ठहरने का खर्च किसने उठाया.
अमित मालवीय ने यह भी कहा था कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के दौरान हुई मुलाकातों का भारत के राजनीतिक या रणनीतिक हितों पर कोई असर था या नहीं. मुंबई BJP अध्यक्ष अमित सताम ने भी राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि राहुल गांधी ने अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत के ‘दुश्मनों’ से मुलाकात की और देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश की.
BJP ने राहुल की कितनी विदेश यात्राओं का दावा किया?
BJP पहले भी दावा कर चुकी है कि राहुल गांधी ने 54 ऐसी विदेश यात्राएं की हैं, जिनका पता लगाया जा सकता है. पार्टी ने इन यात्राओं को लंदन, न्यूयॉर्क, इटली, जर्मनी, कतर, वियतनाम, कंबोडिया, मालदीव और दुबई जैसे देशों और स्थानों से जोड़ा था. BJP ने ओमान की एक कथित ‘गुप्त’ यात्रा का भी दावा किया था.
विदेश यात्राओं के खर्च पर भी BJP ने उठाए सवाल...
BJP ने राहुल गांधी की घोषित आय और उनकी विदेश यात्राओं पर होने वाले अनुमानित खर्च के बीच कथित अंतर को लेकर भी सवाल उठाए थे. पार्टी ने दावा किया था कि इन यात्राओं का कुल अनुमानित खर्च करीब 60 करोड़ रुपये था.
BJP ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि 10 साल में राहुल गांधी की घोषित आय करीब 11 करोड़ रुपये रही, जबकि विदेश यात्राओं पर अनुमानित खर्च करीब 60 करोड़ रुपये बताया गया. पार्टी ने इसे बड़ा फंडिंग विवाद बताया था.




