Punjab Politics Shake-Up: राघव चड्ढा की चाल से बदला गेम, 2027 में BJP का बड़ा प्लान क्या?
आम आदमी पार्टी (AAP) में बगावत और राघव चड्ढा फैक्टर से पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव, 2027 चुनाव में BJP, कांग्रेस और अकाली दल के लिए नए मौके बने.
पंजाब की राजनीति में अचानक आई हलचल ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है. आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर उभरी बगावत और राघव चड्ढा जैसे बड़े चेहरों के फैसलों ने सियासी समीकरण बदलने शुरू कर दिए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार अब सिर्फ विपक्ष से नहीं, बल्कि अंदरूनी चुनौतियों से भी जूझती दिख रही है. इस घटनाक्रम को भारतीय जनता पार्टी अपने विस्तार के मौके के रूप में देख रही है. जबकि कांग्रेस और अकाली दल भी इसे राजनीतिक अवसर में बदलने की कोशिश में हैं. सवाल अब यह नहीं कि बगावत क्यों हुई, बल्कि यह है कि क्या यह 2027 के चुनाव में सत्ता का पूरा खेल बदल देगी?
AAP में बगावत क्यों हुई?
पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर उभरी दरार अब खुलकर सामने आ चुकी है. Raghav Chadha समेत कई नेताओं के पार्टी से दूरी बनाने के पीछे सबसे बड़ा कारण लीडरशिप कॉन्फ्लिक्ट माना जा रहा है. पंजाब में सरकार चला रहे Bhagwant Mann और दिल्ली नेतृत्व के बीच तालमेल को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं. इसके अलावा संगठन में कुछ नेताओं के साइडलाइन होने की भावना ने असंतोष को और बढ़ाया.
ये भी पढ़ें :राघव एंड कंपनी की जाएगी सदस्यता, क्या 2/3 वाला नियम भी नहीं बचा पाएगा सांसदी? ऐसे समझें
इस घटना के बाद से AAP लगातार आरोप लगा रही है कि बीजेपी “ऑपरेशन एक्सपेंशन” के तहत दबाव बना रही है, जबकि बीजेपी इसे नकारती है. हकीकत यही है कि आंतरिक कलह और बाहरी राजनीतिक मौके, दोनों ने मिलकर इस बगावत को जन्म दिया है.
पंजाब का caste और vote-bank समीकरण क्या?
पंजाब का चुनावी गणित पूरी तरह सामाजिक संरचना पर टिका है. जाट सिख समुदाय करीब 20 से 25% है और राजनीतिक रूप से सबसे प्रभावशाली माना जाता है. दलित आबादी लगभग 32% है, जो देश में सबसे ज्यादा है और कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभाती है.
इसके अलावा 35–38% हिंदू वोटर शहरी क्षेत्रों में चुनावी रुख तय करते हैं. 2022 में आरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में AAP ने दलित, जाट सिख और एंटी-इंकंबेंसी का मजबूत गठजोड़ बनाकर बड़ी जीत हासिल की थी. लेकिन मौजूदा बगावत से यह संतुलन अब डगमगा सकता है.
इस बगावत से AAP को कितना नुकसान?
AAP के लिए यह सबसे बड़ा झटका इसलिए है क्योंकि पंजाब उसका सबसे मजबूत राज्य है. बड़े नेताओं के जाने से पार्टी का कैडर और संगठन कमजोर हो सकता है. इससे ग्राउंड लेवल पर कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरने का खतरा है. अगर पार्टी समय रहते डैमेज कंट्रोल नहीं कर पाती, तो इसका सीधा असर 2027 के चुनाव में दिख सकता है. हालांकि, पार्टी अभी भी गरीब और दलित वोट बैंक में अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रही है.
क्या BJP इस मौके का फायदा उठा पाएगी?
भारतीय जनता पार्टी इस घटनाक्रम को अपने विस्तार के अवसर के रूप में देख रही है. पार्टी शहरी हिंदू वोट बैंक के साथ-साथ नए शामिल नेताओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. अगर बीजेपी 20 से 25% वोट शेयर तक पहुंचती है, तो वह कई सीटों पर निर्णायक भूमिका निभा सकती है.
कांग्रेस और अकाली दल के लिए क्या है मौका ?
कांग्रेस इस स्थिति को वापसी के अवसर के रूप में देख रही है. उसका पारंपरिक दलित और ग्रामीण वोट बैंक अभी भी मौजूद है, जो AAP के कमजोर होने पर वापस आ सकता है. वहीं, शिरोमणि अकाली दल जाट सिख और ग्रामीण वोट पर फोकस बनाए हुए है. अगर वोटों का बंटवारा बढ़ता है, तो दोनों पार्टियां अप्रत्याशित फायदा उठा सकती हैं.
आज की तारीख में 2027 का चुनाव कैसा दिख रहा है?
2027 का विधानसभा चुनाव अब साफ तौर पर चार-कोणीय होता नजर आ रहा है. AAP, बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल के बीच. ऐसे में वोट शेयर बंटेगा और कई सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी हो सकता है. यही कारण है कि “हंग असेंबली” की संभावना पहले से ज्यादा मानी जा रही है. 2022 में जहां AAP को एकतरफा जीत मिली थी, वहीं 2027 में तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है.
क्या बगावत चुनाव का नतीजा तय करेगी?
यह बगावत सीधे तौर पर चुनाव का परिणाम तय नहीं करती, लेकिन पूरे खेल को खुला जरूर कर देती है. अब मुकाबला पहले की तरह एकतरफा नहीं रहेगा. AAP को जहां अपनी पकड़ बचाने की चुनौती है, वहीं बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल के पास नए मौके हैं. यानी यह घटनाक्रम पंजाब की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत का संकेत देता है, जहां हर सीट पर कड़ी टक्कर और अनिश्चित परिणाम देखने को मिल सकते हैं.
नेताओं के बयान से समझें सियासी मायने?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी (AAP) के 7 राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को "पंजाब के गद्दार" और "बिकाऊ" करार देते हुए, इन्हें भाजपा के ऑपरेशन लोटस का हिस्सा करार दिया है. बताया. मान ने आरोप लगाया कि ये नेता अपने बचाव (केंद्रीय एजेंसियों के डर) के लिए गए हैं, न कि पंजाब के मुद्दों के लिए, क्योंकि ये लोग जनता के बीच नहीं जाते थे. अपने स्वार्थ के लिए बीजेपी में शामिल हुए हैं.
मान ने राघव चड्ढा सहित पार्टी छ़ोड़ने वाले नेताओं पर तंज कसते हुए उन्हें "लहसुन, अदरक, जीरा, मेथी, लाल मिर्च, काली मिर्च, धनिया' करार दिया है. ये 7 चीजें मिलकर सब्जी का स्वाद तो बढ़ा सकती हैं, लेकिन ये अकेले 'सब्जी' नहीं बन सकते."
किसने कहा AAP को डूबता जहाज?
पंजाब बीजेपी अध्यक्ष Sunil Jakhar ने इसे “सही समय पर लिया गया फैसला” बताया और कहा कि नेताओं ने “डूबते जहाज” को छोड़ दिया. उन्होंने AAP सरकार पर खराब शासन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की कमी का आरोप लगाया.
विधायक भी होंगे BJP में शामिल
शिरोमणि अकाली दल के Bikram Singh Majithia ने दावा किया कि यह घटनाक्रम पहले से तय था और आने वाले दिनों में AAP के कई विधायक भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं, जिससे पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है.




