12वीं में फेल-शराब की लत और कई बॉयफ्रेंड, सिया को लेकर अब क्या-क्या सामने आ रहा?
पुणे के केतन अग्रवाल मौत मामले में पुलिस जांच के बीच सिया गोयल को लेकर कई नए दावे सामने आए हैं. जहां बताया जा रहा है कि सिया बारहवीं फेल है. इसके अलावा, केतन के अलावा उसके कई रिश्ते थे.
पुणे के लोहागढ़ में कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में हर दिन नए खुलासे होने का दावा किया जा रहा है. पुलिस का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा था. इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं.
जांच के दौरान अब सिया गोयल की निजी जिंदगी से जुड़े कई दावे भी सामने आए हैं. पुलिस के मुताबिक, वह 12वीं के एग्जाम तक पास नहीं कर पाई थी. इतना ही नहीं, शराब पीने की आदत थी और उसके एक से ज्यादा लोगों के साथ रिश्ते होने का भी दावा किया गया है.
सिया गोयल को लेकर क्या दावा?
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि सिया गोयल 12वीं की परीक्षा पास नहीं कर सकी थी. इतना ही नहीं, उसे शराब पीने की आदत थी, जिससे उसके माता-पिता काफी परेशान रहते थे. पुलिस का कहना है कि इसी कारण परिवार ने कम उम्र में ही उसकी शादी कराने का फैसला लिया, ताकि उसका जीवन सही दिशा में आगे बढ़ सके.
क्या सिया के थी मल्टीपल रिश्ते?
सिया गोयल के एक से ज्यादा लोगों के साथ रिश्ते होने का दावा किया गया है. जांच में यह भी कहा गया है कि वह चेतन चौधरी के लगातार कॉन्टैक्ट में थी. हालांकि, इन सभी आरोपों पर अंतिम फैसला अभी अदालत में होना बाकी है.
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों में सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2,004 फोन कॉल हुईं और दोनों ने लगभग 238 घंटे तक बातचीत की. जांच एजेंसियों का दावा है कि घटना वाले दिन दोनों पहले पुणे के एक कैफे में मिले और इसके बाद लोहागढ़ पहुंचे. आरोप है कि वहीं कथित साजिश को अंजाम देने की प्लानिंग की गई. फिलहाल इस मामले में सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है.




