तुमसे न हो पाएगा... केतन को मारने में 3 बार फेल हुई सिया तो बुरी तरह भड़का चेतन, अब एक-दूसरे पर फोड़ रहे ठीकरा
केतन अग्रवाल मर्डर केस में लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं. सिया गोयल ने तीन बार केतन को मारने का प्रयास किया था, लेकिन वो फेल हो गई थी, जिसके चलते चेतन चौधरी सिया के ऊपर चिल्लाया था. अब दोनों पुलिस कस्टडी में एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.
Ketan Agrawal Murder
महाराष्ट्र के लोनावाला स्थित लोहागढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केतन की हत्या की साजिश को अंजाम देने की कोशिश तीन बार नाकाम हुई थी, जिसके बाद कथित तौर पर आरोपी चेतन चौधरी ने खुद मोर्चा संभालने का फैसला किया.
जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाई थी. पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे और पूछताछ के दौरान दोनों एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश कर रहे हैं.
सिया पर क्यों चिल्लाया था चेतन?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश को पहले 3 बार अंजाम देने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों बार योजना सफल नहीं हो सकी. बताया जा रहा है कि इन कोशिशों के बाद चेतन चौधरी सिया गोयल से नाराज हो गया था. पुलिस जांच में सामने आए कथित बयान के मुताबिक, चेतन ने सिया से कहा था कि "तुमसे ना हो पाएगा, अब मैं ही इसका काम तमाम करता हूं." इसके बाद तीसरी बार कथित तौर पर चेतन ने पूरी योजना को अंजाम देने की जिम्मेदारी संभाली.
कितनी बार लोहागढ़ किले पर गई थी सिया?
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पहली दो कोशिशों के दौरान केवल सिया गोयल और केतन अग्रवाल ही लोहागढ़ किले पर गए थे. जांच अधिकारियों के मुताबिक, सिया अपने मंगेतर केतन की हत्या करने में सफल नहीं हो सकी. इसके बाद कथित तौर पर चेतन लगातार उस पर दबाव बना रहा था कि वह जल्द से जल्द इस वारदात को अंजाम दे. पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच हत्या की योजना को लेकर लगातार बातचीत होती रही.
कैसे हुई थी केतन को मारने की साजिश?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चेतन और सिया महाबलेश्वर में अकेले बैचलर पार्टी मनाने की योजना बना रहे थे. जांच में यह दावा किया गया है कि इसी वजह से केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई. हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि अदालत में पेश किए जाने वाले सबूतों के आधार पर होगी.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी के व्यवहार से ऐसा नहीं लगा कि उन्हें कथित अपराध पर कोई पछतावा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों अपनी भूमिका को कम बताने की कोशिश कर रहे हैं और अपराध की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं.
क्या एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे सिया और चेतन?
जांच अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में चेतन ने दावा किया कि वह सिया के साथ भाग जाना चाहता था, लेकिन सिया ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर केतन को मारने पर जोर दिया. वहीं, सिया ने पुलिस को बताया कि केतन की हत्या की योजना चेतन ने बनाई थी. एक जांच अधिकारी के अनुसार, सिया ने पुलिस को यह भी बताया कि 14 जून को केतन द्वारा उसे मारने की कोशिश कथित रूप से असफल होने के बाद चेतन काफी भावुक हो गया था और रोया था.




