Rhea Chakraborty ने बताया क्यों रखना चाहती थीं ब्रांड का नाम 'चुड़ैल का बदला', अब लॉन्च किया Chapter 2
रिया चक्रवर्ती ने अपने नए क्लोदिंग ब्रांड 'Chapter 2' के पीछे की कहानी साझा करते हुए बताया कि शुरुआती नाम 'चुड़ैल का बदला' रखने की योजना थी. उन्होंने जेल से रिहाई के बाद के संघर्ष, बेरोजगारी और जिंदगी में नई शुरुआत करने के फैसले पर भी खुलकर बात की.
बॉलीवुड एक्ट्रेस और इंटरप्रेन्योर रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) ने हाल ही में अपने जीवन के सबसे कठिन दौर और उससे उबरकर एक नई शुरुआत करने की अपनी कहानी शेयर की है. एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद रिया को न केवल कानूनी लड़ाइयों का सामना करना पड़ा, बल्कि भारी हर तरफ से बॉयकॉट भी झेलना पड़ा. अब, इन सब मुश्किलों को पीछे छोड़कर रिया ने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर एक नया क्लोथिंग ब्रांड 'चैप्टर 2' (Chapter 2) लॉन्च किया है. हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के टॉक शो 'डबल डेट' में शामिल हुईं रिया ने अपने इस नए सफर से जुड़े कई दिलचस्प और इमोशनल खुलासे किए.
ब्रांड का नाम 'चुड़ैल का बदला'
रिया ने बताया कि जब वह अपने इस ब्रांड की योजना बना रही थी, तो उनके मन में इसके नाम को लेकर बेहद अनोखे विचार थे. वह शुरुआत में अपने ब्रांड का नाम 'चुड़ैल का बदला' रखने के लिए बहुत एक्साइटेड थी. रिया ने कहा, 'मैं इसे लेकर पूरी तरह स्योर थी. मैंने तो इस नाम के साथ कूल टी-शर्ट और अन्य सामान बनाने की पूरी रूपरेखा भी तैयार कर ली थी. जब मैंने लोगों को यह विचार बताया, तो सबने मुझे सलाह दी कि मुझे इतना निगेटिव नहीं होना चाहिए. लेकिन मेरा मानना था कि यह निगेटिविटी नहीं, बल्कि एक मज़ेदार विचार है.'
सबसे अलग 'ब्लैक शीप'
जब 'चुड़ैल का बदला' नाम पर बात नहीं बनी, तो रिया ने इसका नाम 'ब्लैक शीप' (Black Sheep) रखने का फैसला किया. उन्होंने इस नाम के ब्रेसलेट भी बनवा लिए थे. रिया ने इसके पीछे का कारण बताते हुए कहा कि उस कठिन समय में वह और उनका परिवार खुद को समाज से अलग-थलग और 'काली भेड़' जैसा ही महसूस कर रहे थे. हालांकि, काफी सोच-विचार के बाद आखिरकार उन्होंने अपने इस नए सफर को 'चैप्टर 2' का नाम दिया, जो जिंदगी के एक नए चैप्टर को दर्शाता है.
जेल से रिहा होने के बाद का संघर्ष
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले में जेल से रिहा होने के बाद रिया और उनके भाई शोविक के लिए जिंदगी आसान नहीं थी. रिया ने बताया कि उस समय उन्हें एक्टिंग का कोई काम नहीं मिल रहा था और उनके भाई शोविक भी पूरी तरह बेरोजगार हो चुके थे. करियर के मोर्चे पर पूरी तरह से रास्ता बंद दिखने के बाद, दोनों भाई-बहन ने हार मानने के बजाय कुछ नया करने की ठानी. उन्होंने एक ऐसा ब्रांड बनाने का फैसला किया जो न केवल उनके पैरों पर खड़ा होने में मदद करे, बल्कि दूसरों को भी आगे बढ़ने और खुद को सशक्त बनाने की प्रेरणा दे. इसी सोच के साथ 'चैप्टर 2' का जन्म हुआ.




