Begin typing your search...

AAP की मुखर आवाज से कांग्रेस के मंच तक… कौन हैं प्रियंका कक्कड़, जिन्होंने पार्टी छोड़ते ही खोला मोर्चा, बताई पार्टी छोड़ने की वजह?

AAP की पूर्व राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में शामिल हो गई हैं. जानें उन्होंने आम आदमी पार्टी क्यों छोड़ी, कांग्रेस में शामिल होने के बाद राहुल गांधी को लेकर क्या कहा और 2013 से अब तक उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा.

AAP की मुखर आवाज से कांग्रेस के मंच तक… कौन हैं प्रियंका कक्कड़, जिन्होंने पार्टी छोड़ते ही खोला मोर्चा, बताई पार्टी छोड़ने की वजह?
X

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ अब कांग्रेस में शामिल हो गई हैं. कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह उस दिल्ली को वापस देखना चाहती हैं, जिसमें वह बड़ी हुई हैं. उन्होंने कहा कि वह ऐसी दिल्ली चाहती हैं जो हरी-भरी, साफ, विकासशील और सुरक्षित हो. प्रियंका ने कहा कि भारतीय राजनीति में एक दशक से ज्यादा समय बिताने के बाद उन्हें विश्वास है कि यह काम कांग्रेस कर सकती है.

प्रियंका कक्कड़ ने राहुल गांधी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि अगर राजनीति में कोई नेता प्रामाणिकता के साथ खड़ा है तो वह राहुल गांधी हैं. उन्होंने राहुल गांधी को ‘resilient’ यानी मुश्किल परिस्थितियों में मजबूती से टिके रहने वाला नेता बताया और कहा कि सभी को मिलकर आगे बढ़ना जरूरी है.

क्यों छोड़ी आम आदमी पार्टी?

कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी छोड़ने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि AAP ने कभी जनता से कहा था कि पार्टी बंगला और गाड़ी नहीं लेगी, लेकिन बाद में प्राइवेट यात्रा के लिए चॉपर का इस्तेमाल होने लगा. उन्होंने कहा कि राजस्थान से उठाकर लोगों को पंजाब में बंगला, गाड़ी और सब कुछ दिया जा रहा है. ये लोग हैं जिन्होंने कभी बूथ लेवल भी काम नहीं किया.

प्रियंका कक्कड़ के बारे में कितना जानते हैं आप?

प्रियंका कक्कड़ 2013 में आम आदमी पार्टी से जुड़ी थीं. अप्रैल 2023 में उन्हें AAP का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाया गया था. इससे पहले वह पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुकी थीं. 2017 से 2019 के बीच वह तेलंगाना की ऑब्जर्वर रहीं और बाद में दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की लीगल हेड बनाई गईं.

2020 में उन्होंने राघव चड्ढा के लोकसभा चुनाव अभियान में भी भूमिका निभाई थी. इसके बाद वह राज्यसभा सांसद संजय सिंह की सलाहकार रहीं और उत्तर प्रदेश की लीगल ऑब्जर्वर के तौर पर भी काम किया. पार्टी की 12 सदस्यीय मॉनिटरिंग कमेटी में भी वह शामिल थीं. प्रियंका कक्कड़ के पास यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया से कानून में मास्टर डिग्री है. राजनीति में प्रमुख जिम्मेदारियां संभालने से पहले उन्होंने करीब 17 साल तक वकालत की थी. प्रियंका कक्कड़ के पति का नाम नितिन कक्कड़ है.

‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर राहुल गांधी का किया जिक्र

प्रियंका कक्कड़ ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लड़ रहे हैं और उन्होंने जनता के सामने यह मुद्दा उठाया है. प्रियंका ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बताया है कि जनता का वोट चोरी किया जा रहा है और उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए.

राहुल गांधी को लेकर क्या बोलीं प्रियंका?

प्रियंका ने कहा कि उन्होंने देखा है कि राहुल गांधी को नीचा दिखाने के लिए पूरी मशीनरी लगाई गई, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस मजबूती से खड़े रहे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कभी कैमरे के लिए आंसू नहीं बहाए और उनके मुताबिक राहुल की राजनीति में यह बात उन्हें प्रभावित करती है. उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर पार्टी के नेताओं का धन्यवाद भी किया. प्रियंका ने कहा कि जिन नेताओं ने उन्हें कांग्रेस परिवार का हिस्सा बनाया, वह उन सभी की आभारी हैं.

अगला लेख