इंदिरा और वाजपेयी के पोखरण टेस्ट में अंतर क्या, 1974 से 1998 तक के सफर में भारत कैसे बन गया Nuclear Power?
1974 के स्माइलिंग बुद्धा से 1998 के ऑपरेशन शक्ति तक, जानिए कैसे भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षणों के जरिए दुनिया को चौंकाकर न्यूक्लियर पावर का दर्जा हासिल किया.
राजस्थान के तपते रेगिस्तान में 24 साल के अंदर हुए दो धमाकों ने सिर्फ धरती नहीं हिलाई थी, उन्होंने दुनिया की शक्ति-संतुलन की राजनीति बदल दी थी. पहला धमाका 1974 में हुआ, जब तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) सरकार ने दुनिया को संकेत दिया कि भारत परमाणु तकनीक हासिल कर चुका है. दूसरा धमाका 1998 में हुआ, जब अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) सरकार ने साफ ऐलान कर दिया कि भारत अब परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है. इन 24 वर्षों में भारत ने वैज्ञानिक प्रयोग से लेकर रणनीतिक शक्ति बनने तक का सफर तय किया. पोखरण के ये परीक्षण केवल सैन्य उपलब्धि नहीं थे, बल्कि उन्होंने भारत को वैश्विक राजनीति में नई पहचान दी. यही वह दौर था जब दुनिया ने पहली बार महसूस किया कि भारत सिर्फ उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि भविष्य की महाशक्ति भी है.
इंदिरा से अटल तक: पोखरण के दो धमाकों ने भारत को न्यूक्लियर पावर बना दिया?
राजस्थान के रेगिस्तान में बसे Pokhran Test Range ने दुनिया की वैश्विक राजनीति को दो बार हिला दिया. पहली बार 18 मई 1974 को, जब Indira Gandhi की सरकार ने भारत का पहला परमाणु परीक्षण किया. दूसरी बार मई 1998 में, जब Atal Bihari Vajpayee सरकार ने लगातार पांच परमाणु परीक्षण कर दुनिया को साफ संदेश दे दिया कि भारत अब केवल परमाणु क्षमता रखने वाला देश नहीं, बल्कि परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र है.
दोनों परीक्षणों ने भारत की वैश्विक पहचान बदल दी, लेकिन दोनों के उद्देश्य, रणनीति, तकनीक और राजनीतिक संदेश पूरी तरह अलग थे. 1974 का परीक्षण भारत की वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन था. जबकि 1998 का परीक्षण खुला सामरिक और रणनीतिक ऐलान बन गया.
स्माइलिंग बुद्धा: 1974 में भारत ने पहला परमाणु धमाका क्यों?
1962 में चीन युद्ध और फिर 1964 में चीन के परमाणु परीक्षण ने भारत की सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया था. इसी दौर में भारत ने परमाणु कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया. 18 मई 1974 को भारत ने पोखरण में पहला भूमिगत परमाणु परीक्षण किया, जिसका कोडनेम Smiling Buddha रखा गया. यह परीक्षण बुद्ध पूर्णिमा के दिन हुआ था, इसलिए इसे 'स्माइलिंग बुद्ध' कहा गया.
इंदिरा गांधी की सरकार ने इसे “Peaceful Nuclear Explosion” यानी शांतिपूर्ण परमाणु विस्फोट बताया. भारत उस समय दुनिया को यह संदेश देना चाहता था कि उसके पास उन्नत वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता है. हालांकि, भारत ने तब खुलकर खुद को परमाणु हथियार संपन्न देश घोषित नहीं किया.
यह परीक्षण प्लूटोनियम आधारित फिशन डिवाइस था, जिसकी अनुमानित क्षमता करीब 8 किलोटन मानी जाती है. उस समय भारत की कोशिश रणनीतिक अस्पष्टता बनाए रखने की थी. यानी क्षमता दिखाना, लेकिन हथियार नीति की खुली घोषणा न करना.
Operation Shakti: 1998 में भारत ने खुलकर परमाणु शक्ति होने का ऐलान कर दिया?
1974 और 1998 के बीच दुनिया बदल चुकी थी. चीन पहले से परमाणु ताकत था और पाकिस्तान भी तेजी से अपना परमाणु कार्यक्रम आगे बढ़ा रहा था. इसी बीच मई 1998 में अटल बिहारी वापपेयी सरकार ने “Operation Shakti” शुरू किया.
11 और 13 मई 1998 को भारत ने कुल पांच परमाणु परीक्षण किए. इनमें फिशन डिवाइस, सब-किलोटन परीक्षण और थर्मोन्यूक्लियर डिवाइस का दावा शामिल था. यही वह क्षण था, जब भारत ने दुनिया के सामने स्पष्ट कर दिया कि वह अब वास्तविक परमाणु हथियार शक्ति है. 1974 में भारत ने कहा था- “हम बना सकते हैं” 1998 में भारत ने कहा- “हमारे पास हैं.” यही दोनों परीक्षणों के बीच सबसे बड़ा अंतर माना जाता है.
कैसे अमेरिकी सैटेलाइट को चकमा देकर किया गया ऑपरेशन शक्ति?
1998 का परमाणु परीक्षण केवल वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं था, बल्कि भारतीय खुफिया और सैन्य गोपनीयता की भी बड़ी सफलता माना जाता है. उस समय अमेरिकी सैटेलाइट लगातार Pokhran Test Range की निगरानी कर रहे थे. भारतीय वैज्ञानिकों और सेना ने रात में मूवमेंट, रेगिस्तानी छलावरण और सीमित संचार तकनीक का इस्तेमाल किया. वैज्ञानिक सामान्य सेना अधिकारियों की तरह कपड़े पहनकर आते-जाते रहे ताकि किसी को शक न हो.
इस मिशन में पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन A. P. J. Abdul Kalam और R. Chidambaram की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है. परीक्षण सफल होने के बाद पूरी दुनिया हैरान रह गई कि भारत ने इतनी बड़ी कार्रवाई इतनी गोपनीयता से कैसे कर ली.
पाकिस्तान और दुनिया की प्रतिक्रिया क्या रही?
1974 के परीक्षण के बाद अमेरिका सहित कई पश्चिमी व यूरोपीय देशों ने भारत पर तकनीकी प्रतिबंध लगाए. इसी के बाद Nuclear Suppliers Group यानी NSG का गठन हुआ. ताकि परमाणु तकनीक के प्रसार को रोका जा सके. भारत लंबे समय तक परमाणु अलगाव का सामना करता रहा.
1998 के बाद स्थिति अलग थी. अमेरिका सहित कई देशों ने भारत पर प्रतिबंध लगाए. मगर दुनिया यह भी समझ चुकी थी कि भारत को नजरअंदाज करना आसान नहीं है. पाकिस्तान ने भी 28 और 30 मई 1998 को चगाई परमाणु परीक्षण कर जवाब दिया और दक्षिण एशिया आधिकारिक रूप से परमाणु क्षेत्र बन गया.
हालांकि, कुछ वर्षों बाद वैश्विक शक्तियों का रवैया बदलने लगा. अमेरिका और भारत के रिश्ते मजबूत हुए और आगे चलकर Indo-US Civil Nuclear Deal का रास्ता खुला. भारत को जिम्मेदार परमाणु शक्ति के रूप में देखा जाने लगा.
कैसे महाशक्तियों ने माना भारत का लोहा?
1974 के बाद दुनिया भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनने से रोकना चाहती थी, लेकिन 1998 के बाद दुनिया भारत को समझने लगी. यही सबसे बड़ा बदलाव था. भारत ने “No First Use” जैसी नीति अपनाकर खुद को जिम्मेदार परमाणु शक्ति के रूप में पेश किया.
अमेरिका, रूस और फ्रांस जैसे देशों ने धीरे-धीरे भारत के साथ रणनीतिक रिश्ते मजबूत किए. भारत मिसाइल तकनीक, परमाणु सिद्धांत और रक्षा क्षमता के मामले में नई ताकत बनकर उभरा. 21वीं सदी में भारत को एशिया की बड़ी सामरिक शक्ति के रूप में देखा जाने लगा. पोखरण के परीक्षणों ने यह साबित कर दिया कि भारत केवल क्षेत्रीय शक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक रणनीतिक समीकरण बदलने वाला देश बन चुका है.
पोखरण न्यूक्लियर टेस्ट क्यों: पूरी Timeline
- 1962 भारत-चीन युद्ध, सुरक्षा चिंताएं बढ़ीं.
- 1964 चीन ने पहला परमाणु परीक्षण किया.
- 18 मई 1974 भारत का पहला परमाणु परीक्षण - Smiling Buddha.
- 1975 NSG का गठन, भारत पर तकनीकी प्रतिबंध शुरू.
- 1980-90 का दशक पाकिस्तान का परमाणु कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ा.
- 11 मई 1998 भारत ने तीन परमाणु परीक्षण किए.
- 13 मई 1998 भारत ने दो और परीक्षण किए.
- 28 और 30 मई 1998 पाकिस्तान ने चगाई परमाणु परीक्षण किया.
- 2005 भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते की शुरुआत.
दोनों Test में असली फर्क क्या?
- 1974 का पोखरण भारत की वैज्ञानिक क्षमता का प्रतीक था.
- 1998 का पोखरण भारत की सामरिक ताकत की घोषणा था.
- एक ने दुनिया को चौंकाया, दूसरे ने दुनिया को भारत की नई शक्ति स्वीकार करने पर मजबूर कर दिया.




