Begin typing your search...

ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन, क्या भारत में भी होने वाला है ऐसा? PM मोदी ने दिया बड़ा हिंट

PM मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध की सराहना की. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के कदम से भारत समेत दुनिया के कई देश सीख ले सकते हैं.

pm modi anthony albanes
X

PM मोदी और एंथनी अल्बनीज

( Image Source:  x.com/narendramodi )

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के उस फैसले की खुलकर तारीफ की, जिसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों के प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने पर रोक लगाई गई है. उन्होंने कहा कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया जो कदम उठा रहा है, वह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायक है और भारत भी उससे कई बातें सीख रहा है.

मेलबर्न में आयोजित ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन (Australia-India Annual Leaders' Summit) को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी में यह बात कही. उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया से जुड़े कानूनों में ऑस्ट्रेलिया जिस तरह बदलाव कर रहा है और समाज की सुरक्षा के लिए काम कर रहा है, वह बेहद प्रेरणादायक है.

प्रधानमंत्री ने कहा, "आप सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया से जुड़े कानूनों में जिस तरह बदलाव कर रहे हैं और समाज की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं, उससे दुनिया प्रेरणा ले रही है. भारत भी आपके प्रयासों से बहुत कुछ सीख रहा है."

ऑस्ट्रेलिया में क्या है नया कानून?

प्रधानमंत्री मोदी जिस कानून का जिक्र कर रहे थे, वह दिसंबर 2025 से ऑस्ट्रेलिया में लागू हुआ है. इस कानून के तहत 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को TikTok, Facebook, Instagram, YouTube, X (पूर्व में Twitter) और Snapchat जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने या इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है. ऑस्ट्रेलिया ऐसा कानून लागू करने वाला दुनिया का पहला देश माना जाता है.

नए नियमों के अनुसार सोशल मीडिया कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कम उम्र के बच्चे प्लेटफॉर्म पर अकाउंट न बना सकें. इसके लिए कंपनियों को उम्र सत्यापन (Age Verification) के उचित तरीके अपनाने होंगे. अगर वे ऐसा करने में विफल रहती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.

क्या भारत में भी बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया?

  • भारत में अभी तक 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पूर्ण प्रतिबंध (Complete Ban) लगाने वाला कोई कानून लागू नहीं हुआ है.
  • दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी एक संसदीय स्थायी समिति ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है.
  • कर्नाटक सरकार ने बच्चों द्वारा मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग को रोकने के लिए 16 साल तक के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर रोक लगाने की घोषणा की है.
  • आंध्र प्रदेश सरकार भी बच्चों की सुरक्षा के लिए नियमों पर विचार कर रही है.
  • डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट 2023 (DPDP) के तहत 18 साल से कम आयु के बच्चों का सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के लिए माता-पिता की सहमति और उम्र का वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है.

दुनिया में क्यों बढ़ रही है चिंता?

हाल के वर्षों में बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया की लत को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ी है. इसी वजह से कई देश बच्चों की सोशल मीडिया पहुंच सीमित करने के लिए नए कानूनों और नियमों पर काम कर रहे हैं.

किन देशों में हो रही है तैयारी?

ऑस्ट्रेलिया के अलावा कनाडा, ब्राजील और इंडोनेशिया भी बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर उम्र आधारित प्रतिबंधों की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं. वहीं, ब्रिटेन में भी सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया, गेमिंग और लाइव-स्ट्रीमिंग सेवाओं पर सख्त नियम लाने की तैयारी कर रही है. इसके अलावा फ्रांस, स्पेन, डेनमार्क, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया जैसे देश भी ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं.

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच अहम समझौते

पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच नागरिक परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिज (Critical Minerals) जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौतों पर भी सहमति बनी. इनमें ऑस्ट्रेलिया से भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए यूरेनियम की व्यावसायिक आपूर्ति से जुड़ा समझौता भी शामिल है.

नरेंद्र मोदी
अगला लेख