Begin typing your search...

छप चुके थे शादी के कार्ड, अचानक ऐसा क्या हुआ जो मिस इंडिया नफीसा जोसेफ ने दी जान? अब मंगेतर खंडूजा को कोर्ट से झटका

मिस इंडिया विनर नफीसा जोसेफ की मौत के केस में अब 22 साल बाद उनके मंगेतर गौतम खंडूजा को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने उनके आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से मामले से बाहर करने की मांग को खारिज कर दिया है.

nafisa Joseph
X
( Image Source:  instagram-@pageantomania )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत5 Mins Read

Updated on: 12 Sept 2026 8:57 AM IST

मिस इंडिया विनर नफीसा जोसेफ ने 2004 में अपने मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी. वह बिजनेसमैन गौतम खंडूजा से शादी करने वाली थीं. परिवार का आरोप था कि नफीसा को शादी से पहले पता चला कि गौतम के तलाक को लेकर को लेकर झूठ बोला था. इसके बाद शादी टूट गई और नफीसा मानसिक तनाव में आ गईं.

अब करीब 22 साल बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने गौतम खंडूजा की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने खुद को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से मामले से बाहर करने की मांग की थी. कोर्ट के इस फैसले के बाद उनके खिलाफ ट्रायल का रास्ता खुल गया है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वह दोषी साबित हो गए हैं. मुकदमे के दौरान ही यह तय होगा कि नफीसा की मौत और उन पर लगे आरोपों के बीच कानूनी तौर पर क्या संबंध था.

नफीसान जोसेफ और गौतम खंडूजा का क्या था रिश्ता?

नफीसान जोसेफ की मुलाकात कारोबारी गौतम खंडूजा से हुई थी. खंडूजा ऑटो पार्ट्स बनाने और उन्हें दूसरे देशों में भेजने का काम करते थे. साल 2003 में दोनों के बीच रिश्ता शुरू हुआ. उस समय नफीसा 24 साल की थीं, जबकि गौतम की उम्र 31 साल थी. करीब एक साल बाद मई 2004 में दोनों ने सगाई कर ली.

शादी से पहले क्या हुआ था?

पुलिस के मुताबिक गौतम ने नफीसा को बताया था कि वह अपनी पहली पत्नी नौशीन खान से तलाक ले चुके हैं. लेकिन बाद में कथित तौर पर गौतम की मां ने नफीसा को बताया कि उनका बेटा अभी तलाकशुदा नहीं है. इसके बाद नफीसा ने गौतम से तलाक के कागजात दिखाने को कहा. आरोप है कि उन्होंने डॉक्यूमेंट्स दिखाने से इनकार कर दिया.

क्यों टूटी थी दोनों की शादी?

तलाक से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया. कुछ समय बाद गौतम ने शादी से पीछे हटने का फैसला किया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने इसकी वजह नफीसा के गुस्सैल बर्ताव बताया था. जबकि शादी की तारीख तय हो चुकी थी और शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे.

नफीसा ने क्यों की आत्महत्या?

29 जुलाई 2004 को नफीसा ने मुंबई के वर्सोवा में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उनके परिवार का आरोप था कि शादी टूटने और उससे जुड़े हालात ने उन्हें बेहद परेशान कर दिया था. इसी आधार पर परिवार की शिकायत के बाद गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

गौतम खंडूजा पर क्या आरोप लगे?

गौतम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था. उनकी ओर से दलील दी गई कि केवल शादी से इनकार करना आत्महत्या के लिए उकसाने के बराबर नहीं हो सकता. उनके वकील ने यह भी कहा कि चार्जशीट में धमकी, दबाव, अपमान या जानबूझकर मदद करने जैसा कोई साफ़ काम नहीं बताया गया है.

पुलिस और अभियोजन ने क्या कहा?

अभियोजन पक्ष का कहना था कि दोनों की सगाई हो चुकी थी, शादी की तारीख तय थी और कार्ड तक बांटे जा चुके थे. ऐसे समय में अचानक शादी से पीछे हटने से नफीसा को कथित तौर पर अपमान और सामाजिक बदनामी का डर लगा. इसी वजह से अभियोजन ने गौतम की भूमिका को गंभीर बताया.

अब कोर्ट ने क्या कहा?

बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस एमएम साठे ने गुरुवार को गौतम की याचिका खारिज कर दी. कोर्ट ने कहा कि केवल मजबूत शक को सबूत नहीं माना जा सकता, लेकिन यह तय करना कि इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप बनते हैं या नहीं, ट्रायल के दौरान ही तय होगा.

अब आगे क्या होगा?

कोर्ट ने इस स्तर पर गौतम को आरोपों से बाहर करने से इनकार किया है. अब मामले में मौजूद सबूतों और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर ट्रायल में यह तय किया जाएगा कि शादी टूटने और नफीसा की मौत के बीच कानूनी तौर पर क्या संबंध था. यानी करीब 22 साल पुराना यह मामला एक बार फिर अदालत की प्रक्रिया में आगे बढ़ेगा.

कौन थी नफीसा जोसेफ?

नफीसा जोसेफ मॉडल, वीडियो जॉकी और ब्यूटी पेजेंट विनर थीं. उन्होंने कम उम्र में ही मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बना ली थी. साल 1997 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीता था. इसके बाद वह मिस यूनिवर्स 1997 कॉन्टेस्ट में भी भारत की ओर से फाइनलिस्ट रही थीं. टीवी पर वीडियो जॉकी के तौर पर भी उन्हें काफी पहचान मिली.

अगला लेख