मई की शुरुआत में बदला मौसम, तपती गर्मी से राहत; दिल्ली-UP में आंधी-बारिश और ओले का अलर्ट
मई के पहले दिन ही देशभर में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
आज से मई महीने की शुरुआत हो गई है और मौसम ने भी अचानक करवट बदल ली है. पूरे देश में गर्मी की तेज धूप से लोग परेशान थे, लेकिन अब कुछ दिनों के लिए राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है. मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक भीषण गर्मी में थोड़ी ठंडक आने वाली है. दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत में प्री-मानसून की बारिश ने पहले ही मौसम को काफी सुहावना और ठंडा बना दिया है. आइए जानते हैं कि आज आपके राज्य में मौसम कैसा रहने वाला है.
दिल्ली में आज ओले गिरने की भी संभावना
दिल्ली में कल यानी गुरुवार को कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे थे, जबकि कई जगहों पर सिर्फ धूल भरी तेज आंधी चली थी. मौसम विभाग के अनुसार, आज 1 मई को दिल्ली के कई हिस्सों में फिर से बारिश और ओले गिरने की संभावना है. अच्छी बात यह है कि गर्मी भी कम होगी और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट
दिल्ली की तरह उत्तर प्रदेश में भी मौसम पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इनमें सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बलरामपुर, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, सोनभद्र और मऊ जैसे जिले शामिल हैं. बारिश और तूफान की वजह से इन इलाकों में मौसम काफी सुहावना और ठंडा हो जाने की उम्मीद है.
बिहार में बारिश और तूफान की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के पड़ोसी राज्य बिहार में भी आज मौसम खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने गया, पटना, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास, सारण, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज तूफान की चेतावनी दी है. लोगों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट
पहाड़ों पर भी सूरज की तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने वाली है. उत्तराखंड के बागेश्वर, नैनीताल, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल में आज आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसी तरह हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, लाहौल-स्पीति, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा और ऊना जिलों में भी तूफानी बारिश और आंधी का अलर्ट है.
आज इन 11 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज इन राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश की संभावना जताई है:
उत्तर प्रदेश
बिहार
दिल्ली
उत्तराखंड
हरियाणा
पंजाब
जम्मू-कश्मीर
मध्य प्रदेश
छत्तीसगढ़
असम
नागालैंड
पश्चिम बंगाल
राजस्थान में मौसम की स्थिति
जस्थान के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश हो रही है, जिसकी वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट आई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ राज्य को प्रभावित कर सकता है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.




