1 मई को फूटा 'महंगाई बम', कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल, 5KG वाले के भी बढ़े दाम- जानें दिल्ली में रेट
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में एकमुश्त भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत बढ़ना तय है.
Commercial LPG Cylinder
देशभर में 1 मई 2026 से एलपीजी सिलेंडर की नई दरें लागू हो गई हैं, जिनका सीधा असर खासतौर पर व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ा है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में एकमुश्त भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत बढ़ना तय है.
हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है, क्योंकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आई तेज उछाल ने बाजार में चिंता बढ़ा दी है.
कितनी हुई बढ़ोतरी?
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये का बड़ा इजाफा किया गया है. नई दरों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 3071.50 रुपये में उपलब्ध होगा, जो पहले 2078.50 रुपये का था. यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर व्यापारिक गतिविधियों पर असर डाल सकती है.
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक 'आज से 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडरों की कीमतों में भी 261 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है.'
अलग-अलग शहरों में दाम
1. दिल्ली: ₹3071.50
2. मुंबई: ₹3024 (पहले ₹2031)
3. कोलकाता: ₹3202
4. चेन्नई: ₹3237
5. आगरा: ₹3125.50
6. लखनऊ: ₹3194
7. गोरखपुर: ₹3255.50
कितने का मिल रहा घरेलू सिलेंडर?
जहां एक तरफ कमर्शियल सिलेंडर महंगे हुए हैं, वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में घरेलू सिलेंडर अब भी ₹913 में उपलब्ध है, जिससे आम जनता को फिलहाल राहत मिली है.
गैस डिलीवरी के नियमों में क्या बदलाव?
1 मई से गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है. अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करते समय अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को बताना अनिवार्य होगा. बिना OTP के डिलीवरी मान्य नहीं होगी. यदि किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी एजेंट मौके पर ही ऐप के जरिए इसे अपडेट कर सकेगा. इस नए नियम का उद्देश्य डिलीवरी प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है.




