Begin typing your search...

82 बच्चों के सिर पर चला दिया ट्रिमर, महाराष्ट्र के इस आश्रम स्कूल में ऐसा क्या हुआ छात्रों को कर दिया आधा गंजा

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के एक सरकारी आश्रम स्कूल में करीब 82 छात्रों के आधे बाल काटे जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बाल कटवाने के दौरान खेलने पर छात्रों को यह सजा दी गई. तस्वीरें सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी फैल गई. स्कूल प्रिंसिपल ने सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है.

82 बच्चों के सिर पर चला दिया ट्रिमर, महाराष्ट्र के इस आश्रम स्कूल में ऐसा क्या हुआ छात्रों को कर दिया आधा गंजा
X
( Image Source:  X @theindianidiot )

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. चिमूर तालुका के जांभुलघाट स्थित एक सरकारी सेकेंडरी आश्रम स्कूल में करीब 82 छात्रों के बाल आधे काट दिए गए. आरोप है कि बाल कटवाने के दौरान कुछ छात्र खेल रहे थे. इससे स्कूल सुपरिटेंडेंट नाराज हो गए और उन्होंने नाई को छात्रों के बाल आधे ही काटने का निर्देश दिया.

बताया जा रहा है कि स्कूल में शनिवार को छात्रों के बाल कटवाने की व्यवस्था की गई थी. इसी दौरान कुछ बच्चे खेल रहे थे. इसके बाद कथित तौर पर अनुशासन के नाम पर उनके बाल ट्रिमर से इस तरह काटे गए कि सिर पर बाल टेढ़े-मेढ़े और आधे-अधूरे नजर आने लगे.

तस्वीरें सामने आने पर बढ़ा विवाद

छात्रों के असमान तरीके से कटे बालों की तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. तस्वीरें देखकर अभिभावकों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई. इसके बाद स्कूल के ऊपर के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और स्कूल प्रबंधन से छात्रों के बाल एक जैसे करने को कहा.

इसके बाद देर रात छात्रों के बाल दोबारा काटे गए. यह प्रक्रिया रात करीब 11 बजे शुरू हुई और रविवार सुबह लगभग 4 बजे तक चली. बताया गया कि उस समय कुछ छात्र सोने की तैयारी कर रहे थे.

मामले को लेकर अभिभावकों ने सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर इस तरह की सजा देना उचित नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

सुपरिटेंडेंट ने फैसले का किया बचाव, प्रिंसिपल ने भेजा नोटिस

स्कूल सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम ने अपने फैसले का बचाव किया है. उनका कहना है कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया था और इसके पीछे कोई गलत मंशा नहीं थी. उन्होंने बताया कि बारिश के कारण कुछ समय से छात्र नियमित रूप से बाल नहीं कटवा पा रहे थे. साथ ही, कुछ छात्र बालों की साफ-सफाई का भी ठीक से ध्यान नहीं रख रहे थे.



वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत गिरी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. अभिभावकों की मांग है कि मामले की पूरी जांच हो और अगर किसी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

अगला लेख