Begin typing your search...

लालू, उद्धव, ममता, शरद पवार के बाद... 2029 चुनाव में क्या उनके वारिसों का होगा असली टेस्ट?

1990 के दशक के दिग्गज नेताओं की दूसरी पीढ़ी अब निर्णायक मोड़ पर है. 2029 चुनाव बताएगा कि कौन विरासत को जनाधार में बदल पाया और कौन सिर्फ उपनाम पर टिका है.

लालू, उद्धव, ममता, शरद पवार के बाद... 2029 चुनाव में क्या उनके वारिसों का होगा असली टेस्ट?
X

इंडिया गठबंधन को मजबूत करने को लेकर जारी चर्चा के बीच अब इस बात की भी डिबेट में है कि 1990 के दशक की राजनीति ने भारत को कई ऐसे क्षेत्रीय नेता दिए जिन्होंने अपने-अपने राज्यों में करिश्मा, जातीय समीकरण, संगठन और संघर्ष के दम पर राजनीतिक साम्राज्य खड़े किए. लेकिन अब कहानी बदल रही है. 2029 का लोकसभा चुनाव सिर्फ दलों और गठबंधनों की लड़ाई नहीं होगा, बल्कि विरासत बनाम प्रदर्शन की भी परीक्षा बनेगा. बिहार में तेजस्वी यादव, महाराष्ट्र में आदित्य ठाकरे और सुप्रिया सुले, बंगाल में अभिषेक बनर्जी, तमिलनाडु में उदयनिधि स्टालिन, हरियाणा में दुष्यंत चौटाला, पश्चिमी यूपी में जयंत चौधरी और बिहार में चिराग पासवान जैसे चेहरे अपने राजनीतिक भविष्य का सबसे बड़ा टेस्ट देने जा रहे हैं.

सवाल यह है कि इनमें से कौन अपने परिवार की विरासत को वोट में बदल पाया है और कौन अभी भी सिर्फ उपनाम के भरोसे राजनीति कर रहा है?

दरअसल, 1990 का दशक भारतीय राजनीति में मंडल, मंदिर और क्षेत्रीय दलों के उभार का दौर था. इसी दौर में कई नेताओं ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई. लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय और पिछड़ी जातियों की राजनीति को जनआंदोलन का रूप दिया और बिहार की सत्ता पर कब्जा किया. मुलायम सिंह यादव ने मंडल राजनीति और मुस्लिम-यादव गठजोड़ के दम पर उत्तर प्रदेश में मजबूत आधार बनाया.

ममता बनर्जी ने कांग्रेस छोड़कर जमीनी संघर्ष के जरिए अपनी अलग स्ट्रीट फाइटर की पहचान बनाई. महाराष्ट्र से शरद पवार राष्ट्रीय राजनीति में प्रभावशाली शक्ति केंद्र बने. रामविलास पासवान दलित राजनीति के राष्ट्रीय चेहरे बनकर कई सरकारों में निर्णायक भूमिका निभाते रहे.

चौधरी चरण ​सिंह के बेटे अजित सिंह ने पश्चिमी यूपी में किसान और जाट राजनीति को संगठित किया. एमके स्टालिन ने डीएमके संगठन में नीचे से ऊपर तक काम कर खुद को उत्तराधिकारी के रूप में स्थापित किया.

इन नेताओं की ताकत केवल परिवार नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष, संगठन निर्माण और सामाजिक आधार तैयार करने में थी. अब उन्हीं के बेटे अभिषेक, आदित्य, तेजस्वी, चिराग, दुष्यंत, जयंत, सुप्रिया और उदयनिधि स्टालिन राजनीति में अपनी पकड़ बनाने की जद्दोजहद में जुटे हैं.

1. तेजस्वी यादव : RJD को बनाया सबसे बड़ी पार्टी

लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत के सबसे बड़े उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव ने पिछले कुछ वर्षों में खुद को सिर्फ "लालू के बेटे" से आगे बढ़ाकर विपक्ष के प्रमुख चेहरे के रूप में स्थापित किया है. 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी को सबसे बड़ी पार्टी बनाना उनकी बड़ी उपलब्धि रही. रोजगार, युवा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. हालांकि, अभी तक वे मुख्यमंत्री नहीं बन सके हैं. 2029 में उनके सामने चुनौती होगी कि क्या वे यादव-मुस्लिम समीकरण से आगे बढ़कर व्यापक सामाजिक गठबंधन बना सकते हैं.

2. अभिषेक बनर्जी: आक्रामक राजनीति और संगठन पर पकड़

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी आज तृणमूल कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. पार्टी संगठन, चुनावी रणनीति और डिजिटल राजनीति में उनकी भूमिका लगातार बढ़ी है. बंगाल में उन्हें ममता के बाद नंबर-2 माना जाता है. हालांकि, विपक्ष उन पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाता रहा है. अभिषेक की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक राजनीतिक शैली और संगठन पर पकड़ है. 2029 तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि वे ममता की लोकप्रियता के बिना भी पार्टी को चुनावी सफलता दिलाने में सक्षम हैं या नहीं.

3. आदित्य ठाकरे: असली परीक्षा शुरू

उद्धव ठाकरे के बेटे और बाला साहब ठाकरे के पोते आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र की राजनीति में नई पीढ़ी के सबसे चर्चित चेहरों में हैं. मंत्री रहते हुए उन्होंने पर्यावरण और शहरी विकास जैसे मुद्दों पर काम किया. लेकिन 2022 में शिवसेना विभाजन के बाद उनकी असली परीक्षा शुरू हुई. अब उनके सामने चुनौती है कि वे बालासाहेब ठाकरे की भावनात्मक विरासत और उद्धव ठाकरे की राजनीति को नए दौर में कितनी मजबूती से आगे ले जा सकते हैं. 2029 उनके लिए यह साबित करने का मौका होगा कि वे सिर्फ ठाकरे उपनाम नहीं बल्कि स्वतंत्र जनाधार वाले नेता हैं.

4. सुप्रिया सुले: NCP को फिर से खड़ा करने की चुनौती

शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हैं. उनकी छवि एक सौम्य, संवादप्रिय और संसदीय राजनीति में दक्ष नेता की रही है. लेकिन एनसीपी के विभाजन के बाद उनके सामने संगठन को पुनर्जीवित करने की चुनौती खड़ी हुई. सुप्रिया की राजनीति टकराव की बजाय सहमति बनाने वाली रही है, जो उन्हें कई अन्य क्षेत्रीय नेताओं से अलग करती है. 2029 में उनकी परीक्षा यह होगी कि क्या वे शरद पवार की राजनीतिक पूंजी को अपने नेतृत्व में वोटों में बदल पाती हैं.

5. चिराग पासवान: मोदी के हनुमान

रामविलास पासवान के निधन के बाद चिराग पासवान ने खुद को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के युवा दलित चेहरे के रूप में स्थापित किया. "बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट" जैसे अभियानों के जरिए उन्होंने अलग पहचान बनाने की कोशिश की. पारिवारिक विवाद और पार्टी टूटने के बावजूद उन्होंने अपनी राजनीतिक जमीन बचाई. 2024 में मिली सफलता ने उनका कद बढ़ाया है. लेकिन 2029 में असली सवाल होगा कि क्या चिराग अपने पिता की तरह विभिन्न सामाजिक समूहों को साथ लाने वाले नेता बन पाते हैं या उनका प्रभाव सीमित दायरे में ही रहता है.

6. दुष्यंत चौटाला

देवी लाल और ओमप्रकाश चौटाला की राजनीतिक विरासत के वारिस दुष्यंत चौटाला ने कम उम्र में बड़ी पहचान बनाई. उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उनसे नई राजनीति की उम्मीदें थीं, लेकिन हालिया चुनावी झटकों ने उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर की है. जाट राजनीति में उनकी पकड़ बनी हुई है, मगर उसे व्यापक समर्थन में बदलना अभी चुनौती है. 2029 का चुनाव तय करेगा कि दुष्यंत चौटाला हरियाणा की राजनीति में स्थायी शक्ति बनते हैं या क्षेत्रीय प्रभाव तक सीमित रह जाते हैं.

7. जयंत चौधरी

चौधरी चरण सिंह और अजित सिंह की विरासत संभाल रहे जयंत चौधरी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल को पुनर्जीवित किया है. किसान राजनीति, जाट समुदाय और युवा नेतृत्व की छवि ने उन्हें नई पहचान दी. बदलते गठबंधनों के बीच उन्होंने व्यावहारिक राजनीति का परिचय दिया है. उनकी चुनौती यह है कि क्या वे पार्टी को पश्चिमी यूपी की सीमाओं से बाहर ले जा सकते हैं. 2029 में उनका मूल्यांकन इस आधार पर होगा कि वे विरासत आधारित नेता से राष्ट्रीय प्रभाव वाले नेता में कितनी सफलतापूर्वक बदलते हैं.

8. उदयनिधि स्टालिन

एम. करुणानिधि के परिवार की तीसरी पीढ़ी और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के उत्तराधिकारी माने जाने वाले उदयनिधि स्टालिन तेजी से तमिल राजनीति के केंद्र में आए हैं. युवा, आक्रामक और मीडिया-स्मार्ट नेता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई है. सनातन धर्म संबंधी बयान जैसे विवादों ने उन्हें राष्ट्रीय चर्चा में भी रखा. डीएमके संगठन और सत्ता दोनों का समर्थन उनके पास है. 2029 तक यह साफ होगा कि वे सिर्फ परिवार की पसंद हैं या वास्तव में तमिलनाडु के अगले बड़े जननेता बनने की क्षमता रखते हैं.

2029 का चुनाव इन नेताओं के लिए सिर्फ सीटों का नहीं, सियासी वैधता का चुनाव होगा. लालू, ममता, उद्धव, शरद पवार, स्टालिन और चौटाला जैसे नेताओं ने संघर्ष करके राजनीति बनाई थी. अब सवाल यह है कि दूसरी पीढ़ी संघर्ष की राजनीति कर पाएगी या सिर्फ विरासत की राजनीति तक सीमित रह जाएगी. कुछ नेता- (तेजस्वी, अभिषेक, चिराग और जयंत) अपना अलग राजनीतिक ब्रांड बनाने में आगे दिखते हैं, जबकि कुछ को अभी यह साबित करना बाकी है कि उनका जनाधार परिवार से बड़ा है. यही 2029 की सबसे दिलचस्प राजनीतिक कहानी हो सकती है.

अगला लेख