Begin typing your search...

बदली असम की तस्वीर! EU के 27 देशों ने हटाई ट्रैवल पाबंदी, सिर्फ 3 जिलों पर जारी रहेगी रोक; क्या बोले CM सरमा?

असम के लिए बड़ी कूटनीतिक और पर्यटन से जुड़ी राहत की खबर सामने आई है. यूरोपीय संघ (EU) के 27 सदस्य देशों ने अपने नागरिकों के लिए जारी 'नेगेटिव ट्रैवल एडवाइजरी' को हटा दिया है, जिसके बाद अब असम में पर्यटन, कारोबार और अंतरराष्ट्रीय संपर्क बढ़ने की उम्मीद है.

Himanta Biswa Sarma
X

 Himanta Biswa Sarma 

( Image Source:  File Photo )

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को जानकारी दी कि यूरोपीय संघ (European Union) के सदस्य देशों ने असम के लिए जारी नकारात्मक यात्रा सलाह (Negative Travel Advisory) को संशोधित कर हटा दिया है. उन्होंने इसे असम के लिए 'प्रोत्साहित करने वाली खबर' बताते हुए कहा कि यह कदम राज्य में बढ़ते भरोसे और सकारात्मक बदलाव का संकेत है.

सीएम सरमा ने कहा कि हाल ही में EU राजनयिकों की असम यात्रा के बाद लिया गया यह फैसला भारत-असम और यूरोपीय संघ के बीच बेहतर संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि यात्रा सलाह हटने से असम में पर्यटन, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा. मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत Hervé Delphin का धन्यवाद भी किया.

किन तीन जिलों की यात्रा पर अभी भी यात्रा करने पर लगी रोक?

हालांकि, असम के तीन जिलों, Charaideo, तिनसुकिया और शिवसागर, के लिए अभी भी यात्रा प्रतिबंध जारी रहेंगे. इन जिलों में अभी भी Armed Forces (Special Powers Act) (AFSPA) लागू है, जिसके कारण EU ने इन क्षेत्रों को एडवाइजरी से बाहर नहीं किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि EU Ambassador ने राज्य के मुख्य सचिव को जानकारी दी कि शुक्रवार से असम के बाकी हिस्सों के लिए प्रतिबंध हटा दिए गए हैं. अब यूरोपीय संघ के सभी 27 सदस्य देशों के नागरिक असम की यात्रा कर सकते हैं.

सीएम सरमा ने कहा कि अमेरिका और कनाडा ने अभी तक असम के लिए अपनी यात्रा सलाह में बदलाव नहीं किया है. राज्य सरकार दोनों देशों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रही है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और जापान भी असम के लिए जारी ऐसी ही यात्रा सलाह को हटा चुके हैं. मुख्यमंत्री के अनुसार, यह घटनाक्रम असम की सुरक्षा स्थिति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है.

हिमंत बिस्वा सरमा
अगला लेख