कुलगाम में AK-47 से 2 मिनट 18 सेकेंड तक आतंकियों ने बरसाईं गोलियां, 30 राउंड फायरिंग का CCTV आया सामने; जानें जवानों का हाल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बाइक सवार हमलावरों ने CRPF नाके पर फायरिंग की. हमले में तीन जवान घायल हुए. CCTV फुटेज सामने आया, सर्च ऑपरेशन जारी.
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है. बुधवार दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने CRPF के एक नाके पर अचानक फायरिंग कर दी. इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए. जिसमें से एक ही हालात जख्मी बताई जा रही है.
इसी के साथ गोलीबारी का 2 मिनट 18 सेकेंड का एक नया CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि आतंकी किस तरह से गोलियां तड़तड़ा रहे हैं. जिसमें हमले का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है. सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
हेड कांस्टेबल समेत तीन जवान घायल, एक की हालत गंभीर
CRPF के मुताबिक, हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह और कांस्टेबल राकेश दास व संतोष चंद्रू के रूप में हुई है. तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अधिकारियों के अनुसार, दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीसरे जवान की हालत थोड़ी गंभीर बताई जा रही है. CRPF ने भरोसा दिलाया है कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है.
बाइक पर आए हमलावरों ने अचानक शुरू की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर CRPF नाके के पास पहुंचे थे. उन्होंने वहां तैनात जवानों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. फायरिंग के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. जिस स्थान पर यह हमला हुआ, वह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से करीब चार किलोमीटर दूर बताया जा रहा है.
CCTV में कैद हुई हमले की पूरी वारदात
हमले के बाद घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज में हमले के दौरान की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. सुरक्षा एजेंसियां भी घटना से जुड़े वीडियो और अन्य सबूतों की जांच कर रही हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी भागने की दिशा का पता लगाया जा सके.
इलाके की घेराबंदी, हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन
वारदात के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है. फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग सामने नहीं आया है. सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश और स्थानीय स्तर पर किसी मदद की संभावना समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं. हमले के बाद कुलगाम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है.
कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में CRPF के कई जवानों के घायल होने की सूचना मिल रही है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे घायल जवानों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. पूरा कांग्रेस परिवार इस कठिन घड़ी में घायल जवानों और उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है.




