पोडकास्ट सुने, क्राइम फिल्में देखीं और खंगाल डाला सोनम रघुवंशी केस, सिया ने ऐसे की हत्या की प्लानिंग, जानें चार्जशीट में क्या-क्या?
केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. जिसमें बताया गया है कि हत्या से पहले आरोपियों ने क्राइम फिल्में देखी, पुलिस से बचने के तरीकों को लेकर पॉडकास्ट सुने.
Ketan Agarwal Murder Case
पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को वडगांव मावल न्यायालय में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. जून में लोहागढ़ किले से धक्का देकर केतन अग्रवाल की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उनकी मंगेतर सिया गोयल उसके प्रेमी चेतन चौधरी और रितेश संजय हांगे को आरोपी बनाया है तीनों फिलहाल जेल में हैं.
पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने चार्जशीट दाखिल किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा "हमने आज वडगांव मावल अदालत में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है." पुलिस के मुताबिक चार्जशीट में साजिश से लेकर लोहागढ़ में हत्या को अंजाम देने और डिजिटल सबूतों तक कई अहम बिंदुओं को शामिल किया गया है.
क्या थी सबसे पहली प्लानिंग?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, चार्जशीट में तीनों आरोपियों के बीच हुई साजिश का विवरण दिया गया है. पुलिस का आरोप है कि शुरुआत में केतन को गंभीर रूप से घायल करने की योजना बनाई गई थी. इसके लिए महाराष्ट्र से बाहर के कुछ लोगों से संपर्क कर किसी बाहरी व्यक्ति को हमले के लिए तैयार करने पर भी विचार किया गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बाद में यह योजना इसलिए छोड़ दी क्योंकि उन्हें आशंका थी कि बाहर से बुलाया गया व्यक्ति भविष्य में उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है या पुलिस के सामने साजिश का खुलासा कर सकता है. जिन लोगों से संपर्क किया गया था, उनमें से एक व्यक्ति बाद में मामले में गवाह बन गया.
हत्या से पहले क्या-क्या किया?
पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने केतन अग्रवाल की हत्या करने का फैसला खुद ही किया. अधिकारी ने बताया कि हत्या की योजना बनाते समय उन्होंने हत्याओं पर आधारित फिल्में देखीं, पुलिस से बचने के तरीकों से संबंधित पॉडकास्ट सुने और राजा रघुवंशी की हत्या का अध्ययन किया.
लोहागढ़ किला ही क्यों चुना गया?
पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने लोहागढ़ किले को इसलिए चुना क्योंकि वहां पहले भी गिरने से मौत की घटना हो चुकी थी. मार्च 2025 में लोनावाला के पास लोहागढ़ किले से गिरने के बाद नवी सांगवी की 21 वर्षीय महिला की मौत हुई थी. जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों को लगा कि अगर केतन की मौत किले से गिरने के कारण होती है तो इसे सेल्फी लेते समय हुई दुर्घटना के तौर पर पेश किया जा सकता है.
पुलिस के मुताबिक, 4 जून को गोयल शादी से पहले होने वाले फोटोशूट के लिए बाली रवाना होने वाली थी। इसी दौरान उसने पर लोहागढ़ जाने पर जोर दिया. जांचकर्ताओं का आरोप है कि हत्या की योजना बाली यात्रा से पहले ही पूरी करने की थी. हालांकि, इसके बाद घटनाक्रम में बदलाव आया और योजना के मुताबिक घटना उस समय नहीं हो सकी.
कैसे बिगड़ा पूरा प्लान?
पुलिस का आरोप है कि 6 जून को गोयल ने केतन का पासपोर्ट फाड़कर खलापुर के एक कैफे के वॉशरूम में फेंक दिया. पासपोर्ट नहीं होने की वजह से दोनों बाली नहीं जा सके. इसके बाद 14 जून को गोयल और केतन के लोहागढ़ जाने की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, गोयल ने वहां केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे नहीं गिरा.
जांच के मुताबिक, पहली कोशिश नाकाम होने के बाद गोयल ने केतन को किनारे की तरफ ले जाने के लिए वहां सांप होने का बहाना बनाया. पुलिस का आरोप है कि इस तरीके से भी केतन को किनारे तक ले जाने की कोशिश सफल नहीं हुई. इसके बाद साजिश को अंजाम देने के लिए एक अलग योजना तैयार की गई.
फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का क्या रोल?
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इसके बाद 'माही' नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया. इस अकाउंट में उनकी जान-पहचान की एक लड़की की तस्वीर इस्तेमाल की गई. चार्जशीट के मुताबिक, 18 जून को इसी फर्जी अकाउंट से केतन को ऐसे संदेश भेजे गए, जिससे उन्हें लगा कि 'माही' सिया गोयल की दोस्त है. पुलिस का आरोप है कि संदेशों के जरिए केतन को सिया के साथ लोहागढ़ जाने के लिए तैयार किया गया और वहां माही का जन्मदिन सरप्राइज के तौर पर मनाने की बात कही गई. पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट को हटा दिया गया.




