दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 96 भारत के, कई जगह 45°C पार; जानें टॉप 20 सिटीज़ का हाल
भारत में अप्रैल में ही भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 96 भारतीय शहर शामिल हैं. जानिए टॉप 20 सबसे गर्म शहरों की पूरी लिस्ट
Wold Hottest Cities: देश में अभी से भीषण गर्मी का असर दिखने लगा है, जबकि मई का महीना शुरू भी नहीं हुआ है. भारत के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात हीटवेव जैसे बन गए हैं. इस समय भारत दुनिया के सबसे गर्म देशों में शुमार हो गया है और कई शहरों में तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है.
रियल टाइम डेटा देने वाली वेबसाइट AQI.in के अनुसार, दुनिया के सबसे गर्म 100 स्थानों में से करीब 96 शहर भारत के हैं. यह आंकड़ा देश में फैल रही तेज गर्मी की गंभीरता को दिखाता है. कई इलाकों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे यह साफ है कि गर्मी का असर व्यापक और लगातार बना हुआ है.
भारत में किस जगह कितना तापमान?
मध्य प्रदेश का ओरछा 27 अप्रैल की सुबह 9:40 बजे 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस सूची में सबसे ऊपर रहा. इसके बाद उत्तर प्रदेश का झांसी और ओडिशा का बलांगीर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जहां तापमान बेहद ज्यादा दर्ज किया गया. अगर दुनिया के सबसे गर्म 20 शहरों की बात करें तो इनमें भारत के शहरों का दबदबा साफ नजर आता है.
लिस्ट में महाराष्ट्र का अकोला 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ पहले स्थान पर है. इसके बाद झांसी 44.8 डिग्री, वर्धा 44.2 डिग्री और प्रयागराज 43.9 डिग्री तापमान के साथ शामिल हैं. तेलंगाना का आदिलाबाद 43.5 डिग्री, उत्तर प्रदेश का ओरई 43.2 डिग्री और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी 43.0 डिग्री तापमान के साथ सूची में हैं.
राजस्थान का चूरू 42.9 डिग्री, छत्तीसगढ़ का दुर्ग 42.8 डिग्री और महाराष्ट्र का नांदेड़ 42.7 डिग्री तापमान के साथ टॉप 10 में शामिल हैं. इसके बाद राजस्थान का फलोदी 42.6 डिग्री, उत्तर प्रदेश का औरैया 42.5 डिग्री, महाराष्ट्र का सोंगांव 42.4 डिग्री और राजस्थान का जैसलमेर 42.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
टॉप 20 में 18 भारत के शहर
इस सूची में भारत के अलावा केवल दो शहर शामिल हैं, जिनमें सेनेगल का मातम 41.8 डिग्री और माली का काये 41.7 डिग्री तापमान के साथ 19वें और 20वें स्थान पर हैं.
क्या है एक्सपर्ट का कहना?
विशेषज्ञों का कहना है कि यह बढ़ता तापमान केवल मौसमी परेशानी नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है. लंबे समय तक इतनी गर्मी में रहने से डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और अन्य गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, खासकर घनी आबादी वाले इलाकों में.
आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. दिन के सबसे गर्म समय में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है.
देश और दुनिया के टॉप 20 सबसे ज्यादा तापमान वाले देश?
1. अकोला, महाराष्ट्र – 45.1°C
2. झांसी, उत्तर प्रदेश – 44.8°C
3. वर्धा, महाराष्ट्र – 44.2°C
4. प्रयागराज, उत्तर प्रदेश – 43.9°C
5. आदिलाबाद, तेलंगाना – 43.5°C
6. ओरई, उत्तर प्रदेश – 43.2°C
7. ब्रह्मपुरी, महाराष्ट्र – 43.0°C
8. चूरू, राजस्थान – 42.9°C
9. दुर्ग, छत्तीसगढ़ – 42.8°C
10. नांदेड़, महाराष्ट्र – 42.7°C
11. फलोदी, राजस्थान – 42.6°C
12. औरैया, उत्तर प्रदेश – 42.5°C
13. सोंगांव, महाराष्ट्र – 42.4°C
14. जैसलमेर, राजस्थान – 42.3°C
15. बांदा, उत्तर प्रदेश – 42.2°C
16. निजामाबाद, तेलंगाना – 42.1°C
17. बलांगीर, ओडिशा – 42.0°C
18. गोंदिया, महाराष्ट्र – 41.9°C
19. मातम, सेनेगल – 41.8°C
20. काये, माली – 41.7°C




