Begin typing your search...

Aaj ki Taaza Khabar: दिल्ली के रोहिणी में बारिश के बीच बड़ा हादसा, मकान ढहा; एक की मौत, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका- पढ़ें 8 जुलाई की बड़ी खबरें

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. बुधवार 08 जुलाई 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Aaj ki Taaza Khabar:  दिल्ली के रोहिणी में बारिश के बीच बड़ा हादसा, मकान ढहा; एक की मौत, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका- पढ़ें 8 जुलाई की बड़ी खबरें
X
( Image Source:  panchsheelgreen2 (File Photo) )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी

Updated on: 8 July 2026 9:14 PM IST


Live Updates

  • 8 July 2026 9:13 PM

    पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भारत की चिंता, MEA बोला- संयम बरतें, ऊर्जा आपूर्ति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें

    पश्चिम एशिया में हालिया हमलों और बढ़ते तनाव को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद क्षेत्र में हालात और गंभीर हो गए हैं.

    विदेश मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा घटनाक्रम क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पैदा कर सकता है. भारत ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है.

    MEA ने अपने बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार का निर्बाध संचालन बनाए रखना बेहद जरूरी है. भारत ने सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आग्रह करते हुए कहा कि इसी के माध्यम से इस संघर्ष का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान निकाला जा सकता है.

  • 8 July 2026 8:07 PM

    दिल्ली के रोहिणी में बारिश के बीच बड़ा हादसा, मकान ढहा; एक की मौत, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

    दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर-16 में एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. चार दमकल गाड़ियों की मदद से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है.

  • 8 July 2026 7:15 PM

    गुजरात के पोरबंदर में भारतीय नौसेना का ड्रोन 'दृष्टि-10' ट्रेनिंग के दौरान क्रैश, जांच शुरू

    भारतीय नौसेना ने पुष्टि की है कि उसका मानव रहित हवाई वाहन (UAV) दृष्टि-10 गुजरात के पोरबंदर एयरफील्ड के पास मंगलवार दोपहर एक प्रशिक्षण उड़ान (ट्रेनिंग सॉर्टी) के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. नौसेना के अनुसार, इस हादसे में जमीन पर किसी के घायल होने या किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. भारतीय नौसेना ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान हुई. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

  • 8 July 2026 5:26 PM

    डॉक्टर से मारपीट मामले में शिंदे सेना के पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, अस्पताल में मचाया था बवाल

    महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित KDMC के शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ अस्पताल में घुसकर महिला डॉक्टर समेत मेडिकल स्टाफ से मारपीट की. यह घटना उस समय हुई जब अस्पताल के NICU में जगह नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने नवजात शिशु को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करने की सलाह दी थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की.

  • 8 July 2026 5:23 PM

    TVK विधायक को तोड़ने के मामले में DMK नेता सेंथिल बालाजी को अग्रिम जमानत, रोज पुलिस के सामने होना होगा पेश

    मद्रास उच्च न्यायालय ने TVK विधायक एन. एलैयाराजा को कथित तौर पर पार्टी छोड़ने के लिए प्रलोभन (पोचिंग) देने के मामले में पूर्व मंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम नेता वी. सेंथिल बालाजी और उनके भाई आर.वी. अशोक कुमार को अग्रिम जमानत दे दी है. न्यायमूर्ति जी.के. इलंथिरैयन ने यह आदेश सुनाते हुए दोनों आरोपियों को कुछ शर्तों के साथ राहत दी. अदालत ने निर्देश दिया कि सेंथिल बालाजी और उनके भाई को जांच में सहयोग करना होगा और रोजाना पुलिस के सामने उपस्थित होना होगा. यह मामला TVK विधायक एन. एलैयाराजा को कथित रूप से पार्टी छोड़ने और राजनीतिक समर्थन बदलने के लिए प्रलोभन देने के आरोपों से जुड़ा है. मामले की जांच जारी है और अदालत ने अग्रिम जमानत देते हुए जांच में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने की शर्त लगाई है.

  • 8 July 2026 4:28 PM

    20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शक्ति प्रदर्शन करेगा नेशनल कॉन्फ्रेंस, पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाएगा मांग

    उमर अब्दुल्ला ने घोषणा की है कि जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस 20 जुलाई 2026 को जंतर मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी. इस प्रदर्शन का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग उठाना है. मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि इस प्रदर्शन के लिए केवल INDIA गठबंधन के नेताओं को ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है. इसमें वे दल भी शामिल हैं, जो वर्तमान में विधानसभा में प्रतिनिधित्व रखते हैं या पहले रख चुके हैं.

    उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन से बाहर की कई पार्टियों को भी निमंत्रण भेजा गया है. इनमें आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल, बीजू जनता दल, तेलंगाना की क्षेत्रीय पार्टियां, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन और बहुजन समाज पार्टी शामिल हैं. अब्दुल्ला ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए व्यापक राजनीतिक एकजुटता का प्रयास है. इसके लिए अधिक से अधिक राजनीतिक दलों को साथ लाने की कोशिश की जा रही है.

  • 8 July 2026 2:52 PM

    ईरान के साथ समझौते पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ हुआ अंतरिम समझौता (MoU) अब उनके लिए "खत्म" हो चुका है, हालांकि उन्होंने बातचीत जारी रखने की अनुमति दी है. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका ने होरमुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाजों पर कथित ईरानी हमलों के जवाब में बंदर अब्बास, सीरिक और क़ेश्म द्वीप पर ईरानी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं. इसके साथ ही वॉशिंगटन ने ईरानी तेल की बिक्री की अनुमति देने वाला लाइसेंस भी रद्द कर दिया है. वहीं, ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन और कुवैत पर हमले किए हैं, जिससे युद्धविराम का अंतरिम समझौता टूटने और मध्य पूर्व में एक बार फिर व्यापक संघर्ष भड़कने का खतरा बढ़ गया है. ट्रंप ने युद्धविराम की स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, "मेरे लिए यह खत्म हो चुका है. मैं अब उनसे कोई बातचीत नहीं करना चाहता. उनसे बात करना सिर्फ समय की बर्बादी है."

  • 8 July 2026 2:48 PM

    राम मंदिर चढ़ावे घोटाले के बाद क्या किए गए बदलाव?

    राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की हालिया जांच के बाद, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से कई सख्त कदम उठाए हैं. जो कुछ इस प्रकार हैं-

    बैंकिंग संचालन में सख्ती: मंदिर के बैंक खातों का नियंत्रण अब किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं होगा. इसके संचालन के लिए अब तीन अधिकृत सदस्यों के हस्ताक्षर अनिवार्य कर दिए गए हैं.

    गिनती प्रक्रिया में निगरानी: दान पेटियों से निकलने वाली धनराशि की गिनती की प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित बना दिया गया है.

    सुरक्षा ग्रिड में इजाफा: चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही, सुरक्षाकर्मियों की संख्या और पुलिस बल की तैनाती में भी भारी वृद्धि की गई है.

  • 8 July 2026 1:35 PM

    बद्रीनाथ धाम दान विवाद पर क्या बोले पुष्कर सिंह धामी?

    बद्रीनाथ धाम में दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के मामले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    मुख्यमंत्री धामी ने कहा, "इस मामले की जांच पूरी हो गई है और हम जल्द ही अपडेट देंगे. दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा. उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जांच के लिए एक समिति बनाई गई है और पुलिस ने भी अपनी प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में रिपोर्ट भी दर्ज की जा चुकी है."

    मानसून की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बारिश के मौसम को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए हैं. उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में हाई अलर्ट भी जारी किया जाएगा और स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

  • 8 July 2026 12:48 PM

    इंडोनेशिया के प्रम्बानन मंदिर में क्या बोले पीएम मोदी?

    इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें हमेशा भगवान शिव से जुड़ने का सौभाग्य मिला है. उन्होंने कहा, "मेरा जन्म गुजरात के वडनगर में हुआ, जहां हाटकेश्वर महादेव विराजमान हैं. गुजरात में ही पहला ज्योतिर्लिंग सोमनाथ स्थित है और उसके विकास की जिम्मेदारी भी मुझे निभाने का अवसर मिला."

    प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि उनकी राजनीतिक कर्मभूमि काशी (वाराणसी) में बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद उन्हें लगातार मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम के पुनर्विकास, उज्जैन महाकाल कॉरिडोर के विकास और अब इंडोनेशिया के इस मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत करने का अवसर भी उन्हें मिला. उन्होंने इसे अपना बड़ा सौभाग्य बताया.

अगला लेख