हर महीने 2 लाख कमाने वाला शख्स कैसे 40 हजार पर आ गया, किसे बताया सबसे बड़ा 'दुश्मन'
कॉपीराइटर ने बताया कि वो कॉलेज ड्रॉपआउट हैं और कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ने के बावजूद उसने अपना करियर शून्य से शुरू किया और मेहनत करके लीड कॉपीराइटर के पद तक पहुंचा था.
आजकल के समय में तकनीक ने इतनी तरक्की कर ली है कि वो धीरे-धीरे इंसानों की नौकरी पर असर कर रहा है. यहां बात हो रही है AI की जिसके आने से लोगों की नौकरी पर खतरा मंडराने लगा है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है हैदराबाद से जहां एक कॉपीराइटर ने दावा किया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ने से उसका करियर बर्बाद हो गया, जिससे उसकी मंथली सैलरी ₹2 लाख से घटकर ₹40,000 रह गई.
कॉपीराइटर के मुताबिक, उन्होंने आठ साल पहले फ्रीलांस इंडस्ट्री में कदम रखा था और सिर्फ 18 साल की उम्र में अपना पहला फुल-टाइम रिमोट कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था. उन्होंने बताया कि 22 साल की उम्र तक वे रिमोटली काम करते हुए हर महीने लगभग ₹2 लाख कमा रहे थे. हालांकि, उनका दावा है कि 2026 में सब कुछ बदल गया.
पोस्ट में उन्होंने लिखा, साल 2026 मेरे लिए किसी श्राप जैसा था. मैंने अपनी सारी नौकरियां और प्रोजेक्ट्स गंवा दिए, और सिर्फ दो हफ्तों में ही मेरी महीने की कमाई 6-फिगर वाली मोटी सैलरी से गिरकर लगभग जीरो हो गई. उन्होंने आरोप लगाया कि एआई के उदय के कारण अंततः उन्हें अपनी नौकरी गंवानी पड़ी.
उन्होंने लिखा, 'जब तक एआई की लहर नहीं आई थी, तब तक सब ठीक था. खैर, मुझे अपनी नौकरी से निकाल दिया गया क्योंकि उन्होंने एआई को प्रशिक्षित करने और नेटिव्स को काम पर रखने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने हैदराबाद स्थित एक एजेंसी में काम करना शुरू किया जो वर्तमान में तेलंगाना पर्यटन के लिए मार्केटिंग का काम संभालती है.
उन्होंने कहा कि नौकरी मिलने से उन्हें राहत तो मिली, लेकिन वेतन देखकर उन्हें झटका लगा. 'मुझे महीने में 40,000 रुपये मिल रहे हैं, जबकि मेरी पिछली नौकरी में मुझे 2 लाख रुपये मिलते थे, जो कि उससे कहीं बड़ी है. यह बात मुझे हर दिन परेशान करती है.'
मैं तेलंगाना टूरिज्म की मार्केटिंग स्ट्रैटेजी को आगे बढ़ाने वाले मुख्य लोगों में से एक हूं. पैसों की तंगी के अलावा, मेरे आस-पास के लोगों में क्रिएटिविटी की कमी है. वे बस काम के लिए काम करते हैं. न कोई लगाव, न कोई जुनून. इससे मेरा मोटिवेशन खत्म हो जाता है जबकि अब मैं अकेले 5 लोगों का काम करता हूं. मैं इसे अपने पूरे खानदान में सबसे बड़ी गिरावट मानता हूं.
एक यूजर ने इस पर रिएक्ट करते हुए लिखा, 'हममें से ज्यादातर लोग कड़ी मेहनत करते हैं और सुरक्षित रास्ता चुनते हैं, इसके पीछे एक वजह है. ज्यादा रिस्क वाले रास्तों से ज्यादा पैसे कमाने का मौका छोड़ दिया जाता है. आपने रिस्क लिया, किस्मत ने साथ दिया और सही समय पर पैसे कमाए लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होगा. हर पीढ़ी में बदलाव आते हैं और हमारी पीढ़ी के लिए AI एक बड़ा बदलाव था.
एक और यूजर ने स्थिति को सही नजरिए से देखने की कोशिश करते हुए कहा, "नहीं-नहीं भाई, आप महीने के ₹0 से ₹40 हजार कमाने लगे. अगर आपके पास ऐसी स्किल्स थीं जिनसे आपने कभी महीने के ₹2 लाख कमाए थे, तो वे स्किल्स कहीं गईं नहीं हैं. मुझे यकीन है कि आप जल्द ही फिर से उस मुकाम पर पहुंच जाएंगे.




