त्रिपुरा के युवक को कहा 'चाइनीज' और 'चिंकी, कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन पर भड़के किरेन रिजिजू; क्या माफी मांगने के बाद भी होगी कार्रवाई?
दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है, उसने एक वीडियो में त्रिपुरा के युवक का मजाक उड़ाया. वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भड़कते हुए उस पर कार्रवाई का आदेश दिया.
amir shokeen tripura youth viral video
दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में उस पर त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्लीय टिप्पणी करने, उसके शारीरिक रूप-रंग का मजाक उड़ाने और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगे हैं. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी.
वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ कॉर्डिनेट करने का निर्देश दिया है. दूसरी ओर, विवाद बढ़ने के बाद आमिर शौकीन ने माफी मांगते हुए दावा किया कि वीडियो पहले से तय था और इसे मजाक के तौर पर बनाया गया था. हालांकि, इस सफाई के बावजूद मामले में कार्रवाई की मांग उठ रही है.
किरेन रिजिजू ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आरोपी को उसके व्यवहार के लिए सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने शिकायत दर्ज कराने में हुई देरी का भी जिक्र किया. रिजिजू ने लिखा "इस बुरे आदमी को सज़ा मिलेगी. ऑफिशियल शिकायत दर्ज करने में देरी हुई लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएगी. जो लोग समाज में ऐसे बुरे व्यवहार को बर्दाश्त करते हैं, वे भी नफ़रत फैलाने के लिए ज़िम्मेदार हैं."
वायरल वीडियो में क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दिल्ली में रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है. इसमें आमिर शौकीन पर त्रिपुरा के एक युवक की क्षेत्रीय पहचान और शारीरिक बनावट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है. वीडियो में युवक खुद को त्रिपुरा का निवासी बताता दिखाई देता है. आरोप है कि शौकीन ने युवक को चाइनीज़ और चिंकी कहा. इसके अलावा, उसके रूप-रंग की तुलना पॉप स्टार माइकल जैक्सन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से करने और त्रिपुरा के पुराने नाम का गलत संदर्भ देने का भी आरोप लगाया गया है.
माफी मांगते हुए क्या बोला शौकीन?
वीडियो वायरल होने और आलोचना बढ़ने के बाद आमिर शौकीन ने माफी मांगी. उन्होंने अपनी सफाई में दावा किया कि वीडियो पहले से तय था और उसमें शामिल युवक उनका जानकार है. शौकीन के मुताबिक, वह युवक उनके एक दोस्त के कैफे में काम करता था और दोनों के बीच बातचीत मजाक के तौर पर हुई थी. उन्होंने कहा "वह वीडियो स्क्रीप्टिड थी. वह लड़का हमारे जानने वाला है. वह मेरे दोस्त के कैफे में काम करता था और ये हंसी-मजाक की वीडियो थी और उसमें आपने देखा होगा कि वो लड़का भी हंसी-मजाक कर रहा था."
उन्होंने आगे कहा "अब त्रिपुरा के लोगों को लग रहा है मैंने उनका मजाक उड़ाया है उसके लिए दिल माफी मांगता हूं और मेरा बिल्कुल भी किसी के बारे में बुरा बोलने का इरादा नहीं थी." हालांकि, वीडियो को लेकर उठे सवालों के बीच उनकी सफाई पर भी चर्चा हो रही है. मामले में आरोपों और संबंधित पक्षों के दावों के बीच अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आ सकेगा.
त्रिपुरा में किस-किस ने दर्ज कराई शिकायत?
टिपरा मोथा पार्टी की युवा इकाई, यूथ टिपरा फेडरेशन के अध्यक्ष सूरज देबबर्मा ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत त्रिपुरा के न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में दी गई है. शिकायत में आमिर शौकीन पर नस्लीय उत्पीड़न, साइबरबुलिंग और त्रिपुरा के मूल निवासियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए हैं. शिकायत के जरिए मामले में कार्रवाई की मांग की गई है.




