बिहार के शख्स ने बेंगलुरु में की पत्नी की हत्या, बेडशीट में छिपाई लाश, इतने दिन बाद जाकर खुली पोल
बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की हत्या के बाद उसका शव कई दिनों तक घर के अंदर छिपा रहा. बताया जा रहा है कि महिला के पति ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को चादर में लपेटकर घर में रख दिया और फरार हो गया. करीब पांच दिन तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हुई.
बेंगलुरु में पति ने पत्नी की हत्या कर शव छिपाया
बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की हत्या के बाद उसका शव कई दिनों तक घर के अंदर छिपा रहा. बताया जा रहा है कि महिला के पति ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को चादर में लपेटकर घर में रख दिया और फरार हो गया. करीब पांच दिन तक किसी को इस घटना की जानकारी नहीं हुई.
मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से आने वाली तेज बदबू ने पड़ोसियों को परेशान कर दिया. महिला के काम पर नहीं पहुंचने के बाद उसके सहकर्मी ने जब घर जाकर देखा तो पूरा मामला सामने आया. पुलिस अब आरोपी पति की तलाश कर रही है और हत्या की वजह जानने में जुटी है.
क्यों आए बेंगलुरु?
मृतका की पहचान बिहार निवासी रीमा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि उसके पति धीरज कुमार को पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया है. जानकारी के मुताबिक, दोनों करीब एक साल पहले नौकरी की तलाश में बेंगलुरु आए थे. वे कुम्बलगोडु थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे और गेरुपाल्या इलाके की एक फैक्ट्री में काम करते थे.पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि धीरज ने कथित तौर पर रविवार के आसपास अपनी पत्नी की हत्या की और इसके बाद बिहार स्थित अपने गांव भाग गया.
कैसे खुला मौत का राज?
रीमा कई दिनों से फैक्ट्री नहीं पहुंच रही थी. उसकी गैरमौजूदगी को लेकर एक सहकर्मी और दोस्त को चिंता हुई, जिसके बाद वह गुरुवार को उसके घर पहुंचा. वहां पहुंचते ही उसे मकान से तेज बदबू महसूस हुई.इसके बाद मकान मालिक को जानकारी दी गई. जब दरवाजा खोला गया तो अंदर रीमा का शव बेहद खराब हालत में मिला. पुलिस ने बताया कि शव को चादर में लपेटकर घर के अंदर टॉयलेट के पास रखा गया था.
क्या बताया पड़ोसियों ने?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रीमा और धीरज का व्यवहार सामान्य था. दोनों ने प्रेम विवाह किया था और बेहतर भविष्य की उम्मीद में बेंगलुरु आए थे. पड़ोसियों ने बताया कि वे रोज सुबह करीब साढ़े आठ बजे काम के लिए निकलते थे और शाम को वापस लौटते थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि उनके घर में इतनी बड़ी घटना हो चुकी है.
कहां फरार हुआ आरोपी पति?
पुलिस को शक है कि वारदात के बाद धीरज कुमार तुरंत बिहार भाग गया. उसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. मामले की जांच अभी जारी है.




