Begin typing your search...

भारत को मिला नया CDS और नौसेना प्रमुख, एनएस राजा सुब्रमणि और कृष्णा स्वामीनाथन के बारे में कितना जानते हैं आप?

सरकार ने एनएस राजा सुब्रमणि को नया CDS और कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है. जानिए दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का करियर, अनुभव और पूरी प्रोफाइल.

New CDS and Navy Chief
X
( Image Source:  @CoachSagarSinha )

सरकार ने शनिवार को बड़ा फैसला लेते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (रिटायर्ड) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. वहीं वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना का अगला प्रमुख बनाया गया है.

इन दोनों नियुक्तियों के आदेश 9 मई की सुबह जारी किए गए. सुब्रमणि 30 मई को मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान की जगह पदभार संभालेंगे. वहीं स्वामीनाथन 31 मई को एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी की जगह नौसेना प्रमुख का कार्यभार ग्रहण करेंगे.

कौन हैं जनरल सुब्रमणि?

लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि, जो सेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद से रिटायर हुए हैं, फिलहाल नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में मिलिट्री एडवाइजर के रूप में कार्य कर रहे हैं. वह 31 जुलाई 2025 को करीब 39 साल की लंबी सैन्य सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए थे. पिछले साल अगस्त में उन्हें नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजरी बोर्ड में मिलिट्री एडवाइजर नियुक्त किया गया था.

सुब्रमणि ने खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी और देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी से ट्रेनिंग हासिल की है, उन्हें दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था. इससे पहले वह लखनऊ में सेंट्रल आर्मी कमांड के कमांडर भी रह चुके हैं.

सेना के अनुसार, उन्हें पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर ऑपरेशनल परिस्थितियों की गहरी समझ और अनुभव है. उन्होंने यूके के ब्रैकनेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी पढ़ाई की है. इसके अलावा उनके पास किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री और मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री है.

सुब्रमणि ऐसे समय में CDS का पद संभालेंगे, जब रक्षा मंत्रालय में बड़े सैन्य सुधार चल रहे हैं, जिनमें थिएटराइजेशन जैसी अहम प्रक्रिया भी शामिल है. पिछले साल सितंबर में सरकार ने जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल आठ महीने के लिए बढ़ाया था.

वाइस एडमिरल स्वामीनाथन के बारे में कितना जानते हैं आप?

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन इससे पहले नौसेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ) के पद पर रह चुके हैं. वर्तमान में वह मुंबई स्थित वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख हैं. उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला; यूनाइटेड किंगडम के श्रिवेनहम स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज; करंजा स्थित कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर; और अमेरिका के न्यूपोर्ट, रोड आइलैंड स्थित यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है.

स्वामीनाथन को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था. वह कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ हैं. अपने करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिनमें नौसेना के चीफ ऑफ पर्सनल, कंट्रोलर ऑफ पर्सनल सर्विसेज और वेस्टर्न नेवल कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ शामिल हैं.

उन्होंने मिसाइल पोत INS विद्युत और INS विनाश, मिसाइल कॉर्वेट INS कुलिश, गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर INS मैसूर और एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य की कमान भी संभाली है.

रियर एडमिरल बनने के बाद उन्होंने कोच्चि स्थित सदर्न नेवल कमांड में चीफ स्टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) के रूप में काम किया और नौसेना के प्रशिक्षण ढांचे में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने इंडियन नेवल सेफ्टी टीम की स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जो नौसेना के सभी क्षेत्रों में ऑपरेशनल सुरक्षा की निगरानी करती है.

अगला लेख