शराब पिलाई, हाथ-पैर बांधकर मुंह पर लगाई टेप; कन्नड एक्ट्रेस ने ले ली अपने प्रेमी की जान
बेंगलुरु के मंजुनाथनगर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की कथित तौर पर साजिश के तहत निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में कन्नड़ अभिनेत्री समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
Kannada Actress
बेंगलुरु के मंजुनाथनगर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है. जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की कथित तौर पर साजिश के तहत निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में कन्नड़ अभिनेत्री समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
मृतक की पहचान मोहन राव के रूप में हुई है, जिनकी हत्या 18 फरवरी को की गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात प्रेम संबंधों में तनाव और शादी के फैसले को लेकर रची गई साजिश का नतीजा थी. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार अभिनेत्री उर्मिला उर्फ बिंदू कन्नड़ फिल्मों जैसे भजरंगी, पुलिस क्वार्टर्स और कालभैरवा में छोटी भूमिकाएं निभा चुकी हैं. जांच में सामने आया है कि बिंदू का मोहन राव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप था. इसी दौरान उसकी नजदीकियां विनय नामक युवक से बढ़ीं. बताया जा रहा है कि बिंदू और विनय ने शादी करने का फैसला किया था. पुलिस को शक है कि इसी फैसले के बाद दोनों ने मोहन को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
कैसे रची गई साजिश?
जांच अधिकारियों के मुताबिक, जिस घर में बिंदू और मोहन साथ रह रहे थे, वहीं पर एक पार्टी रखी गई. योजना के तहत मोहन को शराब पिलाई गई ताकि वह नशे की हालत में कमजोर हो जाए. पुलिस का कहना है कि पार्टी के दौरान ही मोहन पर घर के अंदर हमला कर दिया गया.
विनय ने अपने दोस्त धनुष की मदद से मोहन पर कई बार चाकू से वार किए. जब मोहन ने चीखने की कोशिश की, तो बिंदू ने उसके मुंह और नाक पर टेप बांध दी. इतना ही नहीं, उसके हाथ-पैर भी बांध दिए गए ताकि वह बचाव न कर सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मोहन की मौत गंभीर चोटों और दम घुटने की वजह से हुई. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. करीब 12 दिन तक यह मामला दबा रहा. पड़ोसियों को जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी. दरवाजा खोलने पर अंदर से मोहन का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.




