Bengal में वोट से पहले की सच्चाई: दादा का बीता कल, पापा को बदलाव, बेटे को भविष्य की तलाश- किसकी सोच तय करेगी सरकार?
बंगाल चुनाव में तीन पीढ़ियों की सोच टकरा रही है- दादा का अतीत, पापा का बदलाव और बेटे का भविष्य. आखिर किसकी सोच तय करेगी सत्ता का रास्ता?
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 सिर्फ राजनीतिक दलों की लड़ाई नहीं, बल्कि सोच और पीढ़ियों के टकराव की कहानी भी है. ऐसा इसलिए कि एक ही घर में दादा, पापा और बेटा अलग-अलग नजरिए से चुनाव को देख रहे हैं. दादा को सीपीआई (Marxist) के दौर की स्थिरता और सिस्टम याद आता है, पापा, तृणमूल कांग्रेस के 'बदलाव' को जरूरी मानते हैं. जबकि बेटा राजनीति से ज्यादा अपने करियर और नौकरी को लेकर चिंतित है. यही अंतर बंगाल के वोटर के दिमाग में भी साफ दिख रहा है.
पिछले 15 साल में ममता बनर्जी की सरकार ने योजनाओं के जरिए मजबूत पकड़ बनाई है, लेकिन महिला सुरक्षा, अल्पसंख्यक तुष्टिकरण, रोजगारी और राजनीतिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दे अब नई चुनौती बनकर उभरे हैं. ऐसे में सवाल यही है कि क्या इस बार भावनाएं जीतेंगी या भविष्य की जरूरतें. आखिर किसकी सोच बंगाल की सत्ता तय करेगी?
1. वाकई हर घर में चल रही है ‘तीन पीढ़ियों’ की बहस?
पश्चिम बंगाल का चुनावी माहौल इस बार सिर्फ रैलियों और रोड शो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बहस अब घरों के भीतर तक पहुंच चुकी है. एक ही परिवार में अलग-अलग पीढ़ियां अलग-अलग राजनीतिक नजरिए के साथ खड़ी हैं. बुजुर्गों की सोच अतीत के अनुभवों से जुड़ी है, मध्य पीढ़ी बदलाव और स्थिरता के बीच संतुलन तलाश रही है, जबकि युवा (जेन जैड) पूरी तरह प्रैक्टिकल होकर रोजगार और अवसर को प्राथमिकता दे रहा है. कोलकाता से लेकर मुर्शिदाबाद और उत्तर बंगाल तक, यह ट्रेंड साफ नजर आता है कि वोट देने से पहले परिवारों में चर्चा हो रही है. इतना ही नहीं, यही चर्चा चुनाव का असली नैरेटिव तय कर रही है.
2. दादा की यादों में क्या खास है?
1977 से 2011 तक कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (Marxist) के नेतृत्व में चला लेफ्ट शासन बंगाल के इतिहास का सबसे लंबा राजनीतिक अध्याय रहा. इस दौर में भूमि सुधार (ऑपरेशन बर्गा) और पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने जैसे कदम उठाए गए, जिससे ग्रामीण समाज में राजनीतिक भागीदारी बढ़ी. यही वजह है कि बुजुर्गों की यादों में वह समय 'सिस्टम और अनुशासन' का प्रतीक बन गया है.
लेकिन, यह तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है. 1990 के बाद औद्योगिक निवेश में गिरावट आई और कई बड़ी कंपनियां बंगाल से बाहर चली गईं. सिंगूर और नंदीग्राम जैसे आंदोलनों ने यह दिखाया कि विकास और जमीन के बीच टकराव ने सरकार को कमजोर किया. इसलिए दादा की यादें जहां स्थिरता को याद करती हैं, वहीं उस दौर की आर्थिक चुनौतियां भी हकीकत का हिस्सा हैं.
3. पापा के लिए ‘Change’ कितना सही?
साल 2011 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने सत्ता संभाली और “परिवर्तन” का नारा दिया. इस बदलाव ने कई सामाजिक योजनाओं को जन्म दिया, जैसे कन्याश्री, सबुज साथी, रूपश्री- जिन्होंने सीधे गरीब और मध्यम वर्ग को प्रभावित किया. मध्य पीढ़ी, यानी पापा की सोच यही कहती है कि “कम से कम सरकार ने लोगों तक पहुंच बनाई.” गांवों में सड़क, बिजली और सरकारी योजनाओं का असर दिखा. लेकिन इसके साथ ही आरोप भी सामने आए — राजनीतिक हिंसा, कट मनी, और प्रशासनिक पक्षपात जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में रहे. यही वजह है कि पापा की पीढ़ी पूरी तरह संतुष्ट भी नहीं है और पूरी तरह असंतुष्ट भी नहीं. वह बदलाव को सही मानती है, लेकिन सुधार चाहती है.
4. बेटे की प्राथमिकता सिर्फ नौकरी क्यों?
आज का युवा मतदाता विचारधारा से ज्यादा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है. बंगाल में बेरोजगारी लंबे समय से एक गंभीर मुद्दा रही है. CMIE के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में बेरोजगारी दर कई बार राष्ट्रीय औसत के आसपास या उससे अधिक रही है. लाखों युवा सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और विवादों ने उनका भरोसा कमजोर किया है.
SSC और TET भर्ती घोटालों ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया. युवा अब यह सवाल पूछ रहा है कि “सरकार कोई भी बने, नौकरी कब मिलेगी?” यही सोच चुनावी समीकरण को पूरी तरह बदल रही है, क्योंकि यह वर्ग भावनाओं से ज्यादा परिणाम पर ध्यान दे रहा है.
5. चुनाव विचारधारा नहीं, जरूरतों पर आधारित है?
बंगाल का चुनाव पहले विचारधाराओं की लड़ाई माना जाता था यानी लेफ्ट बनाम कांग्रेस. फिर TMC बनाम लेफ्ट, और अब बीजेपी बनाम TMC. लेकिन इस बार समीकरण थोड़ा अलग है. अब वोटर यह नहीं देख रहा कि कौन सी पार्टी किस विचारधारा का प्रतिनिधित्व करती है, बल्कि यह देख रहा है कि उसकी व्यक्तिगत जरूरतें कौन पूरी कर सकता है.
महिलाएं सरकारी योजनाओं के आधार पर वोटिंग का फैसला कर रही हैं, किसान सब्सिडी और सहायता योजनाओं को देख रहे हैं और युवा रोजगार के अवसर को प्राथमिकता दे रहा है. इस तरह चुनाव का फोकस “पॉलिटिक्स” से हटकर “लाइफस्टाइल और जरूरतों” पर शिफ्ट हो गया है.
6. ग्राउंड पर किसके पास बढ़त?
जमीनी हकीकत की बात करें, तो तृणमूल कांग्रेस अभी भी ग्रामीण इलाकों और महिला वोटर्स के बीच मजबूत स्थिति में है. दूसरी ओर, बीजेपी ने शहरी क्षेत्रों और सीमावर्ती जिलों में अपनी पकड़ मजबूत की है. लेफ्ट और कांग्रेस की स्थिति कमजोर जरूर है, लेकिन उनका कैडर अभी भी कई क्षेत्रों में प्रभाव रखता है. ऐसे में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन सकती है, जहां वोटों का बंटवारा परिणाम को अप्रत्याशित बना सकता है.
7. किसकी सोच तय करेगी सरकार?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किसकी सोच चुनाव परिणाम को तय करेगी. अगर बुजुर्गों की यादें और स्थिरता की चाह हावी होती है, तो लेफ्ट को कुछ फायदा मिल सकता है. अगर मध्य पीढ़ी का “बदलाव पर भरोसा” कायम रहता है, तो TMC अपनी सत्ता बचा सकती है. लेकिन अगर युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाता है, तो चुनाव पूरी तरह पलट सकता है. यही “मेमोरी कॉन्फ्लिक्ट” बंगाल के इस चुनाव को खास बनाता है. यह सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि सोच और प्राथमिकताओं की लड़ाई है, जहां हर वोट के पीछे एक अलग कहानी है.
8. घर की बहस ही बनेगी चुनाव का फैसला?
बंगाल में इस बार चुनावी नतीजे रैलियों से ज्यादा घरों में हो रही बहस तय करेगी. जब एक ही परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग सोच रखते हैं, तो वोटिंग का पैटर्न भी उसी हिसाब से बंटता है. यही कारण है कि इस बार का चुनाव अप्रत्याशित और दिलचस्प बन गया है. यह चुनाव यह भी तय करेगा कि बंगाल आगे किस दिशा में जाएगा. क्या वह अतीत की स्थिरता को चुनेगा, बदलाव के मॉडल को जारी रखेगा या फिर पूरी तरह भविष्य और रोजगार की ओर झुकेगा.
9. 'क्लब' जो कहता है, वही करो, नहीं तो...
कोलकाता निवासी और पॉलिटिक्स में एक्टिव प्रमोद राम का कहना है कि 1977 में कांग्रेस की सरकार अपनी करनी की वजह से चली गई. उसके बाद सीपीएम की सरकार आई. उसके दौर में उद्योग धंधे पूरी तरह से बंद हो गए. देश की आर्थिक वाला कोलकाता, कंगाल शहर हो गया. सीपीएम के दौर में कट मनी का दौर शुरू हुआ था. इन सबसे जनता त्रस्त हुई तो ममता दीदी को मौका दिया.
टीएमसी के 15 साल के कार्यकाल में कुछ नहीं बदला. यहां की स्थिति और ज्यादा खराब हुई. टीएमसी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना 'क्लब' बना लिया. बंगाल में यह क्लब हर मोहल्ले में है. क्लब को टीएमसी के नेताओं का संरक्षण है. उन्हीं के कार्यकर्ता इसे चलाते हैं. आप मकान बनाएं, दुकान चलाएं या कोई और कारोबार करें, सबके के लिए 'मस्तान टैक्स' देना होता है. अगर आप नहीं देंगे तो आपका मकान तोड़ दिया जाएगा. कारोबार ठप कर दिया जाएगा.
पुलिस में जाएंगे, तो थानेदार कहेगा, 'क्लब' जो कहता है, वही करो. यानी क्लब के नियम ही थानेदारों को मानना होता. टीएमसी के इस नीति से जनता त्रस्त है. इस बार प्रदेश के मतदाता सरकार को सत्ता से बाहर करने के मूड में हैं. इसलिए, "ममता दीदी का जाना तय है. दादा अब रहे नहीं, पापा इस बार विकास के लिए तो युवा रोजगार के नाम पर वोट कर रहे हैं."
10. क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
न्यूज एशिया के चीफ एडिटर संतोष मंडल का कहना है कि पश्चिम बंगाल का इस बार विधानसभा चुनाव “जनरेशन-ड्रिवन वोटिंग” का उदाहरण बन सकता है. ममता बनर्जी की वेलफेयर पॉलिटिक्स अभी भी मजबूत है, लेकिन बीजेपी ने युवा और शहरी वोटर्स में प्रभाव बढ़ाया है. वहीं, सीपीआई (Marxist) का कैडर अभी भी कुछ क्षेत्रों में सक्रिय है, जो वोट कटने का कारण बन सकता है. इस बार चुनाव का रिजल्ट इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन सा मुद्दा ज्यादा प्रभावी रहता है. सरकारी योजनाएं या रोजगार. अगर युवा मतदाता बड़ी संख्या में वोट करता है, तो परिणाम में बड़ा बदलाव संभव है. वहीं, अगर पारंपरिक वोट बैंक कायम रहता है, तो सत्ता में निरंतरता देखने को मिल सकती है. एक बात तय है इस बार जेन जैड एक्टिव मोड में हैं. वोट डालने जा रहा है.




