कीचड़ कांड मामले में भाजपा के मंत्री नितेश राणे को एक महीने की जेल, जानिए 2019 का पूरा विवाद
भाजपा नेता नितेश राणे को 2019 के चर्चित ‘कीचड़ कांड’ मामले में अदालत ने एक महीने की सजा सुनाई है. यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर अधिकारियों पर कीचड़ फेंकने की घटना हुई थी.
महाराष्ट्र की राजनीति में एक पुराना मामला एक बार फिर नए सिरे से चर्चा में आ गया है. बीजेपी नेता और मंत्री नितेश राणे को 2019 के चर्चित ‘कीचड़ कांड’ में अदालत ने दोषी ठहराते हुए एक महीने की सजा सुनाई है. इस फैसले ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है, बल्कि सत्ता और जिम्मेदारी के बीच की सीमाओं पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
यह कहानी सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन की नहीं, बल्कि उस लकीर की है जहां जनहित के नाम पर उठाई गई आवाज और कानून की मर्यादा आमने-सामने आ खड़ी होती है. मुंबई-गोवा हाईवे की खराब हालत को लेकर शुरू हुआ गुस्सा कैसे एक विवादित घटना में बदल गया और फिर अदालत तक पहुंचा. यह पूरी कहानी अब फिर सुर्खियों में है.
क्या था ‘कीचड़ कांड’? जब विरोध बना विवाद
4 जुलाई 2019 का दिन… कंकावली के गड नदी पर बना पुल… और निरीक्षण के लिए पहुंचे एनएचएआई के सब-डिविजनल इंजीनियर प्रकाश शेडेकर. सड़क की बदहाल हालत और जलभराव से नाराज नितेश राणे अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे. माहौल पहले से ही गर्म था. आरोप है कि इसी दौरान विरोध ने उग्र रूप ले लिया. अभियोजन के मुताबिक, इंजीनियर पर कीचड़ फेंका गया और उन्हें सबके सामने कीचड़ भरे पानी में चलने के लिए मजबूर किया गया. यह घटना देखते ही देखते ‘कीचड़ कांड’ के नाम से सुर्खियों में आ गई.
किन आरोपों में घिरे और कैसे बच गए बाकी?
इस मामले में नितेश राणे समेत 30 लोगों पर दंगा, हमला, सरकारी कर्मचारी को काम से रोकने और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे. लेकिन जब मामला अदालत पहुंचा, तो तस्वीर कुछ अलग निकली. सिंधुदुर्ग कोर्ट ने अधिकांश आरोपों में सबूतों की कमी बताते हुए सभी आरोपियों को बरी कर दिया. फिर भी, एक आरोप ऐसा था जो टिक गया. आईपीसी की धारा 504. अदालत ने माना कि नितेश राणे ने जानबूझकर एक सरकारी अधिकारी का अपमान किया और शांति भंग करने की स्थिति पैदा की.
अदालत ने क्या कहा? शब्द जो बन गए संदेश
अदालत के फैसले में सिर्फ सजा नहीं, बल्कि एक साफ संदेश भी छिपा था. 'भले ही राणे का मकसद खराब काम की गुणवत्ता और लोगों को हो रही परेशानी के खिलाफ आवाज उठाना था, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से किसी सरकारी अधिकारी का अपमान या उसे नीचा दिखाने का अधिकार नहीं था.' अगर इस तरह की घटनाएं लगातार होती रहीं, तो सरकारी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को गरिमा के साथ निभा नहीं पाएंगे.' अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वी. एस. देशमुख ने इस कृत्य को ‘सत्ता के दुरुपयोग’ का उदाहरण बताते हुए स्पष्ट किया कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति बड़ा नहीं होता.
क्या तुरंत जेल जाएंगे नितेश राणे?
फैसला आते ही सबसे बड़ा सवाल यही उठा. क्या नितेश राणे को तुरंत जेल जाना होगा? अदालत ने फिलहाल उनकी सजा को निलंबित कर दिया है, ताकि वे ऊपरी अदालत में अपील कर सकें. यानी फिलहाल उन्हें राहत मिली है, लेकिन कानूनी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. अदालत ने अपने फैसले में साफ कहा कि शिकायतकर्ता एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी थे, इसके बावजूद उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया. कोर्ट ने माना कि किसी अधिकारी को कीचड़ में चलने के लिए मजबूर करना सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि एक सोची-समझी बेइज्जती थी, जो कानून के दायरे में अपराध है.
क्या होगा इस फैसले का राजनीतिक असर?
नितेश राणे, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे हैं, पहले कांग्रेस में थे और अब बीजेपी का हिस्सा हैं. ऐसे में इस फैसले का असर सिर्फ अदालत तक सीमित नहीं रहने वाला. राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज है कि क्या यह मामला आने वाले समय में उनके राजनीतिक करियर पर असर डालेगा या फिर वे इसे एक कानूनी लड़ाई तक ही सीमित रख पाएंगे.




