Begin typing your search...

'ये इस्तीफा कुछ कहता है', BJP में रहकर नहीं अलग होकर अन्नामलाई बनाएंगे काम, तमिलनाडु के लिए क्या है शाह का प्लान

अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद तमिलनाडु भाजपा में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. क्या अमित शाह ने 2027 की रणनीति के तहत उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी तय की है?

Annamalai Resignation Tamil Nadu BJP Amit Shah Strategy
X

तमिलनाडु की राजनीति में के. अन्नामलाई का बीजेपी से अलग होने का फैसला केवल एक नेता के पार्टी छोड़ने की घटना नहीं माना जा रहा. यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अन्नामलाई उन चुनिंदा नेताओं में रहे जिन्होंने तमिलनाडु में बीजेपी को चर्चा के केंद्र में पहुंचाया. ऐसे में उनका बाहर जाना जितना बड़ा राजनीतिक झटका दिखता है, उतना ही बड़ा रणनीतिक संकेत भी हो सकता है. हालांकि, कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अभी अन्नामलाई ने खुद ने नहीं कहा कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है.

हालांकि, दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात और उसके बाद अमित शाह के साथ बातचीत और उसके बाद सामने आई खबरों ने इस अटकल को और मजबूत किया है कि यह सिर्फ व्यक्तिगत असंतोष की कहानी नहीं, बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नए प्रयोग की शुरुआत भी हो सकती है.

आखिर अन्नामलाई की नाराजगी की जड़ क्या थी?

अन्नामलाई लंबे समय से चाहते थे कि बीजेपी तमिलनाडु में अपने दम पर राजनीतिक लड़ाई लड़े. उनका मानना था कि पार्टी ने पिछले कुछ वर्षों में स्वतंत्र जनाधार तैयार किया है और उसे AIADMK के सहारे की जरूरत नहीं है.

लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने AIADMK के साथ गठबंधन का रास्ता चुना. रिपोर्टों के मुताबिक अन्नामलाई इस रणनीति से सहमत नहीं थे. उनका मानना था कि इससे बीजेपी की अलग पहचान कमजोर हुई और चुनावी प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ.

क्या बीजेपी ने अन्नामलाई का भविष्य सीमित कर दिया था?

सूत्रों के मुताबिक अन्नामलाई को राज्यसभा सीट और राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका देने की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया. उनकी प्राथमिकता दिल्ली की राजनीति नहीं बल्कि तमिलनाडु में सक्रिय भूमिका निभाना की है.

यही वजह है कि जब उन्हें लगा कि राज्य की राजनीति में उनकी भूमिका सीमित हो रही है, तब उन्होंने अलग रास्ता चुनने का मन बनाया.

क्या नई पार्टी बनाना ही अगला कदम है?

कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अन्नामलाई अगले कुछ महीनों में एक नई राजनीतिक पार्टी या व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत कर सकते हैं. उनकी "Dravidian 2.0" की सोच को एक ऐसे मॉडल के रूप में देखा जा रहा है जो तमिल पहचान और राष्ट्रीय दृष्टिकोण के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेगा. बताया जा रहा है कि वह पहले सामाजिक संगठन और नेटवर्क तैयार करेंगे, फिर उसे राजनीतिक स्वरूप देंगे.

क्या अमित शाह का प्लान BJP से बड़ा हो सकता है?

इस बीच राजनीतिक गलियारों में एक दिलचस्प चर्चा यह भी है कि बीजेपी नेतृत्व अन्नामलाई को पूरी तरह खोना नहीं चाहता. अमित शाह और शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें मनाने की कोशिश भी की है. लेकिन यदि अन्नामलाई अंततः अलग राह चुनते हैं, तो एक संभावना यह भी मानी जा रही है कि बीजेपी तमिलनाडु में दो-स्तरीय रणनीति पर काम करे.

एक तरफ AIADMK के साथ गठबंधन के जरिए पारंपरिक वोट बैंक को साधना. दूसरी तरफ अन्नामलाई जैसे लोकप्रिय चेहरे के जरिए उन मतदाताओं तक पहुंचना जो बीजेपी या AIADMK से दूरी रखते हैं. हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह चर्चा जरूर है.

क्या विजय की सफलता ने नया रास्ता दिखाया?

तमिलनाडु में अभिनेता-राजनेता Vijay की राजनीतिक सफलता ने यह साबित किया कि राज्य में DMK और AIADMK के अलावा भी नए राजनीतिक विकल्प के लिए जगह मौजूद है.

अन्नामलाई को भी लगता है कि तमिलनाडु में एक ऐसा वर्ग है जो DMK से नाराज है, AIADMK को कमजोर मानता है. ऐसा वर्ग बीजेपी से वैचारिक दूरी रखता है और कांग्रेस में जाना नहीं चाहता. यही राजनीतिक स्पेस उनकी नई राजनीति का आधार बन सकता है.

क्या BJP को नुकसान होगा?

तमिल राजनीति के जानकार और प्रोफेसर ईश्वर करुण का कहना है कि अल्पकाल में इसका जवाब "हां" हो सकता है. ऐसा इसलिए कि अन्नामलाई तमिलनाडु बीजेपी का सबसे लोकप्रिय चेहरा रहे हैं. युवाओं, सोशल मीडिया और शहरी मतदाताओं में उनकी मजबूत पकड़ रही है. उनके साथ कुछ स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी जा सकते हैं. लेकिन बीजेपी की उम्मीद यह होगी कि AIADMK गठबंधन के जरिए वह संगठनात्मक नुकसान की भरपाई कर ले.

अन्नामलाई तमिलनाडु की राजनीति के नए ध्रुव बन सकते हैं?

यह अभी सबसे बड़ा सवाल है. अन्नामलाई के पास लोकप्रियता, साफ छवि और जनसंपर्क क्षमता है. लेकिन नई पार्टी बनाना और उसे चुनावी सफलता दिलाना दो अलग-अलग चुनौतियां हैं.

फिलहाल, इतना जरूर कहा जा सकता है कि उनका इस्तीफा केवल एक राजनीतिक विदाई नहीं है. यह तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरणों की शुरुआत का संकेत भी हो सकता है. यदि अन्नामलाई अपनी नई राजनीतिक जमीन तैयार करने में सफल होते हैं, तो आने वाले वर्षों में तमिलनाडु की लड़ाई केवल DMK बनाम AIADMK नहीं रहेगी, बल्कि उसमें एक नया खिलाड़ी भी मजबूती से दिखाई दे सकता है.

Politicsअमित शाह
अगला लेख