दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद गिरफ्तार किए गए होटल मालिक लवकेश बजाज का एक कथित बयान चर्चा का विषय बन गया. पूछताछ के दौरान उसने कहा, "दिल्ली में सब चलता है." आरोप है कि होटल बिना जरूरी फायर एनओसी और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहा था. होटल मालिक ने अपने बचाव में दावा किया कि अवैध निर्माण और कमरों में किए गए बदलाव उसके मैनेजर या अन्य लोगों ने कराए थे और उसे इसकी जानकारी नहीं थी. इस मामले में केवल होटल मालिक ही नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं. आरोप है कि स्थानीय पुलिस, फायर सेफ्टी विभाग, नगर निगम (MCD) और अन्य जिम्मेदार एजेंसियों की लापरवाही या अनदेखी के कारण होटल वर्षों तक नियमों के विपरीत चलता रहा. वहीं, अवैध निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अधिक मुनाफा कमाने की लालच को भी हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर अदालत से रिमांड हासिल कर ली है, लेकिन सवाल यह बना हुआ है कि क्या इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों और विभागों पर भी कार्रवाई होगी.