कैसे करें Amarnath Yatra 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन, किस आधार पर होगी बुकिंग? F&Q से जानें हर सवाल का जवाब
भारत की सबसे पवित्र तीर्थयात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी चुका है. इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगी.
अमरनाथ यात्रा 2026
Amarnath Yatra 2026: भारत की सबसे पवित्र तीर्थयात्राओं में शामिल अमरनाथ यात्रा 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी चुका है. इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगी. खास बात यह है कि इस बार यात्रा की अवधि 57 दिनों की होगी, जो पिछले सालों के मुकाबले अधिक लंबी है और इससे अधिक श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलेगा.
हर साल लाखों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर अमरनाथ गुफा तक पहुंचते हैं. यह यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक और साहसिक अनुभव भी होती है.
सवाल: कब शुरू होगा पंजीकरण?
जवाब: अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हो गया है. श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं. पंजीकरण श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और देशभर की 550 से अधिक बैंक शाखाओं के माध्यम से किया जा सकेगा. इन बैंकों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक और एक्सिस बैंक शामिल हैं.
सवाल: किस आधार पर होगी बुकिंग?
जवाब: यात्रा के लिए बुकिंग "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर की जाएगी. प्रत्येक दिन के लिए सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को अनुमति दी जाएगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द पंजीकरण कर लें, क्योंकि किसी भी तिथि के लिए स्लॉट सात दिन पहले ही बंद कर दिए जाएंगे.
सवाल: कौनसे नियम किए लागू?
जवाब: स्वास्थ्य से जुड़े सख्त नियम लागू किए गए हैं. केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्ति ही यात्रा के लिए पात्र होंगे. 6 सप्ताह से अधिक की गर्भवती महिलाएं यात्रा में शामिल नहीं हो सकेंगी. सभी श्रद्धालुओं के लिए अधिकृत डॉक्टर या मेडिकल संस्थान द्वारा जारी अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र (CHC) जमा करना जरूरी होगा, जो 8 अप्रैल 2026 के बाद जारी किया गया हो. अंतिम परमिट जारी करने से पहले इस प्रमाण पत्र का सत्यापन किया जाएगा.
सवाल: क्यों दिया जाएगा RFID कार्ड?
जवाब: पंजीकरण पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को सिस्टम द्वारा जनरेट किया गया यात्रा परमिट मिलेगा, जिसमें यात्रा की तारीख, मार्ग और प्रवेश समय का विवरण होगा. इसके अलावा, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक यात्री को एक RFID कार्ड भी दिया जाएगा, जिससे उनकी यात्रा के दौरान रियल टाइम ट्रैकिंग संभव होगी.
सवाल: कौनसे है 2 प्रमुख मार्ग?
जवाब: पहलगाम मार्ग और बाल्टल मार्ग
सवाल: कौनसी हैं नई सुविधाएं?
जवाब: इस साल श्राइन बोर्ड ने कई नई सुविधाओं की घोषणा की है. बाल्टल मार्ग पर बेहतर बिजली और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, ट्रैकिंग मार्ग को और सुगम बनाया जाएगा. साथ ही टट्टू, पालकी और कुलियों के लिए प्री-पेड बुकिंग सिस्टम लागू किया जाएगा. बाल्टल, नुनवान, श्रीनगर और चंदरकोट जैसे प्रमुख ठहराव स्थलों पर आवास सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके.
सवाल: कितने लाख का बीमा कवर?
जवाब: सभी पंजीकृत तीर्थयात्रियों को ₹5 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाएगा, जैसा कि रजिस्ट्रेशन फॉर्म में उल्लेखित है. इसके अलावा पर्वतीय बचाव दल और आपदा राहत बल को आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
सवाल: यात्रा से संबंधित जानकारी कैसे प्राप्त करें?
जवाब: यात्रा से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए श्रद्धालु ithelpdesksasb1@gmail.com या ithelpdesksasb2@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं.




