दिल्ली में खत्म सुहाना मौसम, सताने लगी गर्मी! यूपी-बिहार में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट; जानें अपने राज्य का हाल
देश के कई हिस्सों में 9 मई को मौसम अचानक बदलने वाला है. यूपी, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है.
इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों को खूब परेशान कर रखा है. लोग घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं. लेकिन अच्छी खबर यह है कि मौसम विभाग ने कई राज्यों में राहत भरी खबर दी है. 9 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कुल 17 राज्यों में आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान हवाएं 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो बहुत तेज होती हैं. इसलिए हर किसी को सावधानी बरतनी चाहिए. खासकर पूर्वी भारत के राज्यों में बिजली गिरने का खतरा ज्यादा है.
पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने वाला है. अगर आप कहीं यात्रा पर जा रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जरूर देख लें, नहीं तो बीच रास्ते में भारी मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है. कुछ जगहों पर भारी बारिश होने से किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के साइक्लोनिक सिस्टम की वजह से यह सब हो रहा है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में कुछ दिनों की लगातार बारिश से सुहाना मौसम था, लेकिन बीते 8 मई को 40.1°C दर्ज किया गया. रात और सुबह के समय तापमान 22°C - 26°C के बीच रहा. 9 मई को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. यहां अभी भी गर्मी का प्रकोप बना रहेगा. दिन में लू जैसी गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को काफी परेशानी होगी. इसलिए धूप में निकलते समय छाता, पानी की बोतल और हल्के कपड़े साथ रखें. तापमान: दिन का अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में 9 से 11 के बीच में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. खासकर नोएडा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, बांदा, फतेहपुर और प्रयागराज जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. लखनऊ: अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार और झारखंड
बिहार में भी भारी बारिश, आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सिवान, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय जिलों में खास सावधानी बरतनी होगी. पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. झारखंड में भी कई जगहों पर भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है. हजारीबाग, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में भारी बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रांची: अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
उत्तराखंड में 11 मई तक येलो अलर्ट जारी है, लेकिन 9 मई को भी मौसम खराब रहने की संभावना है. हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी भी चल सकती है. देहरादून: अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा. हिमाचल में भी 11 मई तक येलो अलर्ट है। शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा में मध्यम से तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. मनाली: अधिकतम तापमान सिर्फ 13 डिग्री और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.




