2 नवंबर को मन्नत के बाहर नहीं होगा जश्न, बर्थडे पर फैंस को नहीं दिखेंगे Shah Rukh Khan, जानें क्या है वजह
शाहरुख खान के बर्थडे यानी 2 नवंबर का दिन किंग खान के फैंस त्योहार की तरह मनाते हैं. इस दिन शाहरुख मन्नत की बालकनी से फैंस को ग्रीट करते हैं, लेकिन इस बार बिजी शेड्यूल के चलते ऐसा नहीं होगा.
शाहरुख खान का जन्मदिन उनके चाहने वालों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता है. हर साल 2 नवंबर को देश-विदेश से फैंस मुंबई पहुंचते हैं, ताकि अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पा सकें. सबकी नजरें उनके घर मन्नत की बालकनी पर टिकी रहती हैं, जहां से शाहरुख अक्सर हाथ हिलाकर अपने चाहने वालों का ग्रीट करते हैं.
लेकिन इस बार फैंस को निराशा हाथ लग सकती है. खबरों के मुताबिक, एक्टर की टीम ने जन्मदिन पर होने वाले SRKDAY को कैंसिल करने का फैसला लिया है. इसका कारण शाहरुख की फिल्म किंग बताई जा रही है.
क्यों नहीं होगा शाहरुख खान का बर्थडे सेलिब्रेशन?
ETimes की रिपोर्ट के मुताबिक, Siasat ने बताया है कि शाहरुख खान की टीम ने फैन क्लबों को इस बार SRKDAY नहीं मनाने की जानकारी दी है. इसकी वजह उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ बताई जा रही है. दरअसल, शाहरुख इन दिनों फिल्म की शूटिंग और उसे पूरा करने में बिजी हैं. ऐसे में उनके पास जन्मदिन पर होने वाले बड़े कार्यक्रम की तैयारी के लिए समय निकालना मुश्किल हो रहा है.
रिनोवेशन भी है कारण
शाहरुख खान के घर ‘मन्नत’ में काफी लंबे समय से मरम्मत का काम चालू है. यह बंगला करीब 112 साल पुराना है. घर में काम चलने के कारण शाहरुख और उनका परिवार फिलहाल दूसरी जगह रह रहा है. इसलिए भी शाहरुख अपने बर्थडे पर इस साल फैंस से नहीं मिल पाएंगे.
कब मिलेंगे किंग खान?
भले ही इस बार शाहरुख खान के जन्मदिन पर बड़ा इवेंट नहीं होगा, लेकिन फैंस के लिए एक उम्मीद अभी भी बाकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी टीम किसी बड़ी जगह पर फैंस से मिलने का कार्यक्रम रखने के बारे में सोच रही है. कोशिश है कि फिल्म ‘किंग’ रिलीज होने से पहले शाहरुख अपने चाहने वालों से मिल सकें. हालांकि, अभी तक मिलने की तारीख और जगह को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
कब रिलीज होगी फिल्म ‘किंग’ रिलीज?
शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर भी नजर आएंगे. अब फैंस को 2 नवंबर को शाहरुख की एक झलक मिलने का इंतजार है. साथ ही, उन्हें उम्मीद है कि फिल्म रिलीज होने से पहले शाहरुख उनसे मिलने के लिए कोई खास इवेंट रख सकते हैं.




